UP Weather News: उत्तर प्रदेश में मौसम ने करवट ले ली है। नवंबर की विदाई से पहले ही ठंड ने लोगों को परेशान करना शुरू कर दिया है। सुबह घरों से निकलते ही कई जिलों में घना कोहरा देखने को मिल रहा है। वहीं, शाम होते ही तापमान गिरने से ठंड का एहसास बढ़ जाता है। रात के समय अब गर्म कपड़ों की जरूरत महसूस होने लगी है। मौसम विभाग ने प्रदेश के कई जिलों में घने कोहरे का अलर्ट जारी किया है।
बरेली में 50 मीटर रही दृश्यता
शुक्रवार यानी 28 नवंबर को प्रदेश में सबसे कम तापमान हरदोई में दर्ज किया गया। यहां न्यूनतम पारा 9 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। दूसरी तरफ बांदा में अधिकतम तापमान 29.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। कोहरे का सबसे ज्यादा असर बरेली एयरफोर्स क्षेत्र में दिखाई दिया, जहां न्यूनतम दृश्यता केवल 50 मीटर दर्ज की गई। कम विजिबिलिटी के चलते सुबह के समय वाहन चलाने वालों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
अगले कुछ दिनों में और गिरेगा पारा
मौसम विभाग के मुताबिक, शुक्रवार को प्रदेश के सभी जिलों में अधिकतम और न्यूनतम तापमान में कोई खास बदलाव नहीं हुआ। बीते 24 घंटों में तापमान में माइनस 2 डिग्री से प्लस 2 डिग्री सेल्सियस तक का अंतर दर्ज किया गया। हालांकि, मौसम का बदला हुआ मिजाज संकेत दे रहा है कि आने वाले दिनों में ठंड और बढ़ सकती है। खासकर रात के तापमान में गिरावट से लोगों की मुश्किलें बढ़ने की संभावना है।
आगरा में अचानक बदला मौसम
आगरा में भी सर्दी ने अब अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। ताजनगरी में दिन का तापमान गिरने से लोगों को दिन में भी ठंड महसूस होने लगी है। शनिवार को अधिकतम तापमान शुक्रवार की तुलना में 3.2 डिग्री कम होकर 24.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इससे पहले अधिकतम तापमान करीब 28 डिग्री सेल्सियस बना हुआ था।
वहीं, न्यूनतम तापमान भी गिरकर 11.5 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। यह सामान्य से एक डिग्री कम है। तापमान में आई इस गिरावट के कारण सुबह और शाम के समय मौसम काफी ठंडा महसूस हो रहा है।
पंखे और एसी बंद, शाम को घर से निकलना मुश्किल
ठंड बढ़ने का असर अब लोगों की दिनचर्या पर भी दिखाई देने लगा है। घरों में पंखे और एसी का इस्तेमाल लगभग बंद हो गया है। दिन के समय कुछ कार्यालयों में ही इनका इस्तेमाल किया जा रहा है। शाम के बाद खुले स्थानों पर ठंडी हवाओं के कारण गलन बढ़ जाती है। मौसम विभाग का अनुमान है कि 4 दिसंबर तक अधिकतम तापमान में करीब दो डिग्री और न्यूनतम तापमान में तीन डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज हो सकती है।
रैन बसेरों में बढ़ाई जाएगी ठहरने की व्यवस्था
प्रदेश में ठंड बढ़ने के साथ ही बेघर और जरूरतमंद लोगों की मदद के लिए प्रशासन ने भी तैयारी शुरू कर दी है। शीतलहर की आशंका को देखते हुए नगर निगमों को रैन बसेरों में जरूरी सुविधाएं बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देशों के तहत लखनऊ में भी इन व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने का काम किया जा रहा है।
नगर आयुक्त ने तीन रैन बसेरों का किया निरीक्षण
शनिवार को नगर आयुक्त गौरव कुमार ने लक्ष्मण मेला मैदान, जियामऊ और एल्डिको में बने रैन बसेरों का निरीक्षण किया। उन्होंने वहां चल रहे कामों को देखा और अधिकारियों से व्यवस्थाओं की जानकारी ली। नगर आयुक्त ने साफ निर्देश दिए कि रैन बसेरों में ठहरने की क्षमता बढ़ाने के साथ सभी जरूरी सुविधाएं समय पर उपलब्ध कराई जाएं।
प्रशासन का मकसद है कि सर्दी और शीतलहर के दौरान कोई भी जरूरतमंद व्यक्ति खुले में सोने को मजबूर न हो। इसके लिए रैन बसेरों में ठहरने और ठंड से बचाव के इंतजाम दुरुस्त किए जा रहे हैं।

