You are currently viewing Mahoba में बारिश बनी कहर: कच्चा मकान ढहा, मां-बेटे की मौत, पिता-पुत्र गंभीर घायल

Mahoba में बारिश बनी कहर: कच्चा मकान ढहा, मां-बेटे की मौत, पिता-पुत्र गंभीर घायल

Mahoba News:उत्तर प्रदेश के महोबा जिले में पिछले 24 घंटों से जारी मूसलधार बारिश ने व्यापक तबाही मचाई है। गुरुवार शाम से शुरू हुई झमाझम बारिश ने ग्रामीण क्षेत्रों में भारी नुकसान पहुंचाया है। कई गांवों में जलभराव के चलते लोगों के घरों में पानी घुस गया, तो वहीं दर्जनों कच्चे मकान गिर गए।बारिश का सबसे भयावह मंजर श्रीनगर थाना क्षेत्र के सिजहरी गांव में देखने को मिला, जहां एक कच्चा मकान ढह गया। इस दर्दनाक हादसे में मां और बेटे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पिता और दूसरा बेटा गंभीर रूप से घायल हो गए।

रात को सोते समय ढहा मकान

यह हादसा गुरुवार देर रात करीब ढाई बजे हुआ। सिजहरी गांव निवासी 42 वर्षीय वृंदावन यादव अपनी पत्नी जशोदा (35 वर्ष), 16 वर्षीय पुत्र प्राण सिंह और 8 वर्षीय पुत्र ज्ञान सिंह के साथ अपने कच्चे घर में सो रहे थे।लगातार हो रही बारिश की वजह से मकान की दीवारें और छत कमजोर हो गई थीं। अचानक मकान भरभराकर गिर गया और चारों सदस्य मलबे के नीचे दब गए। आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और राहत व बचाव कार्य शुरू किया।

मां-बेटे की मौके पर मौत, घायल अस्पताल में भर्ती

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। ग्रामीणों की मदद से मलबा हटाकर चारों को बाहर निकाला गया। इस हादसे में जशोदा और प्राण सिंह की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि वृंदावन यादव और ज्ञान सिंह को गंभीर अवस्था में जिला अस्पताल महोबा में भर्ती कराया गया है।
पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के बाद पूरे गांव में मातम का माहौल है।

उर्मिल बांध के पानी से कई घरों में घुसा पानी, मार्ग बंद

बारिश के कारण उर्मिल बांध का जलस्तर तेजी से बढ़ गया है और यह खतरे के निशान पर पहुंच गया है। बांध से सटे इलाकों में कई घरों में पानी भर गया है, जिससे लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा रहा है।इसी के साथ कुलपहाड़-नौगांव मार्ग पर भारी जलभराव हो गया है, जिससे लगभग 20 गांवों का संपर्क जिला मुख्यालय से कट गया है। लोग घरों में कैद होकर रह गए हैं और प्रशासन की ओर से वैकल्पिक मार्ग की व्यवस्था की जा रही है।

प्रशासन ने जारी किया अलर्ट

प्रशासन ने जिले के सभी संवेदनशील क्षेत्रों में अलर्ट जारी कर दिया है। विशेष रूप से कच्चे और जर्जर मकानों में रह रहे लोगों से अपील की गई है कि वे सुरक्षित स्थानों पर चले जाएं। साथ ही लगातार बारिश के बीच किसी भी आपात स्थिति में तत्काल प्रशासन से संपर्क करने के निर्देश भी जारी किए गए हैं।

Spread the love

Leave a Reply