You are currently viewing देशभर में मानसून का असर: दिल्ली-मुंबई में भारी बारिश का अलर्ट, हिमाचल-उत्तराखंड में भूस्खलन की चेतावनी

देशभर में मानसून का असर: दिल्ली-मुंबई में भारी बारिश का अलर्ट, हिमाचल-उत्तराखंड में भूस्खलन की चेतावनी

Weather news:भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने अनुमान जताया है कि दिल्ली में रविवार को भी बादल छाए रहेंगे। सुबह से दोपहर तक गरज-चमक के साथ हल्की बारिश के एक-दो दौर संभव हैं। मौसम में यह बदलाव तापमान को भी प्रभावित करेगा, जहां न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम 33 डिग्री सेल्सियस तक रहने की संभावना है। बारिश के इस सिलसिले से राजधानी का मौसम कुछ हद तक राहत देने वाला जरूर रहेगा, लेकिन ट्रैफिक और जनजीवन पर इसका प्रभाव पड़ सकता है।

मुंबई और आसपास के जिलों में रेड अलर्ट

महाराष्ट्र के रत्नागिरी, रायगढ़, मुंबई शहर, मुंबई उपनगर, ठाणे और पालघर जिलों के लिए मौसम विभाग ने रेड अलर्ट जारी किया है। शनिवार सुबह से ही इन इलाकों में मध्यम से तेज बारिश का दौर जारी है। अगले 3 से 4 घंटों तक भारी बारिश की चेतावनी दी गई है।मुंबई में शनिवार को तेज बारिश के कारण कई इलाकों में भारी जलभराव देखा गया। खासकर गांधी नगर, किंग्स सर्कल और सायन रेलवे स्टेशन जैसे स्थानों पर पानी भर गया, जिससे यातायात बाधित हुआ और लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।

हिमाचल और उत्तराखंड में भूस्खलन की आशंका

उत्तर भारत के पहाड़ी राज्यों हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में लगातार बारिश के कारण भूस्खलन की संभावना बनी हुई है। मौसम विभाग ने इन क्षेत्रों के लिए भी अलर्ट जारी किया है। प्रशासन ने स्थानीय निवासियों और पर्यटकों से सावधानी बरतने और अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है।
पहाड़ी मार्गों पर यात्रा कर रहे लोगों को सलाह दी गई है कि वे मौसम की अपडेट लगातार चेक करते रहें और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।

उत्तर प्रदेश में मानसून की रफ्तार असमान

उत्तर प्रदेश में मानसून की चाल कहीं तेज तो कहीं धीमी देखी जा रही है। बीते 24 घंटों में पूर्वी और पश्चिमी यूपी में बारिश में थोड़ी कमी आई है। हालांकि मौसम विभाग के अनुसार 17 और 18 अगस्त को पश्चिमी यूपी के कुछ हिस्सों में गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं।

लखनऊ में तेज बारिश की संभावना

राजधानी लखनऊ में मौसम में उतार-चढ़ाव बना हुआ है। यहां आज का अधिकतम तापमान 35 डिग्री और न्यूनतम 27 डिग्री सेल्सियस रहने की उम्मीद है। आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे और शाम तक तेज बारिश होने की संभावना जताई गई है। 18 अगस्त को शहर के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश भी देखी जा सकती है।

Spread the love

Leave a Reply