लोकसभा चुनावों के पांचवें, छठे और सातवें चरणों का प्रचार अभियान तेज हो गया है। विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रमुख नेता मतदाताओं को लुभाने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ रहे हैं। इस बीच पांचवे चरण से पहले लखनऊ में आज INDIA गठबंधन की संयुक्त प्रेस वार्ता हुई। जिसमे एअप के संयोजक अरविंद केजरीवाल और सपा मुखिया अखिलेश यादव ने जमकर भाजपा पर हमला बोला।
‘140 करोड़ की जनता इनको 140 सीटों के नीचे पहुंचा देगी’
इस दौरान अखिलेश यादव ने कहा कि,जो देश का माहौल है, भाजपा 4 चरणों में चारों खाने चित्त हो गई है। अब वह स्वयं स्वीकार कर रहे हैं कि 143 सीटों से ज्यादा नहीं जीत रहे हैं, 140 करोड़ की जनता इनको 140 सीटों के नीचे पहुंचा देगी।
‘हम संविधान बचाने के लिए लड़ाई लड़ रहे’
इसी कड़ी में आगे उन्होंने कहा कि,यह यूपी, दिल्ली और पंजाब की 99 सीटों पर ही उलझ के रह गए हैं और यहां सबसे बड़ी हार भाजपा की होने जा रही है। रोटी कपड़ा और मकान के साथ साथ हम संविधान बचाने के लिए लड़ाई लड़ रहे हैं।
‘अब जनता इनके झूठ को जान गई’
भाजपा पर हमला बोलते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि,बीजेपी ब्रहमाण्ड की सबसे झूठी पार्टी है और इनके झूठ दिन प्रतिदिन बढ़ते जा रहे हैं, लेकिन अब जनता इनके झूठ को जान गई है और उन्हें स्वीकार नहीं किया जा रहा है।