Ramayan Trailer: नितेश तिवारी की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘रामायण’ का ट्रेलर रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर इसकी जमकर चर्चा शुरू हो गई। जहां एक ओर कई दर्शकों और फिल्मी हस्तियों ने ट्रेलर की भव्यता और विजुअल्स की तारीफ की, वहीं दूसरी ओर कुछ लोगों ने इसके कई पहलुओं पर सवाल भी उठाए। इसी कड़ी में शिवसेना (UBT) की नेता और पूर्व सांसद प्रियंका चतुर्वेदी ने भी फिल्म के ट्रेलर पर अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट साझा करते हुए कहा कि ट्रेलर उनकी उम्मीदों पर खरा नहीं उतरा और दूरदर्शन की क्लासिक ‘रामायण’ आज भी सबसे प्रभावशाली प्रस्तुति बनी हुई है।
रामायण ट्रेलर पर प्रियंका चतुर्वेदी की प्रतिक्रिया
रामायण ट्रेलर को लेकर प्रियंका चतुर्वेदी ने अपनी पोस्ट में फिल्म की कई कमियों का जिक्र किया। उन्होंने लिखा कि अब उन्हें समझ में आया कि फिल्म का प्रोमो लंबे समय तक सार्वजनिक क्यों नहीं किया गया, क्योंकि यह उस स्तर की चर्चा के योग्य नहीं लगा जिसकी उम्मीद की जा रही थी।
उन्होंने आगे लिखा कि फिल्म में गलत कास्टिंग, अभिनय से ज्यादा VFX पर निर्भरता, अजीबोगरीब कॉस्ट्यूम और औसत संगीत जैसी कमियां दिखाई देती हैं। प्रियंका का कहना था कि दूरदर्शन पर प्रसारित रामानंद सागर की ‘रामायण’ आने वाली पीढ़ियों तक लोगों के दिलों में अपनी जगह बनाए रखेगी।
रामायण फिल्म का ट्रेलर
नितेश तिवारी की रामायण अपने विशाल बजट और दमदार स्टारकास्ट की वजह से पहले से ही सुर्खियों में है। ट्रेलर में रणबीर कपूर भगवान श्रीराम के किरदार में नजर आए हैं, जबकि साई पल्लवी माता सीता की भूमिका निभा रही हैं। यश रावण, सनी देओल हनुमान, लारा दत्ता कैकेयी, रकुल प्रीत सिंह शूर्पणखा, रवि दुबे लक्ष्मण और अरुण गोविल राजा दशरथ के किरदार में दिखाई दिए हैं।
ट्रेलर में हाई-एंड VFX, विशाल सेट और भव्य कॉस्ट्यूम्स देखने को मिले। हालांकि, सोशल मीडिया पर कुछ दर्शकों ने इन विजुअल्स की तारीफ की, जबकि कुछ ने इन्हें जरूरत से ज्यादा कृत्रिम और भव्य बताया। फिल्म को लेकर दर्शकों की राय फिलहाल बंटी हुई नजर आ रही है।
रामायण पर नितेश भारद्वाज की राय
जहां प्रियंका चतुर्वेदी ने ट्रेलर की आलोचना की, वहीं टीवी के लोकप्रिय धारावाहिक ‘महाभारत’ में भगवान श्रीकृष्ण की भूमिका निभाने वाले नितेश भारद्वाज ने फिल्म की खुलकर सराहना की। उन्होंने ट्रेलर देखने के बाद कहा कि यह फिल्म अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बना सकती है और इसमें ऑस्कर तक पहुंचने की क्षमता है।
उन्होंने रणबीर कपूर के अभिनय की भी प्रशंसा की और उन्हें एक बेहतरीन कलाकार बताया। साथ ही उन्होंने रणबीर को सलाह दी कि वे भविष्य में ‘एनिमल’ जैसी फिल्मों से दूरी बनाकर अपनी प्रतिभा को ऐसे ही सार्थक किरदारों में प्रस्तुत करें।
रामायण रिलीज डेट और बजट
रामायण फिल्म रिलीज डेट की बात करें तो निर्माता नमित मल्होत्रा इस महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट को दो भागों में दर्शकों के सामने लाने वाले हैं। फिल्म का पहला भाग दिवाली 2026 पर रिलीज किया जाएगा, जबकि दूसरा भाग दिवाली 2027 के अवसर पर सिनेमाघरों में आएगा।
करीब 4000 करोड़ रुपये के अनुमानित बजट में तैयार की जा रही इस फिल्म को भारतीय सिनेमा की सबसे महंगी फिल्मों में गिना जा रहा है। मेकर्स का दावा है कि फिल्म में अत्याधुनिक तकनीक, विश्वस्तरीय VFX और भव्य प्रोडक्शन का इस्तेमाल किया गया है। अब देखना दिलचस्प होगा कि रिलीज के बाद यह फिल्म दर्शकों और समीक्षकों की उम्मीदों पर कितनी खरी उतरती है।

