Trump New Tariffs:अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने 8 जुलाई 2025 को एक बार फिर वैश्विक व्यापार जगत को हिला कर रख दिया है। उन्होंने 14 देशों पर भारी-भरकम व्यापारिक टैक्स (टैरिफ) लगाने की घोषणा की है, जो आगामी 1 अगस्त से लागू होंगे। इन टैरिफ का उद्देश्य अमेरिका के व्यापार घाटे को नियंत्रित करना और राष्ट्रीय सुरक्षा को सुदृढ़ बनाना बताया गया है।
म्यांमार और लाओस पर सबसे ज्यादा 40% टैक्स
नए टैरिफ में म्यांमार और लाओस पर सबसे ज्यादा 40 प्रतिशत शुल्क लगाया गया है। इसके अलावा कंबोडिया और थाईलैंड पर 36%, बांग्लादेश और सर्बिया पर 35%, इंडोनेशिया पर 32%, दक्षिण अफ्रीका और बोस्निया पर 30%, जबकि जापान, दक्षिण कोरिया, मलेशिया, ट्यूनिशिया और कजाखस्तान पर 25% का टैक्स लगाया गया है।
ट्रंप ने दी चेतावनी
ट्रंप ने इन टैरिफ्स की जानकारी अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘ट्रुथ सोशल’ के ज़रिए दी। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में चेतावनी दी कि यदि कोई देश जवाबी कार्रवाई में अमेरिका पर टैरिफ बढ़ाता है, तो अमेरिका उतना ही और ज्यादा टैक्स जोड़ देगा। उन्होंने लिखा,“अगर आपने किसी भी कारण से अपने टैरिफ बढ़ाए, तो आपने जितना प्रतिशत बढ़ाया होगा, हम उस पर उतना ही अतिरिक्त टैक्स और जोड़ देंगे।”
अमेरिका के व्यापार घाटे को बताया ‘राष्ट्रीय खतरा’
ट्रंप ने यह कदम पुरानी व्यापार नीतियों के कारण हुए नुकसान की भरपाई के रूप में उठाया है। उन्होंने कहा कि अमेरिका वर्षों से टैरिफ और गैर-टैरिफ नीतियों की वजह से भारी व्यापार घाटे से जूझ रहा है। यह घाटा न केवल आर्थिक रूप से हानिकारक है, बल्कि यह राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए भी खतरा बन चुका है।
जापान और दक्षिण कोरिया को क्यों निशाना बनाया गया?
जब व्हाइट हाउस प्रेस सचिव कैरोलाइन लेविट से पूछा गया कि जापान और दक्षिण कोरिया जैसे सहयोगी देशों को टैरिफ सूची में क्यों शामिल किया गया, तो उन्होंने स्पष्ट किया कि“यह राष्ट्रपति का विशेषाधिकार है। उन्होंने वही देश चुने जिन्हें वह इस वक्त उचित मानते हैं।”कैरोलाइन ने यह भी कहा कि ट्रंप प्रशासन कई अन्य देशों के साथ व्यापार समझौते को अंतिम रूप देने की प्रक्रिया में है, जिससे अमेरिका को दीर्घकालिक लाभ मिल सके।
किन देशों पर कितना टैक्स?
- म्यांमार- 40%
- लाओ पीपल्स डेमोक्रेटिक रिपब्लिक (लाओस)- 40%
- कंबोडिया- 36%
- थाईलैंड- 36%
- बांग्लादेश- 35%
- सर्बिया- 35%
- इंडोनेशिया- 32%
- दक्षिण अफ्रीका- 30%
- बोस्निया और हर्जेगोविना- 30%
- जापान- 25%
- कजाखस्तान- 25%
- मलेशिया- 25%
- दक्षिण कोरिया- 25%
- ट्यूनिशिया- 25%