UP News: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शारदीय नवरात्र की महानवमी और विजयादशमी के मौके पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दीं। अपने संदेश में उन्होंने कहा कि मां दुर्गा का पराक्रम और प्रभु श्रीराम का जीवन हमें अन्याय के खिलाफ खड़े होने, महिलाओं का सम्मान करने और अपने कर्तव्यों को निभाने की प्रेरणा देता है।
सीएम योगी ने कहा कि अन्यायी और अधर्मी लोग चाहे कितने भी ताकतवर क्यों न हों, आखिर में जीत सत्य और धर्म की ही होती है। विजयादशमी इसी बात का प्रतीक है। उन्होंने लोगों से त्योहार को केवल उत्सव के तौर पर नहीं, बल्कि अपने जीवन में अच्छे विचार और आदर्श अपनाने के अवसर के रूप में मनाने की अपील की।
प्रभु श्रीराम के आदर्श और सामाजिक समरसता का संदेश
मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में कहा कि सनातन संस्कृति हमें जीत का जश्न मनाते समय विनम्र रहने और ज्ञान का सम्मान करने की सीख देती है। उन्होंने मां और मातृभूमि के प्रति प्रेम, कर्तव्यनिष्ठा और सामाजिक एकता पर भी जोर दिया।
सीएम योगी ने प्रभु श्रीराम को सामाजिक समरसता और एकता का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि रामलीला में समाज के सभी वर्गों के लोग बिना किसी भेदभाव के शामिल होते हैं। भगवान श्रीराम के आदर्श केवल भारत तक सीमित नहीं हैं, बल्कि दुनिया के कई देशों की सांस्कृतिक परंपराओं में भी उनका प्रभाव देखने को मिलता है।
कानून का राज और माफिया पर सख्त कार्रवाई सरकार की प्राथमिकता
सीएम योगी ने कहा कि प्रभु श्रीराम के आदर्शों के अनुरूप प्रदेश में कानून का राज कायम रखना और नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना सरकार की सबसे बड़ी प्राथमिकता है। माफिया और संगठित अपराध के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर प्रदेश में भयमुक्त माहौल बनाने के लिए सरकार ने निर्णायक कदम उठाए हैं।
उन्होंने कहा कि अपराधियों और माफिया के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति से कानून के प्रति लोगों का भरोसा मजबूत हुआ है। सुरक्षित और आपसी भाईचारे वाला समाज बनाने के लिए सरकार के प्रयासों के साथ आम लोगों की भागीदारी भी जरूरी है।
कसारी मसारी में गरीबों के लिए बनेंगे मकान, कृष्णपुरी के नाम से होगा विकास
मुख्यमंत्री ने अपनी पाती में कसारी मसारी का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि माफिया के कब्जे से मुक्त कराई गई जमीन पर गरीबों के लिए आवास बनाए जाएंगे। इस पूरे क्षेत्र को कृष्णपुरी के नाम से विकसित किया जाएगा।
सीएम योगी ने कहा कि अवैध कब्जों से जमीन मुक्त कराने और उसका इस्तेमाल गरीबों के हित में करने का उद्देश्य लोगों को बेहतर जीवन और सुरक्षित आवास उपलब्ध कराना है।
दशहरे पर अहंकार और भेदभाव रूपी रावण को जलाने की अपील
सीएम योगी ने प्रदेशवासियों से इस विजयादशमी पर अहंकार, अन्याय, भेदभाव और नकारात्मकता रूपी रावण का दहन करने का संकल्प लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि त्योहार का असली संदेश बुराइयों को छोड़कर अच्छे रास्ते पर चलना है।
मुख्यमंत्री ने नशे की लत से जूझ रहे लोगों के प्रति भी संवेदनशीलता दिखाने की बात कही। उन्होंने कहा कि अगर आसपास कोई व्यक्ति किसी व्यसन से परेशान है, तो उसका तिरस्कार करने के बजाय उसे सहयोग और संवेदना दें। उसे स्वस्थ जीवन अपनाने के लिए प्रेरित करें।

