You are currently viewing बलूचिस्तान की आजादी का एलान..मीर यार बलूच की अपील – अब दुनिया को चुप नहीं रहना चाहिए

बलूचिस्तान की आजादी का एलान..मीर यार बलूच की अपील – अब दुनिया को चुप नहीं रहना चाहिए

Balochistan Freedom:बलूचिस्तान में दशकों से जारी हिंसा, जबरन गायब किए जाने और मानवाधिकारों के उल्लंघनों के बीच बलूच नेता मीर यार बलूच ने बुधवार को एक बड़ा और ऐतिहासिक बयान दिया। उन्होंने बलूचिस्तान को पाकिस्तान से आजाद घोषित कर दिया है। मीर यार बलूच ने कहा कि बलूच जनता ने अब अपना निर्णय सुना दिया है – “बलूचिस्तान अब पाकिस्तान का हिस्सा नहीं है।”

पाकिस्तान पर गंभीर आरोप

अपने बयान में मीर यार बलूच ने पाकिस्तान सरकार और सैन्य बलों पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि बलूचिस्तान के लोगों को सालों से अन्याय, दमन और हिंसा का सामना करना पड़ रहा है। हजारों लोगों को जबरन गायब किया गया, अत्याचार किए गए और उनकी आवाज को दबाया गया। उन्होंने इस मुद्दे को सिर्फ एक राजनीतिक संघर्ष नहीं बल्कि मानवाधिकारों का बड़ा संकट बताया।

भारत और अंतरराष्ट्रीय समुदाय से समर्थन की मांग

मीर यार बलूच ने भारत सहित अंतरराष्ट्रीय समुदाय से अपील की कि वे बलूचिस्तान की आजादी की इस लड़ाई में नैतिक और कूटनीतिक समर्थन दें। उन्होंने विशेष रूप से भारतीय नागरिकों, मीडिया, यूट्यूबरों और बुद्धिजीवियों से अनुरोध किया कि वे बलूच लोगों को “पाकिस्तान के अपने लोग” कहना बंद करें। उनके अनुसार, पाकिस्तान के ‘अपने लोग’ केवल पंजाबी समुदाय के हैं, जबकि बलूच समुदाय लंबे समय से उपेक्षित और उत्पीड़ित है।

बलूच जनता सड़कों पर, दुनिया को दिखाना होगा साहस

बलूच नेता ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा, “बलूचिस्तान के लोग अब सड़कों पर हैं। वे अपने अधिकारों और आजादी के लिए संघर्ष कर रहे हैं।” उन्होंने कहा कि अब दुनिया को मौन नहीं रहना चाहिए, बल्कि बलूचों की आवाज को पहचानना और उनका साथ देना चाहिए। उन्होंने कहा, “तुम मारोगे हम टूटेंगे नहीं, हम नाक बचाएंगे, आओ हमारा साथ दो।”

बलूचिस्तान की आवाज को मिले वैश्विक मंच

मीर यार बलूच ने यह भी कहा कि बलूच जनता की आवाज़ को अब वैश्विक मंच पर उठाया जाना जरूरी है। उन्होंने कहा कि यह केवल एक सीमित क्षेत्र का मुद्दा नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय मानवाधिकारों का मामला है। उन्होंने संयुक्त राष्ट्र, मानवाधिकार संगठनों और वैश्विक मीडिया से अपील की कि वे बलूचिस्तान के हालात की जांच करें और इसके लोगों को न्याय दिलाने में मदद करें।

Spread the love

Leave a Reply