PM Modi Assam Visit: असम में विधानसभा चुनावों की सरगर्मी के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने धेमाजी के गोगामुख में एक विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए चुनावी बिगुल फूंक दिया है। 9 अप्रैल को होने वाले मतदान से पहले अपनी पहली रैली में पीएम मोदी ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला और राज्य में भाजपा-NDA सरकार की हैट्रिक का दावा किया। उन्होंने असम के विकास को ‘विकसित भारत’ के संकल्प से जोड़ते हुए आगामी रोडमैप पेश किया।
कांग्रेस की करारी शिकस्त का दावा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जनसभा को संबोधित करते हुए विपक्षी दल कांग्रेस पर जमकर प्रहार किया। उन्होंने कहा कि असम की जनता ने मन बना लिया है और यहाँ कांग्रेस की हार तय है। राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि “कांग्रेस के स्वघोषित राजकुमार की पराजय की सेंचुरी लगने वाली है।” पीएम ने जोर देकर कहा कि जनता अब केवल सेवा और सुशासन की राजनीति को चुन रही है, जिसे पिछले 10 वर्षों में सर्वानंद सोनोवाल और हिमंता विश्व शर्मा के नेतृत्व में असम ने महसूस किया है।
महिला सशक्तिकरण का संकल्प
पीएम मोदी ने रैली में ‘लखपति दीदी’ योजना की सफलता का जिक्र करते हुए असम की महिलाओं के लिए बड़ी घोषणा की। उन्होंने बताया कि अब तक राज्य की करीब 3 लाख बहनें इस अभियान से लाभान्वित हो चुकी हैं। असम भाजपा का चुनावी संकल्प साझा करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि “डबल इंजन की सरकार अब 40 लाख और बहनों को लखपति दीदी बनाने का प्रयास करेगी।” युवाओं और महिलाओं के उत्साह को देखते हुए उन्होंने विश्वास जताया कि चुनावी नतीजों में भाजपा गठबंधन की हैट्रिक पक्की है।
पहचान और संस्कृति की सुरक्षा
असम की सांस्कृतिक अस्मिता को लेकर पीएम मोदी ने समान नागरिक संहिता (Uniform Civil Code) और आदिवासी हितों पर अपनी बात रखी। उन्होंने स्पष्ट किया कि असम में यूसीसी लागू करने के साथ-साथ आदिवासी समाज और ‘सिक्स्थ शेड्यूल’ क्षेत्रों की परंपराओं को पूरी तरह सुरक्षित रखा जाएगा। पीएम ने कहा कि असम की पहचान बचाना भाजपा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। यह बयान राज्य के विभिन्न समुदायों को साधने और उनकी चिंताओं को दूर करने के प्रयास के रूप में देखा जा रहा है।
किसानों को राहत और बाढ़ का स्थायी समाधान
असम की सबसे बड़ी समस्या ‘बाढ़’ का जिक्र करते हुए पीएम मोदी ने स्थायी समाधान का भरोसा दिलाया। उन्होंने बताया कि केंद्र और राज्य की भाजपा-NDA सरकार सैंकड़ों करोड़ रुपये आधुनिक तटबंधों के निर्माण पर खर्च कर रही है। साथ ही, उन्होंने कृषि क्षेत्र की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि ‘पीएम फसल बीमा योजना’ के तहत असम के 11 लाख किसानों को 730 करोड़ रुपये से अधिक का क्लेम मिल चुका है। उन्होंने वादा किया कि आने वाले समय में बाढ़ नियंत्रण के लिए और भी बड़े कदम उठाए जाएंगे।

