UP Panchayat Elections:उत्तर प्रदेश कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार राय ने बड़ा राजनीतिक संकेत देते हुए कहा है कि कांग्रेस अब प्रदेश में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव अपने दम पर लड़ेगी। वह सहारनपुर सांसद इमरान मसूद के घर ईद की बधाई देने पहुंचे थे, जहां उन्होंने पत्रकारों से बातचीत में यह घोषणा की।अजय राय ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ा है और पार्टी जमीनी स्तर पर अपनी पकड़ मजबूत कर रही है। उन्होंने दावा किया कि यूपी में कांग्रेस का जनाधार फिर से लौट रहा है और जनता अब विकल्प चाहती है।
पिछड़ों की आवाज बन रहे हैं राहुल गांधी
अजय राय ने राहुल गांधी की भूमिका पर जोर देते हुए कहा कि वे लगातार पिछड़े वर्गों और वंचितों की आवाज उठा रहे हैं। उन्होंने कहा कि बीजेपी सरकार सामाजिक न्याय के मुद्दों से भाग रही है, जबकि कांग्रेस हर दबे-कुचले तबके की हक की लड़ाई लड़ रही है।उन्होंने कहा, “राहुल गांधी का फोकस देश के मूल मुद्दों पर है, वहीं सत्ताधारी दल ध्यान भटकाने में लगा है।”
ऑपरेशन सिंदूर और सरकार की चुप्पी पर उठाए सवाल
अजय राय ने हाल ही में चर्चा में रहे ऑपरेशन सिंदूर पर केंद्र सरकार से सवाल पूछते हुए कहा कि इस मामले में देश के लोगों को सही जानकारी नहीं दी जा रही है। उन्होंने संसद का विशेष सत्र बुलाने की मांग की ताकि सरकार इस मुद्दे पर स्थिति स्पष्ट कर सके।उन्होंने कहा, “जब सीजफायर जैसी महत्वपूर्ण जानकारी देश को विदेशी स्रोतों से मिल रही है, तो यह गंभीर चिंता का विषय है। सवाल ये है कि देश को असल में चला कौन रहा है— ट्रंप या मोदी?”
धार्मिक परियोजनाओं और घोटालों पर भी किए सवाल
अजय राय ने वृंदावन कॉरिडोर प्रोजेक्ट पर भी सरकार की नीयत पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि धार्मिक आस्था के नाम पर बड़े-बड़े प्रोजेक्ट्स में पारदर्शिता की कमी है।साथ ही उन्होंने अयोध्या में हुए प्रसाद घोटाले का भी जिक्र किया और इस पर जांच की मांग की। उन्होंने कहा कि आस्था के नाम पर घोटाले बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे।
पंचायत चुनाव में कांग्रेस की रणनीति
अजय राय ने कहा कि कांग्रेस अब संकोच की राजनीति नहीं करेगी। पंचायत चुनाव में कांग्रेस अपने दम पर मैदान में उतरेगी और जमीनी कार्यकर्ताओं के दम पर सत्ता को चुनौती देगी। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वह बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करें।