You are currently viewing UP Election 2027: ओवैसी ने चला बड़ा सियासी दांव, चंद्रशेखर आजाद को बनाया सामाजिक परिवर्तन मोर्चा का CM फेस

UP Election 2027: ओवैसी ने चला बड़ा सियासी दांव, चंद्रशेखर आजाद को बनाया सामाजिक परिवर्तन मोर्चा का CM फेस

Chandrashekhar Azad CM Face: उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले राजनीतिक हलचल तेज होती दिख रही है। आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) और एआईएमआईएम के गठबंधन से बने सामाजिक परिवर्तन मोर्चा ने अपने मुख्यमंत्री चेहरे का नाम सामने रख दिया है। एआईएमआईएम प्रमुख और हैदराबाद सांसद असदुद्दीन ओवैसी ने लखनऊ में प्रेस वार्ता के दौरान नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद को मोर्चे का सीएम फेस घोषित किया। इस फैसले के साथ ही यूपी की राजनीति में एक नए सियासी समीकरण की शुरुआत हो गई है।

ओवैसी का बड़ा ऐलान, चंद्रशेखर आजाद होंगे CM फेस

लखनऊ में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में असदुद्दीन ओवैसी ने कहा कि सामाजिक परिवर्तन मोर्चा की ओर से चंद्रशेखर आजाद मुख्यमंत्री पद का चेहरा होंगे। उन्होंने कहा कि वह चंद्रशेखर आजाद की बात के साथ खड़े हैं और इस गठबंधन को मजबूत बनाने के लिए मिलकर काम करेंगे।

ओवैसी ने बीजेपी को निशाने पर लेते हुए कहा कि सामाजिक परिवर्तन मोर्चा एक मजबूत राजनीतिक ताकत बनेगा। उन्हें पूरा भरोसा है कि यह गठबंधन उत्तर प्रदेश में बीजेपी को तीसरी बार सरकार बनाने से रोक सकता है। ओवैसी के इस बयान को 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले विपक्षी राजनीति में अपनी जगह मजबूत करने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है।

आजाद समाज पार्टी और AIMIM ने मिलाया हाथ

सामाजिक परिवर्तन मोर्चा के गठन की घोषणा सबसे पहले आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद ने की थी। उन्होंने बताया था कि फिलहाल इस मोर्चे में दो राजनीतिक दल शामिल हैं। इनमें आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) और असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी एआईएमआईएम है।

चंद्रशेखर आजाद ने कहा था कि इस गठबंधन को सिर्फ तीसरे मोर्चे के तौर पर नहीं देखा जाना चाहिए। इसका नाम सामाजिक परिवर्तन मोर्चा है और इसका मकसद बहुजन समाज को राजनीतिक और सामाजिक रूप से मजबूत बनाना है। उन्होंने आरोप लगाया कि बहुजन समाज को मुख्यधारा में लाने की बातें तो बहुत हुईं, लेकिन हकीकत में आज भी इस वर्ग के लोगों को बुनियादी सुविधाओं के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है।

चंद्रशेखर आजाद ने बीजेपी पर लगाए गंभीर आरोप

नगीना सांसद ने बीजेपी और पुराने विपक्षी गठबंधनों पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि बीजेपी को सत्ता से हटाने का वादा किया गया था, लेकिन 2014 से 2024 तक कई चुनाव और राजनीतिक प्रयास होने के बावजूद बीजेपी को सत्ता से बाहर नहीं किया जा सका। इसके उलट पार्टी पहले से ज्यादा मजबूत हो गई।

चंद्रशेखर आजाद का कहना है कि दलित और वंचित समाज लंबे समय से अपमान और उपेक्षा का सामना कर रहा है। अब यह समाज अपने अधिकारों और सम्मान के लिए चुप नहीं बैठेगा। उन्होंने कहा कि 2014 से 2022 के बीच बने गठबंधन भी बीजेपी को हराने में सफल नहीं रहे। इसलिए अब विपक्ष को एकजुट होकर बड़ा राजनीतिक विकल्प तैयार करना चाहिए।

सपा-कांग्रेस के लिए भी खुले रहेंगे गठबंधन के दरवाजे

चंद्रशेखर आजाद ने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस को भी सामाजिक परिवर्तन मोर्चा में शामिल होने का प्रस्ताव देने की बात कही है। उन्होंने कहा कि अगर दोनों पार्टियां बीजेपी को हराने के मकसद से साथ आना चाहती हैं तो उनका स्वागत है। वह सपा और कांग्रेस के साथ मिलकर चुनाव लड़ने के लिए तैयार हैं।

हालांकि, उन्होंने विपक्षी दलों के बीच एकजुटता नहीं बन पाने के पीछे नेताओं के अहंकार और राजनीतिक महत्वाकांक्षाओं को जिम्मेदार ठहराया। उनका कहना था कि गठबंधन की राजनीति में सभी दलों को एक-दूसरे का सम्मान करना होगा।

सभी 403 सीटों पर चुनाव लड़ेगा सामाजिक परिवर्तन मोर्चा

चंद्रशेखर आजाद ने साफ कर दिया है कि सामाजिक परिवर्तन मोर्चा उत्तर प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी में है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की हर सीट उनके लिए महत्वपूर्ण है। अब ओवैसी की ओर से चंद्रशेखर आजाद को मुख्यमंत्री चेहरा घोषित किए जाने के बाद राजनीतिक नजरें इस बात पर टिकी हैं कि मोर्चे में आगे कौन-कौन से दल शामिल होते हैं। साथ ही यह भी देखना होगा कि सपा और कांग्रेस इस गठबंधन के प्रस्ताव पर क्या फैसला लेती हैं।

Spread the love

Leave a Reply