UP Election 2027: उत्तर प्रदेश में सियासी हलचल के बीच समाजवादी पार्टी को पूर्वांचल में एक नया राजनीतिक चेहरा मिल गया है। बीजेपी नेता और बसपा सरकार में दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री रह चुके उत्पल राय ने सपा की सदस्यता ले ली है। पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने खुद उन्हें सदस्यता दिलाई। उत्पल राय को जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल और पूर्व केंद्रीय मंत्री मनोज सिन्हा का करीबी माना जाता है। इसी वजह से उनके पाला बदलने को पूर्वांचल की राजनीति में अहम घटनाक्रम माना जा रहा है।
उत्पल राय मऊ जिले के रहने वाले हैं और मधुबन विधानसभा सीट से चुनाव लड़ चुके हैं। उन्होंने जुलाई 2016 में बीजेपी ज्वाइन की थी। पार्टी में रहते हुए उन्होंने 2017 के विधानसभा चुनाव और 2019 के लोकसभा चुनाव में चुनाव प्रबंधन की जिम्मेदारी भी संभाली थी। अब उनका सपा में आना बीजेपी के लिए स्थानीय स्तर पर चुनौती बन सकता है।
‘कमल मुरझा रहा है, इसलिए राधे-राधे कह रहे हैं’
उत्पल राय के समाजवादी पार्टी में शामिल होने के बाद अखिलेश यादव ने बीजेपी पर निशाना साधने में कोई कसर नहीं छोड़ी। उन्होंने कहा कि बीजेपी के नेताओं को अब समझ आने लगा है कि कमल मुरझा रहा है। यही वजह है कि वे राधे-राधे कहने लगे हैं।
अखिलेश ने कहा कि राधे-राधे विदाई के समय भी कहा जाता है। इस बार प्रदेश की जनता बीजेपी सरकार की विदाई करने वाली है। उन्होंने पार्टी में शामिल हुए नेताओं को भरोसा दिलाया कि समाजवादी पार्टी हर परिस्थिति में उनके साथ खड़ी रहेगी। उन्होंने कहा कि बीजेपी सरकार में किसी के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा।
सपा सरकार बनने पर खत्म होगी अग्निवीर योजना: अखिलेश
सपा अध्यक्ष ने चुनावी मुद्दों पर बात करते हुए कहा कि अगर प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनती है तो अग्निवीर योजना खत्म की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि पार्टी की वेबसाइट पर जनता से मिलने वाले सुझावों को गंभीरता से लिया जाएगा और उन पर काम किया जाएगा।
अखिलेश ने बीजेपी को देश और प्रदेश के लिए सबसे बड़ा संकट बताते हुए कहा कि जब तक बीजेपी सत्ता से बाहर नहीं होगी, तब तक हालात नहीं बदलेंगे। उन्होंने दावा किया कि जनता इस बार बीजेपी को सत्ता से हटाने का मन बना चुकी है।
अधिकारियों और वोट कटने के मुद्दे पर भी बीजेपी को घेरा
अखिलेश यादव ने प्रदेश के प्रशासनिक अधिकारियों को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि बीजेपी सरकार में कई अधिकारी लंबे समय से एक ही कुर्सी पर जमे हुए हैं। ऐसे अधिकारियों के खिलाफ समाजवादी पार्टी के सभी विधायक हस्ताक्षर करके ज्ञापन सौंपेंगे।
उन्होंने 1.27 करोड़ हिंदुओं के वोट कटने से जुड़े बयान पर भी सवाल खड़े किए। अखिलेश ने पूछा कि इतनी बड़ी संख्या में वोट कटने की जानकारी किस आधार पर दी गई थी? चुनाव आयोग के दबाव के बाद इस मुद्दे पर बयान क्यों नहीं आ रहा है? उन्होंने कहा कि इस मामले में स्थिति स्पष्ट होनी चाहिए।
‘लाठी हारेगी, लैपटॉप जीतेगा’, सुपरकंडक्टर कंपनी का भी वादा
अपने संबोधन में अखिलेश यादव ने कहा कि आने वाले समय में लाठी की राजनीति नहीं, बल्कि तकनीक और विकास की जीत होगी। इसी बात को उन्होंने ‘लाठी हारेगी, लैपटॉप जीतेगा’ के नारे से समझाया। उन्होंने समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर प्रदेश में सुपरकंडक्टर कंपनी स्थापित करने की बात भी कही।
मऊ और गाजीपुर में क्या सपा मजबूत करेगी अपनी पकड़?
उत्पल राय के सपा में शामिल होने के बाद अब सबकी नजर पूर्वांचल की राजनीति पर है। मऊ और गाजीपुर में उनके पुराने राजनीतिक संपर्क और अनुभव का इस्तेमाल सपा अपने पक्ष में कर सकती है। मनोज सिन्हा के करीबी माने जाने वाले उत्पल राय का बीजेपी छोड़ना राजनीतिक रूप से भी चर्चा का विषय बन गया है। अब देखना होगा कि आगामी विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी को उनके आने से कितना फायदा मिलता है।

