The Kerala Story 2 Total Earnings: द केरल स्टोरी 2 ने सिनेमाघरों में अपना एक सप्ताह का सफर पूरा कर लिया है। सुदीप्तो सेन के निर्देशन में बनी इस फिल्म को लेकर सोशल मीडिया और क्रिटिक्स के बीच काफी चर्चा रही। हालांकि फिल्म को समीक्षकों से ठंडी प्रतिक्रिया मिली, लेकिन दर्शकों के एक निश्चित वर्ग ने फिल्म को अपना समर्थन देना जारी रखा है। आइए जानते हैं फिल्म की अब तक की कमाई और इसके भविष्य का गणित।
धीमी शुरुआत के बाद सिनेमाघरों में फिल्म की पकड़
बताते चले कि, 27 फरवरी को बड़े पर्दे पर दस्तक देने वाली ‘द केरल स्टोरी 2’ की शुरुआत बॉक्स ऑफिस पर काफी सुस्त रही थी। फिल्म ने अपने ओपनिंग डे पर महज 75 लाख रुपये का कारोबार किया था। शुरुआती आंकड़ों को देखकर लग रहा था कि फिल्म संघर्ष करेगी, लेकिन शनिवार और रविवार को इसके कलेक्शन में अच्छी बढ़त देखी गई।
उल्का गुप्ता, ऐश्वर्या ओझा और अदिति भाटिया जैसे कलाकारों के अभिनय से सजी इस फिल्म ने अपने पहले हफ्ते के अंत तक लगभग 22.9 करोड़ रुपये बटोर लिए। यह वृद्धि दर्शाती है कि नकारात्मक रिव्यूज के बावजूद फिल्म दर्शकों को अपनी ओर आकर्षित करने में सफल रही है।
दूसरे शुक्रवार का कलेक्शन
आपको बता दे कि, फिल्म ने अब अपने दूसरे हफ्ते में प्रवेश कर लिया है। रिलीज के 8वें दिन (दूसरे शुक्रवार) फिल्म के कलेक्शन में फिर से उछाल देखा गया और इसने लगभग 2.47 करोड़ रुपये की कमाई की।
कुल कमाई का अपडेट: भारतीय बॉक्स ऑफिस पर फिल्म का अब तक का नेट कलेक्शन 25.37 करोड़ रुपये हो चुका है। दूसरे वीकेंड में ट्रेड एक्सपर्ट्स को और भी बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद है।
बजट की रिकवरी और फिल्म के हिट होने का गणित
फिल्म के मुनाफे की बात करें तो ‘द केरल स्टोरी 2’ का कुल बजट लगभग 28 करोड़ रुपये बताया जा रहा है। ताजा आंकड़ों के अनुसार, फिल्म ने अपनी लागत का 80 प्रतिशत से अधिक हिस्सा वसूल कर लिया है।
अब इसे ‘सेफ जोन’ में आने और हिट का टैग हासिल करने के लिए मात्र 4 करोड़ रुपये की और दरकार है। जिस तरह से फिल्म दूसरे हफ्ते में कदम रख रही है, उम्मीद जताई जा रही है कि यह जल्द ही 30 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर जाएगी और बॉक्स ऑफिस पर एक सफल फिल्म के रूप में दर्ज होगी।
पहले पार्ट के मुकाबले फिल्म का प्रदर्शन
भले ही यह फिल्म अपनी लागत निकालने के करीब है, लेकिन अगर इसकी तुलना 2023 में आई इसके पहले भाग ‘द केरल स्टोरी’ से की जाए, तो यह काफी पीछे नजर आती है। पहला पार्ट: ‘द केरल स्टोरी’ ने अपने पहले ही हफ्ते में हिंदी वर्जन से 81.14 करोड़ रुपये की ऐतिहासिक कमाई की थी और इसका लाइफटाइम कलेक्शन 241.74 करोड़ रुपये रहा था। सीक्वल: वर्तमान फिल्म ने पहले हफ्ते में केवल 22.9 करोड़ की कमाई की है। साफ है कि फिल्म पहले पार्ट जैसा करिश्मा दोहराने में तो नाकाम रही है, लेकिन अपने सीमित बजट के हिसाब से यह बॉक्स ऑफिस पर एक संतोषजनक प्रदर्शन करने में कामयाब रही है।

