12 June movie releases: सिनेमा के दीवानों के लिए 12 जून का दिन बेहद खास होने वाला है। इस शुक्रवार को बड़े पर्दे पर एक-दो नहीं, बल्कि पूरी 9 फिल्में एक साथ दस्तक देने के लिए तैयार हैं। इस लिस्ट में बॉलीवुड की बड़ी कल्ट फिल्मों से लेकर हॉलीवुड की बेहतरीन कड़ियां तक शामिल हैं। दिलचस्प बात यह है कि सिनेमाघरों में रिलीज हो रही ये सभी फिल्में पूरी तरह से अलग-अलग जॉनर की हैं। दर्शकों को इस वीकेंड पर हॉरर, रोमांटिक ड्रामा से लेकर हाई-वोल्टेज पॉलिटिकल ड्रामा तक का बेजोड़ कॉकटेल देखने को मिलेगा। यानी इस बार आपके पास थियेटर्स में जाकर अपनी पसंद की फिल्म चुनने के ढेरों विकल्प मौजूद हैं।
कंगना रनौत की नई फिल्म की चर्चा
इस शुक्रवार रिलीज हो रही सभी फिल्मों में जिस फिल्म की सबसे ज्यादा हाइप और चर्चा है, वह है कंगना रनौत स्टारर ‘भारत भाग्य विधाता’। मनोज तापड़िया के लेखन और निर्देशन में बनी यह फिल्म मुंबई में हुए दर्दनाक आतंकी हमलों के दौरान एक स्टाफ नर्स के अद्वितीय योगदान और वीरता की सच्ची कहानी को रुपहले पर्दे पर लाती है। यह फिल्म उन हेल्थकेयर वर्कर्स (स्वास्थ्य कर्मियों) को एक बड़ी श्रद्धांजलि है, जिन्होंने मौत के साए में भी मरीजों की जान बचाई। फिल्म में कंगना के साथ गिरिजा ओक, स्मिता तांबे, अमृता नामदेव और जाहिद खान जैसे मंझे हुए कलाकार मुख्य किरदारों में नजर आने वाले हैं।
इम्तियाज अली का रोमांटिक ड्रामा
रोमांटिक और जज्बाती फिल्मों के शौकीनों के लिए जाने-माने डायरेक्टर इम्तियाज अली अपनी नई कल्ट लव स्टोरी ‘मैं वापस आऊंगा’ लेकर हाजिर हो रहे हैं। यह एक बेहद इमोशनल और कई पीढ़ियों को आपस में जोड़ती प्रेम कहानी है, जो यादों, तड़प और अधूरे प्यार के इर्द-गिर्द बुनी गई है। फिल्म के मुख्य केंद्र में दिग्गज अभिनेता नसीरुद्दीन शाह का किरदार है, जो देश के विभाजन का दर्द झेल चुके एक बुजुर्ग की भूमिका में हैं। उनकी धुंधली यादें उन्हें 1947 के उस दौर में ले जाती हैं, जहां से दो युवा दिलों की धड़कनें जुड़ी थीं। फिल्म में दिलजीत दोसांझ, वेदांग रैना और शरवरी वाघ जैसे युवा सितारे मुख्य भूमिकाओं में समां बांधते दिखेंगे।
मनोज बाजपेयी का दमदार पॉलिटिकल ड्रामा
बॉलीवुड के सबसे वर्सटाइल अभिनेताओं में शुमार मनोज बाजपेयी एक बार फिर एक बेहद संवेदनशील और गंभीर विषय के साथ दर्शकों के बीच आ रहे हैं। उनकी बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘गवर्नर: द साइलेंट सेवियर’ 12 जून को रिलीज हो रही है। चिन्मय डी. मांडलेकर के कुशल निर्देशन में बनी यह फिल्म 1990 के दशक की शुरुआत में भारत पर मंडराए भीषण आर्थिक संकट की पृष्ठभूमि पर आधारित है। फिल्म में मनोज बाजपेयी ने भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) के पूर्व गवर्नर एस. वेंकिटरमणन का मुख्य किरदार जीवंत किया है, और यह दिखाया गया है कि कैसे उन्होंने सूझबूझ से देश को दिवालिया होने और आर्थिक बर्बादी से बचाया था। इस शुक्रवार को होने वाला यह सिनेमाई टकराव वाकई देखने लायक होगा।

