Tripura Floods: त्रिपुरा में लगातार हो रही भारी बारिश और बाढ़ ने स्थिति को बेहद गंभीर बना दिया है। बाढ़ के कारण अब तक 22 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि दो अन्य लोग लापता हैं। राज्य में बुनियादी ढांचे, फसलों और पशुधन को भी भारी नुकसान हुआ है। हालात इतने बिगड़ गए हैं कि 65,400 लोगों ने 450 राहत शिविरों में शरण ले ली है, क्योंकि बारिश और बाढ़ के कारण उनके घरों को भारी नुकसान पहुंचा है।
अब तक 22 लोगों की मौत
बाढ़ से करीब 17 लाख लोग प्रभावित हुए हैं, जिससे पूरे राज्य में जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। मुख्यमंत्री माणिक साहा ने बाढ़ में जान गंवाने वाले लोगों के परिवारों के लिए 10 लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है। केंद्र सरकार ने भी त्रिपुरा की स्थिति को देखते हुए बाढ़ राहत के लिए 40 करोड़ रुपये जारी करने की मंजूरी दी है।
भूस्खलन से प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया
इस आपदा के बाद, राज्य में राहत कार्यों के लिए सेना को भी बुलाया गया है। सैनिकों ने जीवनरक्षक नौकाओं की मदद से बाढ़ और भूस्खलन से प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया। अधिकारियों का कहना है कि स्थिति पर काबू पाने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।