Amarnath Yatra 2025:अमरनाथ यात्रा 2025 को लेकर श्रद्धालुओं में गहरी आस्था और उत्साह देखा जा रहा है। अब तक 22,000 से अधिक श्रद्धालु बाबा बर्फानी के पवित्र हिमलिंग के दर्शन कर चुके हैं। शुक्रवार को यात्रा का तीसरा जत्था “बोल बम” के जयकारों के साथ जम्मू से रवाना हुआ, जिसमें कुल 6,411 यात्री शामिल थे। इनमें से 3,622 यात्री पहलगाम रूट और 2,789 यात्री बालटाल रूट से यात्रा पर निकले और उसी शाम अपने-अपने आधार शिविरों में सुरक्षित पहुंच गए।गौरतलब है कि यह संख्या सिर्फ जम्मू से रवाना हुए जत्थों की है, जबकि देशभर से कई श्रद्धालु सीधे कश्मीर भी पहुंच रहे हैं। यात्रा के पहले तीन दिनों में 17,549 श्रद्धालु जम्मू से यात्रा आरंभ कर चुके हैं।
प्रशासन की सतर्कता
जम्मू-कश्मीर प्रशासन इस बार अमरनाथ यात्रियों के लिए सुरक्षा, ठहरने और भोजन की व्यवस्थाओं को अत्यधिक प्राथमिकता दे रहा है। इसी कड़ी में उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने शुक्रवार को गांदरबल जिले के बालटाल आधार शिविर में 800 श्रद्धालुओं की क्षमता वाले यात्री निवास का उद्घाटन किया।
यह नया निवास श्री अमरनाथ जी श्राइन बोर्ड द्वारा तैयार किया गया है, जिसमें पंजीकरण केंद्र और सुरक्षा ब्लॉक की सुविधा भी उपलब्ध है। इसके अलावा बालटाल में स्थापित टेंट सिटी में भी हजारों श्रद्धालुओं के लिए अस्थायी आवास की व्यवस्था की गई है।
नए यात्री निवासों का निर्माण और विकास कार्य
सिद्धड़ा (जम्मू), नुनवन (पहलगाम) और बिजबिहड़ा में भी यात्री निवासों का निर्माण कार्य तेज़ी से जारी है। उपराज्यपाल ने जानकारी दी कि नुनवन फेज-1 का निर्माण अक्टूबर 2025 से पहले पूरा कर लिया जाएगा।इस विकास कार्य के तहत ONGC की CSR योजना के अंतर्गत कुल 240 करोड़ रुपये की लागत से इन यात्री सुविधाओं का निर्माण किया जा रहा है। इससे ना सिर्फ तीर्थयात्रियों को बेहतर सुविधा मिलेगी, बल्कि स्थानीय लोगों को रोजगार के अवसर भी प्राप्त होंगे।
यात्रा मार्गों पर बिजली, निगरानी और सुरक्षा
यात्रा मार्गों को इस बार ग्रिड पावर कनेक्टिविटी से जोड़ दिया गया है, जिससे 24 घंटे बिजली और निगरानी की सुविधा उपलब्ध हो रही है। इससे रात के समय यात्रा अधिक सुरक्षित और सहज हो गई है। उपराज्यपाल ने यह भी घोषणा की कि अगले वर्ष तक पंचतरणी से चंदनवाड़ी तक ग्रिड पावर की सुविधा सुनिश्चित की जाएगी।
श्रद्धालुओं से संवाद और सेवा प्रदाताओं को धन्यवाद
बालटाल शिविर के दौरे के दौरान उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने श्रद्धालुओं, सेवा प्रदाताओं और सुरक्षाबलों से संवाद किया और उन्हें अपनी शुभकामनाएं व धन्यवाद प्रकट किया। उन्होंने यह भी दोहराया कि प्रशासन का लक्ष्य है कि हर श्रद्धालु को सुरक्षित, सुविधाजनक और श्रद्धा से परिपूर्ण यात्रा अनुभव प्राप्त हो।