Inflation News: महंगाई का असर अब सीधे आम आदमी की रसोई पर दिखाई देने लगा है। पहले से महंगे आटा, चावल और तेल के बाद अब दालों की कीमतों ने भी लोगों की चिंता बढ़ा दी है। उपभोक्ता मंत्रालय के ताजा आंकड़ों के मुताबिक, दिल्ली, मुंबई, चेन्नई और कोलकाता जैसे बड़े शहरों में चना, अरहर, उड़द और मूंग दाल के भाव तेजी से बढ़े हैं। इसके पीछे अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमतों का बढ़ना, व्यापार में रुकावट, माल ढुलाई का महंगा होना और प्रमुख उत्पादक देशों में खराब मौसम को वजह माना जा रहा है।
अरहर और चना दाल के भाव में भारी उछाल, जानिए शहरों में कितनी है कीमत
चना दाल की कीमतों में भी पिछले एक साल में बड़ा उछाल आया है। दिल्ली में चना दाल 88 रुपये से बढ़कर 100 रुपये किलो हो गई है। मुंबई में इसका भाव 97 से बढ़कर 118 रुपये और चेन्नई में 82 से 105 रुपये किलो पहुंच गया है। वहीं रांची में चना दाल 99 रुपये किलो बिक रही है।
अरहर दाल ने तो आम लोगों की जेब पर सबसे ज्यादा असर डाला है। दिल्ली में एक साल पहले 106 रुपये किलो मिलने वाली अरहर दाल अब 150 रुपये पर पहुंच गई है। मुंबई में इसका भाव 157 रुपये, कोलकाता में 150, चेन्नई में 147 और रांची में 144 रुपये किलो है। उड़द दाल दिल्ली में 150 रुपये किलो हो गई है, जबकि मूंग दाल भी 110 रुपये से बढ़कर 120 रुपये किलो तक पहुंच गई है।
दालों की महंगाई रोकने के लिए सरकार ने उठाया कदम
भारत दुनिया का सबसे बड़ा दाल उत्पादक और उपभोक्ता देश है। यहां हर साल करीब 3 करोड़ टन दालों की जरूरत होती है। इसमें लगभग 20 प्रतिशत मांग आयात के जरिए पूरी की जाती है। दालों की सप्लाई बनाए रखने के लिए सरकार ने अरहर और उड़द के शुल्क मुक्त आयात की अनुमति 31 मार्च 2027 तक दे दी है। वहीं चना और मसूर के आयात पर 10 प्रतिशत और पीली मटर पर 30 प्रतिशत शुल्क लागू है।
सरसों तेल से लेकर सोया ऑयल तक महंगा, एक महीने में बढ़े दाम
खाद्य तेलों की कीमतों में भी तेजी देखने को मिल रही है। अखिल भारतीय स्तर पर एक महीने में पाम ऑयल को छोड़कर बाकी खाद्य तेल महंगे हुए हैं। सबसे ज्यादा बढ़ोतरी सरसों तेल में दर्ज की गई है। इसका भाव एक महीने में 4.15 प्रतिशत बढ़कर 215.43 रुपये प्रति किलो हो गया है। पिछले साल के मुकाबले इसमें 15.46 प्रतिशत की तेजी आई है।
दिल्ली में सरसों तेल 194 से बढ़कर 227 रुपये किलो पहुंच गया है। मूंगफली तेल 203 से 227 रुपये और सोया ऑयल 168 से 181 रुपये किलो हो गया है। चेन्नई में सरसों तेल सबसे महंगा 258 रुपये किलो बिक रहा है। वहीं मुंबई में 256, कोलकाता में 235 और रांची में 224 रुपये किलो इसका भाव है।
चीनी और चावल की कीमतों ने भी बढ़ाई परेशानी
रसोई का बजट बिगाड़ने में चीनी और चावल भी पीछे नहीं हैं। पिछले एक साल में चीनी करीब 32 प्रतिशत महंगी हुई है, जबकि चावल के दाम में लगभग 15 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है। दूसरी तरफ गेहूं की कीमतों में करीब 3 प्रतिशत का इजाफा हुआ है। दिल्ली, मुंबई, कोलकाता और रांची में चीनी 63 से 69 रुपये किलो तक बिक रही है।
चावल की कीमतों को काबू में रखने के लिए सरकार ने 6 नवंबर को ओपन मार्केट सेल स्कीम (OMSS) के तहत बिक्री का लक्ष्य 25 लाख टन से बढ़ाकर 50 लाख टन कर दिया। सरकार के मुताबिक, 31 अक्टूबर तक ई-नीलामी के जरिए 25 लाख टन चावल बेचा जा चुका था। इसके अलावा कारोबारियों और दुकानदारों के लिए हर सप्ताह स्टॉक की जानकारी देना भी अनिवार्य किया गया है।
दूध की कीमतों में भी बढ़ोतरी, अमूल और मदर डेयरी ने बढ़ाए रेट
दूध की बढ़ती कीमतों ने भी घरों का खर्च बढ़ा दिया है। अमूल, मदर डेयरी और नंदिनी जैसी प्रमुख डेयरी कंपनियां पिछले एक साल में दूध के दाम 8 रुपये प्रति लीटर तक बढ़ा चुकी हैं। मदर डेयरी का टोंड दूध अब 60 की जगह 62 रुपये प्रति लीटर और फुल क्रीम दूध 72 से बढ़कर 76 रुपये प्रति लीटर हो गया है। दूध महंगा होने का असर घी, मक्खन और क्रीम की कीमतों पर भी पड़ा है।
अक्टूबर में खुदरा महंगाई दर 6.09%, RBI की सीमा भी पार
महंगाई के बढ़ते दबाव का असर सरकारी आंकड़ों में भी दिखाई दे रहा है। अक्टूबर में देश की खुदरा महंगाई दर बढ़कर 6.09 प्रतिशत हो गई। नई कंज्यूमर प्राइस इंडेक्स (CPI) सीरीज में यह पहली बार है, जब महंगाई दर भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) की 6 प्रतिशत की ऊपरी सीमा से आगे निकल गई है। अक्टूबर में खाद्य महंगाई दर भी बढ़कर 8.94 प्रतिशत हो गई, जबकि सितंबर में यह 7.74 प्रतिशत थी। ऐसे में दाल, तेल, दूध और रोजमर्रा की दूसरी चीजों के लगातार महंगे होने से आम परिवारों का बजट बुरी तरह प्रभावित हो रहा है।

