Honey Singh: पंजाब में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान को लेकर नया विवाद सामने आया है। मशहूर रैपर Yo Yo Honey Singh हाल ही में बीजेपी के एंटी ड्रग कैंपेन से जुड़े, जिसके बाद पंजाबी सिंगर Jasbir Jassi ने इस फैसले पर खुलकर नाराजगी जाहिर की है। जस्सी ने सवाल उठाते हुए कहा कि जिस कलाकार का नाम कभी ड्रग्स विवादों से जुड़ा रहा, उसे ही युवाओं को नशे से बचाने का चेहरा बनाना समझ से परे है।
बीजेपी नेताओं से मिले हनी सिंह
हाल ही में Yo Yo Honey Singh ने बीजेपी के राष्ट्रीय महासचिव Tarun Chugh से मुलाकात की। इस दौरान पंजाब में बढ़ते नशे के मामलों को लेकर चर्चा हुई। मुलाकात के बाद हनी सिंह ने कहा कि ड्रग्स की वजह से पंजाब की युवा पीढ़ी और परिवार बुरी तरह प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि राज्य को इस समस्या से बाहर निकालने के लिए सभी को मिलकर काम करना होगा।
हनी सिंह का कहना था कि पंजाब के युवाओं को सही दिशा देने और उन्हें नशे से दूर रखने के लिए जागरूकता अभियान बेहद जरूरी है। इसी उद्देश्य से वे इस एंटी ड्रग कैंपेन से जुड़े हैं।
जसबीर जस्सी ने जताई नाराजगी
इस पूरे मामले पर Jasbir Jassi ने तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि वह आमतौर पर राजनीतिक मुद्दों पर बयान देने से बचते हैं, क्योंकि राजनीति के कई पहलू होते हैं और हर बात की पूरी जानकारी होना जरूरी होता है। लेकिन जब बात पंजाब और वहां के युवाओं की हो, तो वह चुप नहीं रह सकते।
जस्सी ने कहा कि उन्होंने सोशल मीडिया पर Tarun Chugh की पोस्ट देखी, जिसमें हनी सिंह को पंजाब के एंटी ड्रग अभियान से जोड़ने की जानकारी दी गई थी। इसे देखकर उन्हें काफी दुख हुआ।
“जिसने युवाओं को नशे की तरफ धकेला…”
जसबीर जस्सी ने कहा कि जिन कलाकारों का नाम पहले नशे की संस्कृति को बढ़ावा देने से जुड़ा रहा, उन्हें अब नशा विरोधी अभियान का चेहरा बनाना गलत संदेश देता है। उनके मुताबिक इससे ऐसा लगता है कि पंजाब के लोगों की भावनाओं को समझा नहीं जा रहा।
उन्होंने कहा कि इस फैसले से ऐसा प्रतीत होता है कि पंजाब के मुद्दों को गंभीरता से नहीं लिया जा रहा। जस्सी ने यह भी कहा कि हो सकता है उनके इस बयान से उन्हें नुकसान उठाना पड़े, लेकिन पंजाब के हित में वह अपनी बात जरूर रखेंगे।
हनी सिंह का रहा है विवादों से नाता
गौरतलब है कि Yo Yo Honey Singh खुद पहले ड्रग्स की लत का शिकार रह चुके हैं। इस वजह से उनका करियर भी काफी प्रभावित हुआ था। कई सालों तक वह इंडस्ट्री से दूर रहे। बाद में उन्होंने खुद स्वीकार किया था कि नशे की आदत छोड़ने में उन्हें करीब आठ साल का समय लगा।
अब हनी सिंह खुद नशे के खिलाफ जागरूकता फैलाने की बात कर रहे हैं। हालांकि, उनके इस नए रोल को लेकर लोगों की अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। कुछ लोग इसे सकारात्मक बदलाव मान रहे हैं, जबकि कुछ इसे विवादित फैसला बता रहे हैं।

