Lok Sabha News: भारी चुनावी मुकाबले के बाद, NDA ने राज्यसभा में भी बहुमत हासिल कर लिया है। 12 सीटों में से 11 सीटें NDA ने निर्विरोध जीती हैं, जबकि कांग्रेस के खाते में केवल एक सीट आई है। यह परिणाम NDA की बढ़ती राजनीतिक ताकत और प्रभाव को दर्शाता है। इस जीत से NDA को राज्यसभा में और अधिक प्रभावी स्थिति प्राप्त हुई है, जो उनके राजनीतिक और विधायी एजेंडे को आगे बढ़ाने में सहायक होगी।
यहां समझे राज्यसभा का पूरा गणित
अगर आंकड़े की बात करें तो राज्यसभा में भाजपा के सदस्यों की संख्या 96 है। वहीं एनडीए के सांसदों की संख्या 112 हो गई है। विपक्षी सांसदों की संख्या 85 हो गई है। एनडीए को छह मनोनीत और एक स्वतंत्र राज्यसभा सांसद का समर्थन भी मिला है। इस तरह एनडीए ने बहुमत के आंकड़े को छू लिया है।
कौन कहां से जीता?
नौ सदस्यों के साथ राज्यसभा में भाजपा की ताकत में इजाफा हुआ है। इससे पार्टी को विधेयक पास कराने में आसानी होगी। भाजपा के धीर शील पाटिल ने महाराष्ट्र, रवनीत सिंह बिट्टू ने राजस्थान, किरण चौधरी ने हरियाणा, बिहार से मनन मिश्रा, असम से मिशन रंजन दास व रामेश्वर तेली, मध्य प्रदेश से जॉर्ज कुरियन, ओडिशा से ममता मोहंता और त्रिपुरा से राजीव भट्टाचार्य ने निर्विरोध चुनाव जीता है। भाजपा के सहयोगी दलों से उपेंद्र कुशवाहा ने बिहार और अजित पवार की पार्टी से नितिन पाटिल ने महाराष्ट्र से चुनाव जीता है।