PM Modi:प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारतीय राजनीति में एक और ऐतिहासिक उपलब्धि अपने नाम कर ली है। शुक्रवार, 25 जुलाई 2025 को प्रधानमंत्री पद पर रहते हुए उन्होंने 4078 दिन का कार्यकाल पूरा कर लिया। इसके साथ ही उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी को पीछे छोड़ दिया है, जो 4018 दिनों तक इस पद पर रहीं थीं। अब नरेंद्र मोदी भारत के इतिहास में सबसे लंबे समय तक प्रधानमंत्री पद पर रहने वाले दूसरे व्यक्ति बन गए हैं।
केवल जवाहरलाल नेहरू अब भी आगे
देश के पहले प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू अभी भी इस सूची में शीर्ष पर हैं। वे स्वतंत्रता के बाद 17 वर्षों तक (लगभग 6130 दिन) देश के प्रधानमंत्री रहे। हालांकि नरेंद्र मोदी का कार्यकाल अभी जारी है, और इस गति से अगर वे 2029 तक पद पर बने रहते हैं तो वे नेहरू का रिकॉर्ड भी तोड़ सकते हैं।
लगातार नेतृत्व देने वाले इकलौते नेता
नरेंद्र मोदी का यह रिकॉर्ड केवल केंद्र सरकार तक सीमित नहीं है। वे राज्य और केंद्र दोनों स्तरों पर लगातार नेतृत्व देने वाले भारत के इकलौते नेता हैं। उन्होंने 2001 में गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में कार्यभार संभाला था और 2014 में देश के प्रधानमंत्री बने। तब से लेकर अब तक वे लगातार शासन में हैं—जो कुल मिलाकर 24 वर्षों का निरंतर नेतृत्व है। यह उपलब्धि उन्हें भारतीय राजनीति में एक अनूठा स्थान दिलाती है।
1947 के बाद जन्मे सबसे लंबे समय तक पद पर रहने वाले प्रधानमंत्री
नरेंद्र मोदी स्वतंत्र भारत (1947 के बाद) में जन्मे पहले प्रधानमंत्री हैं जिन्होंने इतना लंबा कार्यकाल पूरा किया है। साथ ही, वे किसी गैर-हिंदी भाषी राज्य (गुजरात) से आने वाले सबसे लंबे समय तक प्रधानमंत्री पद पर बने रहने वाले पहले नेता हैं। यह दर्शाता है कि उनकी स्वीकार्यता और लोकप्रियता देशभर में व्यापक है।
प्रधानमंत्री मोदी का नेतृत्व
प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत ने वैश्विक मंच पर अपनी सशक्त उपस्थिति दर्ज कराई है। उनकी सरकार ने आर्थिक सुधारों, डिजिटल इंडिया, स्वच्छ भारत अभियान, मेक इन इंडिया, और आत्मनिर्भर भारत जैसे कई बड़े पहल किए हैं। इसके अलावा कूटनीतिक स्तर पर भी भारत ने अमेरिका, यूरोप, खाड़ी देशों और एशियाई देशों के साथ संबंधों को नई ऊंचाई दी है।