Yamuna Express-way Accident: शनिवार की सुबह यमुना एक्सप्रेसवे पर एक दर्दनाक हादसे में छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई और दो महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं। यह हादसा बलदेव थाना क्षेत्र के अंतर्गत गांव सराय सालवान के समीप माइल स्टोन 140 के पास हुआ, जब नोएडा से आगरा जा रही एक इको गाड़ी को तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने पीछे से टक्कर मार दी।
इको गाड़ी बुरी तरह क्षतिग्रस्त
यह दुर्घटना सुबह करीब साढ़े तीन बजे घटी। टक्कर इतनी भीषण थी कि इको गाड़ी पूरी तरह से चकनाचूर हो गई। टक्कर के तुरंत बाद ही मौके पर कोहराम मच गया। स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद पुलिस और राहत दल घटनास्थल पर पहुंचे।
पिता और दो बेटों की मौके पर ही मौत, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
मृतकों में आगरा जिले के थाना बसोनी क्षेत्र के गांव हरलालपुरा निवासी धर्मवीर सिंह, उनके दो पुत्र रोहित और आर्यन भी शामिल हैं। ये तीनों एक ही परिवार से ताल्लुक रखते हैं। इनके अलावा गाड़ी में सवार तीन अन्य लोगों की भी मौत हो गई, जिनकी पहचान अभी सार्वजनिक नहीं की गई है।
दो महिलाएं इस हादसे में गंभीर रूप से घायल हैं, जिन्हें उपचार के लिए मथुरा के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
पुलिस जांच में जुटी, अज्ञात वाहन का सुराग तलाशने की कोशिश
दुर्घटना के बाद अज्ञात वाहन घटनास्थल से फरार हो गया। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और टोल प्लाजा की जांच के जरिए उस वाहन की पहचान करने की कोशिश कर रही है। बलदेव थाना प्रभारी के अनुसार, जल्द ही वाहन और उसके चालक की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी।इस घटना ने फिर से एक्सप्रेसवे की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। हादसे में जिनकी जान गई, उनके परिजनों को सूचना दे दी गई है और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।