You are currently viewing देहरादून के सहस्त्रधारा में बादल फटने से मची तबाही… होटल-दुकानों को नुकसान, 100 लोग फंसे, एक की मौत
Dehradun Cloudburst

देहरादून के सहस्त्रधारा में बादल फटने से मची तबाही… होटल-दुकानों को नुकसान, 100 लोग फंसे, एक की मौत

Dehradun Cloudburst:उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में स्थित प्रसिद्ध पर्यटन स्थल सहस्त्रधारा में मंगलवार देर रात करीब 11:30 बजे एक भयानक प्राकृतिक आपदा देखने को मिली, जब क्षेत्र में बादल फटने जैसी घटना घटी। इस घटना के चलते सहस्रधारा के मुख्य बाजार में भारी मात्रा में मलबा आ गया, जिससे कई होटल और दुकानें क्षतिग्रस्त हो गईं।स्थानीय जनप्रतिनिधियों और प्रशासन से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 2 से 3 बड़े होटल और 7 से 8 दुकानों को गंभीर नुकसान पहुंचा है। यह सब कुछ इतनी तेजी से हुआ कि लोग संभल भी नहीं पाए। बताया जा रहा है कि घटना के समय तेज बारिश हो रही थी, जिससे बादल फटने जैसी स्थिति बन गई और भारी मलबा बाजार में घुस आया।

100 लोग मलबे में फंसे, गांव वालों ने किया रेस्क्यू

स्थानीय लोगों के अनुसार, इस हादसे में करीब 100 लोग मलबे और पानी के बीच फंस गए थे, जिन्हें गांव के लोगों ने बहादुरी से रेस्क्यू कर सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाया। कुछ प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि 1-2 लोग अब भी लापता हो सकते हैं, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है। प्रशासन की ओर से उनकी तलाश जारी है।

राहत कार्य में बाधा बना मलबा, SDRF मौके पर नहीं पहुंच सकी

आपदा कंट्रोल रूम से मिली जानकारी के मुताबिक, रात 2 बजे घटनास्थल के लिए एसडीआरएफ और फायर ब्रिगेड की टीमें रवाना की गई थीं, लेकिन भारी मलबे के कारण रास्ता अवरुद्ध हो गया और टीमें मौके पर नहीं पहुंच सकीं।हालांकि, लोक निर्माण विभाग (PWD) की जेसीबी मशीनें रातभर मलबा हटाने और रास्ता साफ करने में जुटी रहीं ताकि राहत कार्य जल्द शुरू किया जा सके।

आईटी पार्क और सॉन्ग नदी पर भी खतरा, प्रशासन अलर्ट पर

देहरादून में हो रही लगातार बारिश की वजह से आईटी पार्क क्षेत्र में भी भारी मलबा भर गया है। इसके साथ ही सॉन्ग नदी का जलस्तर खतरनाक स्तर तक पहुंच गया है। पुलिस प्रशासन ने नदी किनारे रहने वाले लोगों को सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर जाने की सलाह दी है।

मसूरी में मजदूर की मौत, एक घायल

देहरादून से सटे मसूरी के झड़ी पानी इलाके से भी दुखद खबर आई है। तेज बारिश और मलबा गिरने से एक मजदूर की मौत हो गई है, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया।शहर कोतवाल संतोष कुमार ने बताया कि मजदूर कच्चे मकान में रह रहा था, जिस पर बारिश का पानी और मलबा गिर गया। पुलिस और स्थानीय लोगों ने मौके पर पहुंचकर घायल मजदूर को अस्पताल पहुंचाया, जबकि अन्य लोगों को भी सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट किया गया।

नैनीताल में स्कूलों की छुट्टी, मौसम विभाग का अलर्ट

उत्तराखंड में जारी भारी बारिश और खराब मौसम को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा के लिहाज से कई कदम उठाए हैं। नैनीताल जिले में सभी स्कूलों की छुट्टी घोषित कर दी गई है।जिलाधिकारी वंदना सिंह ने यह फैसला मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए लिया है, जिसमें अगले 24 घंटे तक भारी बारिश की संभावना जताई गई है।

Spread the love

Leave a Reply