K. Annamalai: तमिलनाडु भाजपा के पूर्व अध्यक्ष के. अन्नामलाई की दिल्ली यात्रा ने एक बार फिर उनके राजनीतिक भविष्य को लेकर चर्चाओं को तेज कर दिया है। बीजेपी छोड़ने और नई पार्टी बनाने की अटकलों के बीच अन्नामलाई ने पार्टी मुख्यालय में बीजेपी नेतृत्व के साथ महत्वपूर्ण बैठक की, जिससे उनके अगले राजनीतिक कदम को लेकर उत्सुकता बढ़ गई है।
अन्नामलाई की दिल्ली यात्रा और बीजेपी नेतृत्व से मुलाकात
सूत्रों के मुताबिक, अन्नामलाई ने पार्टी मुख्यालय में बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और संगठन महामंत्री बीएल संतोष से मुलाकात की। इस बैठक में उनके नए रोल और भविष्य की जिम्मेदारियों को लेकर चर्चा हुई। पार्टी नेतृत्व की ओर से उन्हें यह संदेश दिया गया कि उनकी क्षमता और प्रदर्शन के अनुसार उन्हें पहले भी जिम्मेदारियां दी गई हैं और आगे भी इसी आधार पर नई भूमिका तय की जाएगी।
क्या राज्यसभा जाएंगे अन्नामलाई?
अन्नामलाई की दिल्ली यात्रा ऐसे समय में हो रही है जब उनके राजनीतिक भविष्य और संभावित नई जिम्मेदारी को लेकर चर्चाएं तेज हैं। सूत्रों के अनुसार, पार्टी के भीतर उन्हें राज्यसभा भेजे जाने की संभावनाओं पर भी चर्चा हो रही है। इसके अलावा, बीजेपी छोड़कर नई राजनीतिक पार्टी बनाने की चर्चाएं भी लगातार सामने आ रही हैं।
हालांकि, दिल्ली रवाना होने से पहले अन्नामलाई ने इन अटकलों पर खुलकर कुछ भी कहने से बचते हुए केवल इतना कहा कि “कृपया प्रतीक्षा करें, हम दो दिन में बैठकर बात करेंगे।” उनकी इस टिप्पणी के बाद संभावित घोषणा को लेकर राजनीतिक गलियारों में उत्सुकता और बढ़ गई है।
पूर्व IPS अधिकारी से बीजेपी के बड़े चेहरे तक अन्नामलाई का सफर
पूर्व IPS अधिकारी रहे अन्नामलाई ने वर्ष 2020 में बीजेपी जॉइन की थी। बहुत कम समय में उन्होंने खुद को तमिलनाडु बीजेपी के सबसे प्रमुख नेताओं में शामिल कर लिया। 2021 से 2025 तक राज्य भाजपा अध्यक्ष के रूप में उन्होंने कई बड़े अभियानों का नेतृत्व किया और युवाओं तथा सोशल मीडिया पर मजबूत लोकप्रियता हासिल की।
बीजेपी छोड़ने की चर्चा क्यों तेज हुई? जानिए वजह
2026 तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के बाद उनके भविष्य को लेकर सवाल और बढ़ गए। बीजेपी के सबसे लोकप्रिय चेहरों में शामिल होने के बावजूद उन्होंने चुनाव नहीं लड़ा, जिससे राजनीतिक विश्लेषकों के बीच कई तरह के कयास शुरू हुए।
इसके अलावा, कक्षा नौ के छात्रों के लिए त्रिभाषा नीति को आगे बढ़ाने के केंद्र सरकार के फैसले पर उनकी हालिया आलोचना ने भी राजनीतिक बहस को हवा दी। इस बयान के बाद पार्टी नेतृत्व के साथ उनके संबंधों को लेकर नई अटकलें शुरू हो गईं।
अन्नामलाई का अगला कदम क्या होगा?
फिलहाल सभी की नजरें अन्नामलाई के अगले बयान और बीजेपी नेतृत्व के फैसले पर टिकी हुई हैं। क्या उन्हें राज्यसभा भेजा जाएगा, कोई नई संगठनात्मक जिम्मेदारी मिलेगी या फिर राजनीतिक रूप से कोई बड़ा फैसला सामने आएगा, इसका जवाब आने वाले दिनों में साफ हो सकता है।

