Mumbai Rainfall Alert: मुंबई में बीते 24 घंटों के भीतर हुई लगभग 300 मिमी भारी बारिश ने शहर को पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया है। इस बारिश का असर सिर्फ आम नागरिकों तक ही सीमित नहीं रहा, बल्कि फिल्मी दुनिया की हस्तियां भी इससे प्रभावित हुई हैं। बॉलीवुड के मेगास्टार अमिताभ बच्चन के जुहू स्थित निवास ‘जलसा’ के बाहर भारी जलभराव देखा गया है।
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में दावा किया जा रहा है कि स्वयं अमिताभ बच्चन वाइपर से पानी निकालते नजर आए, हालांकि इसकी पुष्टि अब तक नहीं हो पाई है। रिपोर्ट्स के अनुसार, उनका पूर्व निवास ‘प्रतीक्षा’ भी पानी में डूब गया है।
लोकल ट्रेनें, उड़ानें और परिवहन व्यवस्था चरमराई
मुंबई की लोकल ट्रेन सेवा और हवाई यात्रा दोनों पर इस बारिश का जबरदस्त असर पड़ा है। करीब 34 ट्रेनों को रद्द करना पड़ा, जबकि 250 से अधिक उड़ानें या तो रद्द हुईं या देरी से चलीं। जिससे यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
तीसरे दिन भी स्कूल-कॉलेज बंद, बीएमसी ने की शांति बनाए रखने की अपील
शहर में जलभराव और लगातार बारिश के चलते स्कूल, कॉलेज और सरकारी दफ्तरों को लगातार तीसरे दिन बंद रखना पड़ा है। मुंबई महानगरपालिका (BMC) ने नागरिकों से अफवाहों से बचने और किसी भी आपात स्थिति में हेल्पलाइन नंबर 1916 पर संपर्क करने की अपील की है।
महाराष्ट्र के अन्य जिले भी प्रभावित, छह लोगों की मौत
मुंबई के अलावा, महाराष्ट्र के कई जिलों में भी भारी बारिश और बाढ़ जैसे हालात पैदा हो गए हैं। बीते 24 घंटों में छह लोगों की जान चली गई है। राहत कार्यों के लिए NDRF की 18 टीमें विभिन्न जिलों में तैनात की गई हैं।
नांदेड़ जिले के मुखेड क्षेत्र में SDRF की टीम ने 293 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला है। सरकार द्वारा राहत कार्य तेजी से चलाए जा रहे हैं।
मोनो रेल में फंसे 582 यात्री, सभी सुरक्षित निकाले गए
बारिश के कारण मंगलवार शाम को चेंबूर और भक्ती पार्क के बीच एक मोनो रेल तकनीकी खराबी के चलते रुक गई, जिसमें 582 यात्री फंस गए थे। बीएमसी की फायर ब्रिगेड द्वारा सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।इनमें से 23 यात्रियों को तत्काल मेडिकल सहायता दी गई, जबकि 2 गंभीर मरीजों को सायन अस्पताल में भर्ती कराया गया। यात्रियों के अनुसार, एसी बंद हो गया था और ट्रेन खतरनाक तरीके से झुक गई थी, जिससे यात्रियों में दहशत फैल गई।
मुख्यमंत्री ने दिए जांच के आदेश
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने इस घटना को गंभीरता से लेते हुए जांच के आदेश दे दिए हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि भविष्य में ऐसी स्थिति न उत्पन्न हो, इसके लिए आवश्यक सुरक्षा उपाय सुनिश्चित किए जाएं।

