You are currently viewing UP News: किसानों को बड़ा पैकेज देगी योगी सरकार, 3 करोड़ किसान परिवारों को मिलेगा फायदा; महिलाओं के लिए भी नई योजना

UP News: किसानों को बड़ा पैकेज देगी योगी सरकार, 3 करोड़ किसान परिवारों को मिलेगा फायदा; महिलाओं के लिए भी नई योजना

UP News: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किसानों को लेकर बड़ा ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक आपदाओं से फसलों को नुकसान पहुंचने पर किसानों की मदद के लिए सरकार जल्द ही अलग राहत पैकेज लाएगी। इस योजना से प्रदेश के करीब 3 करोड़ किसान परिवारों को फायदा मिलने की उम्मीद है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मौसम में लगातार बदलाव के कारण खेती करना चुनौतीपूर्ण होता जा रहा है। जलवायु परिवर्तन, अल नीनो, बेमौसम बारिश, आंधी और ओलावृष्टि से किसानों की फसलें प्रभावित हो रही हैं। पिछले 15 दिनों में दो बार खराब मौसम के कारण खेतों में खड़ी फसलों को नुकसान पहुंचा है। सरकार प्रभावित किसानों को मुआवजा दे रही है और जल्द ही विशेष पैकेज के जरिए उन्हें अतिरिक्त राहत देने की तैयारी है।

महिलाओं के लिए योगी सरकार की नई तैयारी

मुख्यमंत्री ने महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के लिए भी बड़ा ऐलान किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश की महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए सरकार जल्द ही विशेष पैकेज लेकर आएगी। इसके लिए महिलाओं को अभी से यह तय करना होगा कि वे कौन-सा काम या कारोबार शुरू करना चाहती हैं।

योगी ने कहा कि सरकार महिलाओं को आगे बढ़ने में पूरा सहयोग करेगी। उनका लक्ष्य है कि हर महिला अपने पैरों पर खड़ी हो, परिवार की आर्थिक मदद करे और बच्चों को अच्छी शिक्षा दिला सके। मुख्यमंत्री ने लखपति दीदी और बीसी सखी योजनाओं का उदाहरण देते हुए कहा कि आज महिलाएं रोजगार और कारोबार के क्षेत्र में लगातार आगे बढ़ रही हैं।

मंडियों और श्रमिक अड्डों पर मिलेगा सस्ता खाना

किसानों और मजदूरों को राहत देने के लिए सरकार प्रदेश की प्रमुख मंडियों और श्रमिक अड्डों पर अन्नपूर्णा भोजनालय शुरू करेगी। यहां कम कीमत पर भरपेट भोजन उपलब्ध कराया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मंडियों में अपनी फसल बेचने आने वाले किसानों को अक्सर खाने-पीने के लिए परेशान होना पड़ता है। अब उन्हें गुड़-पानी के सहारे नहीं रहना पड़ेगा। किसान टोकन मनी देकर सम्मान के साथ दो रोटी और भरपेट भोजन कर सकेंगे। इसी तरह निर्माण कार्यों में लगे मजदूरों के लिए बनाए जा रहे श्रमिक अड्डों पर भी भोजन की व्यवस्था की जाएगी।

1.89 करोड़ परिवारों को मुफ्त रिफिल के लिए मिलेगी राहत

दीपावली के मौके पर योगी सरकार ने प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों को बड़ी राहत दी है। मुख्यमंत्री ने करीब 1,500 करोड़ रुपये के सब्सिडी वितरण अभियान की शुरुआत की। इसके तहत प्रदेश के 1.89 करोड़ से अधिक पात्र परिवारों को गैस सिलेंडर की रिफिल सब्सिडी का लाभ मिलेगा।

सीएम ने बताया कि घरेलू गैस सिलेंडर की कीमत 983.45 रुपये है। केंद्र सरकार की ओर से 335.40 रुपये की सब्सिडी मिलती है, जबकि लाभार्थियों को 648.55 रुपये अपनी जेब से देने पड़ते हैं। इस बार राज्य सरकार ने लाभार्थियों की ओर से यह रकम सीधे गैस कंपनियों को दे दी है। अब पात्र परिवार बिना अपनी जेब से भुगतान किए सिलेंडर ले सकेंगे। इससे उन्हें करीब 650 रुपये की बचत होगी।

2016 में बलिया से हुई थी योजना की शुरुआत

मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना का जिक्र करते हुए कहा कि 2014 से पहले गरीब परिवारों के लिए गैस कनेक्शन लेना काफी मुश्किल था। कई लोगों को कनेक्शन के लिए हजारों रुपये तक खर्च करने पड़ते थे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 1 मई 2016 को उत्तर प्रदेश के बलिया से उज्ज्वला योजना की शुरुआत की थी। इसका मकसद गरीब महिलाओं को रसोई के धुएं से राहत दिलाना और गैस कनेक्शन को आसान बनाना था।

उन्होंने कहा कि अब सरकारी योजनाओं का पैसा सीधे लाभार्थियों तक पहुंच रहा है। यही सुशासन की पहचान है।

दंगे और कर्फ्यू के दौर से बाहर आया प्रदेश

योगी आदित्यनाथ ने सपा और कांग्रेस के शासनकाल पर निशाना साधते हुए कहा कि 2017 से पहले उत्तर प्रदेश में त्योहारों के दौरान दंगे, कर्फ्यू और अराजकता का माहौल बन जाता था। बेटियां और व्यापारी खुद को सुरक्षित महसूस नहीं करते थे। बाजारों में भी डर का माहौल रहता था।

उन्होंने कहा कि आज प्रदेश में सुरक्षा का वातावरण है। अब कोई राह चलती महिला से छेड़छाड़ करने, व्यापारी से जबरन वसूली करने या दंगा करने की हिम्मत नहीं कर सकता। उन्होंने इसे प्रदेश में आए बदलाव का उदाहरण बताया।

गरीबों, युवाओं और मजदूरों के लिए योजनाओं पर जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार गरीबों को आवास, बिजली, सड़क, पेयजल, इलाज और रसोई गैस जैसी सुविधाएं उपलब्ध करा रही है। युवाओं के लिए रोजगार और नौकरी के अवसर तैयार किए जा रहे हैं। वहीं, श्रमिकों के बच्चों को बेहतर शिक्षा देने के लिए अटल आवासीय विद्यालय संचालित किए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि वर्ष 2047 तक विकसित भारत बनाने के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लक्ष्य को पूरा करने के लिए उत्तर प्रदेश का आत्मनिर्भर बनना जरूरी है। जब महिलाएं, किसान, मजदूर और युवा आर्थिक रूप से मजबूत होंगे, तभी प्रदेश विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचेगा।

Spread the love

Leave a Reply