BJP Mission 2027: भारतीय जनता पार्टी ने मिशन-2027 की तैयारियों के बीच गुरुवार को विभिन्न मोर्चों की प्रदेश टीम का ऐलान किया। पार्टी ने महिला मोर्चा, किसान मोर्चा और अनुसूचित मोर्चा के पदाधिकारियों की घोषणा की है। इसके साथ ही ओबीसी मोर्चा, महिला मोर्चा और अनुसूचित मोर्चा के क्षेत्रीय अध्यक्षों के नाम भी सामने आए हैं।
उमेश पाल की पत्नी को OBC मोर्चा में मिली जिम्मेदारी
प्रयागराज के चर्चित उमेश पाल हत्याकांड के बाद सुर्खियों में आईं उनकी पत्नी जया पाल को भाजपा ने ओबीसी मोर्चा की प्रदेश मंत्री की जिम्मेदारी दी है। उमेश पाल की 24 फरवरी 2023 को हत्या कर दी गई थी। जया पाल पिछले कुछ समय से भाजपा संगठन की गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभा रही थीं। पार्टी की ओर से जारी नई टीम में उन्हें प्रदेश स्तर पर जिम्मेदारी दी गई है।
पूजा बिंद भी प्रदेश मंत्री नियुक्त
ओबीसी मोर्चा की प्रदेश टीम में पूजा बिंद को भी प्रदेश मंत्री बनाया गया है। नैनी की रहने वाली पूजा बिंद इससे पहले प्रांतीय परिषद और भाजपा के विभिन्न संगठनात्मक अभियानों में सक्रिय भागीदारी कर चुकी हैं। नई जिम्मेदारी के साथ अब उनकी भूमिका प्रदेश स्तर के संगठनात्मक कामकाज में बढ़ेगी।
अनीता सिंह को प्रदेश महामंत्री की कमान
महिला आयोग की पूर्व सदस्य अनीता सिंह को भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश महामंत्री बनाया गया है। वह इससे पहले महिला मोर्चा काशी क्षेत्र की अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाल चुकी हैं। पार्टी संगठन में उनके पूर्व अनुभव को देखते हुए उन्हें प्रदेश टीम में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिली है।
सामाजिक समीकरण पर पार्टी का फोकस
भाजपा की नई मोर्चा टीम में अलग-अलग सामाजिक वर्गों और समुदायों को प्रतिनिधित्व देने की कोशिश दिखाई देती है। पार्टी ने ओबीसी, किसान, महिला और अनुसूचित मोर्चों के जरिए विभिन्न सामाजिक समूहों को संगठन में स्थान दिया है। प्रदेश टीम में कुर्मी समाज के साथ-साथ लोध, जाट, गुर्जर, मौर्य, शाक्य, सैनी, कुशवाह, बिंद, निषाद, पाल, साहू, विश्वकर्मा और राजभर समेत कई पिछड़ी जातियों से जुड़े नेताओं को जिम्मेदारियां दी गई हैं।
जाटव, पासी और कोरी समाज को भी प्रतिनिधित्व
अनुसूचित मोर्चा की टीम में दलित समाज के विभिन्न वर्गों को प्रतिनिधित्व दिया गया है। इसमें जाटव, पासी और कोरी सहित अन्य समुदायों से जुड़े नेताओं को संगठन में जिम्मेदारी मिली है। पार्टी की नई टीम को आगामी विधानसभा चुनाव की संगठनात्मक तैयारियों से जोड़कर देखा जा रहा है।
महिला, किसान और अनुसूचित मोर्चा में कितने पदाधिकारी?
महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष सरोज कुशवाह की ओर से घोषित टीम में 12 प्रदेश उपाध्यक्ष, दो प्रदेश महामंत्री और 11 प्रदेश मंत्री शामिल हैं। अनुसूचित मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष अशोक रावत की टीम में 12 उपाध्यक्ष, चार महामंत्री और 11 प्रदेश मंत्री बनाए गए हैं।
वहीं किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष देवेंद्र सिंह चौधरी की टीम में 12 उपाध्यक्ष, चार महामंत्री और 11 मंत्री शामिल हैं। इनके अलावा कोषाध्यक्ष, सह कोषाध्यक्ष, प्रदेश मीडिया एवं सोशल मीडिया संयोजक-सह संयोजक तथा शोध विभाग के प्रमुख और सह प्रमुख की भी घोषणा की गई है।
संगठन विस्तार के साथ चुनावी तैयारियों पर नजर
नई नियुक्तियों के जरिए भाजपा ने प्रदेश संगठन में विभिन्न सामाजिक और क्षेत्रीय समूहों की भागीदारी बढ़ाई है। जया पाल, पूजा बिंद और अनीता सिंह समेत नए पदाधिकारियों के मनोनयन पर भाजपा काशी क्षेत्र और महानगर संगठन के पदाधिकारियों ने बधाई दी। नई टीम के गठन के साथ पार्टी की आगामी संगठनात्मक गतिविधियों और मिशन-2027 की तैयारियों को गति मिलने की उम्मीद है।

