मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने दो दिवसीय गोरखपुर दौरे के दौरान बुधवार को गोरखनाथ मंदिर परिसर स्थित महंत दिग्विजयनाथ स्मृति सभागार में जनता दर्शन कार्यक्रम आयोजित किया। पूजा-अर्चना के बाद मुख्यमंत्री ने करीब 200 लोगों की समस्याएं सुनीं और उनका समाधान कराने का भरोसा दिया।
जनता दर्शन के दौरान विभिन्न क्षेत्रों से आए फरियादियों ने अपने-अपने दुख और शिकायतें मुख्यमंत्री के सामने रखीं। सीएम योगी ने सभी को गंभीरता से सुना और मौके पर मौजूद अधिकारियों को उचित कार्रवाई के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने खास तौर पर इस बात पर जोर दिया कि गरीबों की जमीन पर कब्जा करने वालों के खिलाफ सख्त और त्वरित कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि किसी भी गरीब या वंचित व्यक्ति के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा।
महिला की मदद कर दिखाई मानवीय संवेदना
जनता दर्शन के दौरान एक महिला फरियादी की बात ने सभी का ध्यान खींचा। महिला ने मुख्यमंत्री से न केवल अपनी जमीनी विवाद की शिकायत साझा की, बल्कि घर लौटने के लिए किराए की सहायता की भी मांग की। मुख्यमंत्री योगी ने इस अपील को न केवल गंभीरता से लिया, बल्कि तुरंत महिला के लिए किराए की व्यवस्था करवाई।मुख्यमंत्री की इस त्वरित प्रतिक्रिया से महिला भावुक हो गई और हाथ जोड़कर उनका आभार व्यक्त किया। यह घटना मुख्यमंत्री की संवेदनशीलता और आम जनमानस के प्रति उनके सेवा भाव को दर्शाती है।
अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश
जनता दर्शन के दौरान मुख्यमंत्री ने सभी प्रशासनिक अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि वह जन समस्याओं को गंभीरता से लें और पीड़ितों की शिकायतों का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करें। विशेषकर जमीन कब्जे जैसे मामलों में कठोर कार्रवाई करने को कहा गया।
मुख्यमंत्री ने दोहराया कि प्रदेश सरकार गरीबों, किसानों और वंचित वर्ग के अधिकारों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। ऐसे मामलों में किसी भतरह की लापरवाही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि वे संवेदनशीलता के साथ हर पीड़ित की बात सुनें और उन्हें न्याय दिलाएं।
जनता दर्शन बना संवाद और समाधान का सशक्त माध्यम
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का यह जनता दर्शन कार्यक्रम लोगों को सीधे मुख्यमंत्री से जुड़ने और अपनी समस्याएं साझा करने का अवसर देता है। इस पहल के माध्यम से सरकार लोगों के बीच जाकर उनकी वास्तविक समस्याओं को समझ रही है और उन्हें प्राथमिकता के आधार पर हल करने की कोशिश कर रही है।