ठंड के दिनों में बाजार में गाजर और मूली की खूब आवक होती है। ये सब्जियां आसानी से और कम कीमत में मिल जाती हैं। ऐसे में इनसे घर पर कुछ अलग और स्वादिष्ट बनाना अच्छा विकल्प हो सकता है। खासकर अगर आपके घर में पराठे खाने का शौक है तो गाजर-मूली का अचार आपकी थाली का स्वाद बढ़ा सकता है।
इस अचार में गाजर की हल्की मिठास, मूली का अलग स्वाद, अदरक की खुशबू और हरी मिर्च का तीखापन मिलता है। ऊपर से सरसों का तेल और मसालों का तड़का इसे और भी लाजवाब बना देता है। इसे बनाने के लिए न तो अचार को कई दिनों तक धूप में रखने की जरूरत है और न ही किसी खास तैयारी की। बस कुछ मिनटों में यह खाने के लिए तैयार हो जाता है।
गाजर-मूली का अचार बनाने के लिए क्या-क्या चाहिए?
अगर आप घर पर यह इंस्टेंट अचार बनाना चाहते हैं तो सबसे पहले जरूरी सामग्री जुटा लें। इसके लिए 2 गाजर, 2 मूली, आधा कप अदरक और 100 ग्राम हरी मिर्च की जरूरत होगी।
अचार को चटपटा बनाने के लिए 2 चम्मच जीरा, 1 चम्मच मेथी दाना, 2 चम्मच सौंफ, आधा चम्मच काली मिर्च और 3 चम्मच पीली सरसों लें। इसके अलावा एक कप सरसों का तेल, 1 चम्मच हल्दी पाउडर, 2 चम्मच कश्मीरी लाल मिर्च, स्वाद के हिसाब से नमक, एक चौथाई चम्मच हींग और एक नींबू का रस भी रख लें।
सिर्फ 10 मिनट में ऐसे तैयार करें इंस्टेंट अचार
गाजर, मूली और अदरक को काट लें
सबसे पहले सभी सब्जियों को पानी से अच्छी तरह धो लें। गाजर, मूली, अदरक और हरी मिर्च पर लगी मिट्टी को साफ करना जरूरी है। धोने के बाद इन्हें किसी साफ कपड़े या किचन टॉवल से अच्छी तरह पोंछ लें। अब गाजर और मूली को लंबे टुकड़ों में काटें। अदरक को भी पतला और लंबा काट लें। हरी मिर्च को अपने हिसाब से पूरा या बीच से काट सकते हैं।
घर पर ही बनाएं अचार का खास मसाला
अब एक पैन में जीरा, मेथी दाना, सौंफ, काली मिर्च और पीली सरसों डालें। इन्हें धीमी आंच पर हल्का भूनें। मसालों से खुशबू आने लगे तो इन्हें पैन से निकाल लें। ठंडा होने पर मिक्सर में डालकर दरदरा पीस लें। ध्यान रखें कि मसाले बिल्कुल बारीक पाउडर न बनें, क्योंकि दरदरा मसाला अचार में अच्छा स्वाद और टेक्सचर देता है।
गर्म सरसों के तेल से मिलेगा जबरदस्त स्वाद
अब एक पैन में सरसों का तेल डालकर गर्म करें। तेल से धुआं उठने लगे तो गैस बंद कर दें और इसे थोड़ा ठंडा होने दें। एक बड़े बर्तन में कटी हुई सभी सब्जियां डालें। इसके बाद हल्दी, कश्मीरी लाल मिर्च, नमक, पिसा हुआ मसाला और हींग डालकर अच्छी तरह मिलाएं।
अब इसमें गर्म सरसों का तेल डालें और ऊपर से नींबू का रस निचोड़ दें। सभी चीजों को अच्छी तरह चलाएं, ताकि हर टुकड़े पर मसाले और तेल की परत चढ़ जाए। बस आपका इंस्टेंट गाजर-मूली का अचार तैयार है। इसे बनाने में ज्यादा समय नहीं लगेगा और खाने के साथ तुरंत परोसा जा सकता है।
अचार को खराब होने से बचाने के लिए रखें इन बातों का ध्यान
इस अचार को स्टोर करने के लिए हमेशा साफ और पूरी तरह सूखे कांच के जार का इस्तेमाल करें। अचार निकालने के लिए गीली चम्मच का इस्तेमाल बिल्कुल न करें। जार में पानी या नमी जाने से अचार जल्दी खराब हो सकता है। इसे साफ-सुथरी जगह पर रखें और अगर संभव हो तो ठंडे स्थान पर स्टोर करें।
सही तरीके से तैयार और स्टोर करने पर इसे करीब 15 से 20 दिनों तक रखा जा सकता है, लेकिन इसकी अवधि मौसम और सफाई पर निर्भर करेगी। इस सर्दी में आम के अचार से हटकर गाजर-मूली की यह चटपटी रेसिपी जरूर ट्राई करें। पराठे, पूरी या दाल-चावल के साथ भी इसका स्वाद खूब जमेगा।

