You are currently viewing Lucknow Encounter: लखनऊ में एसटीएफ का बड़ा एक्शन! एक लाख का इनामी शूटर संजीव एनकाउंटर में ढेर

Lucknow Encounter: लखनऊ में एसटीएफ का बड़ा एक्शन! एक लाख का इनामी शूटर संजीव एनकाउंटर में ढेर

Lucknow Encounter: लखनऊ के इंदिरा कैनाल रोड पर शनिवार सुबह उत्तर प्रदेश पुलिस और एसटीएफ को एक बड़ी कामयाबी मिली। पुलिस ने अंबेडकरनगर जनपद के कुख्यात अपराधी संजय उर्फ संजीव को एक भीषण एनकाउंटर में ढेर कर दिया। संजीव लंबे समय से पुलिस के लिए सिरदर्द बना हुआ था। वह अंबेडकरनगर, बस्ती और अयोध्या जनपद में हत्या जैसी कई संगीन वारदातों को अंजाम दे चुका था। हाल ही में लखनऊ में हुए एक हाई-प्रोफाइल बिल्डर हत्याकांड में उसे मुख्य आरोपी बनाया गया था, जिसके बाद से पुलिस उसकी सरगर्मी से तलाश कर रही थी।

शातिर अपराधी संजीव पर घोषित था ₹1 लाख का इनाम

मारे गए अपराधी संजय उर्फ संजीव का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है। पुलिस प्रशासन ने उसकी गिरफ्तारी पर 1,00,000 (एक लाख) रुपये का इनाम घोषित कर रखा था। संजीव मूल रूप से अंबेडकरनगर जिले के अहिरौली थाना क्षेत्र के कोडर गांव का निवासी था और उसके पिता का नाम हरिराम है। पूर्वांचल के कई जिलों में उसका खौफ था और वह लगातार अपनी लोकेशन बदलकर पुलिस को चकमा दे रहा था, लेकिन आखिरकार कानून के हाथों से बच नहीं सका।

इंदिरा कैनाल रोड पर हुई मुठभेड़

लखनऊ पुलिस के मुताबिक, शनिवार तड़के खुफिया इनपुट के आधार पर इंदिरा कैनाल रोड के पास संजीव की घेराबंदी की गई थी। खुद को घिरा देख शातिर अपराधी ने आत्मसमर्पण करने के बजाय पुलिस टीम पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने भी आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई की, जिसमें संजीव गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तुरंत इलाज के लिए लखनऊ के डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

लखनऊ के जाने-माने बिल्डर संदीप सिंह की हत्या का मुख्य शूटर था संजीव

संजीव बीते 27 मई को लखनऊ के पीजीआई इलाके में हुए जाने-माने बिल्डर संदीप सिंह हत्याकांड का मुख्य शूटर था। संदीप सिंह की सरेराह गोली मारकर हत्या कर दी गई थी, जिससे राजधानी दहल उठी थी। इस सनसनीखेज मामले का खुलासा करते हुए यूपी एसटीएफ ने बताया था कि यह पूरी वारदात पुरानी रंजिश और जमीन के विवाद को लेकर अंजाम दी गई थी।

₹5 लाख की सुपारी देकर कराई गई थी हत्या

एसटीएफ की तफ्तीश में सामने आया था कि बिल्डर संदीप सिंह की हत्या के लिए अपराधियों को 5 लाख रुपये की सुपारी दी गई थी। पुलिस इस मामले में शामिल कई अन्य आरोपियों को पहले ही सलाखों के पीछे भेज चुकी है। इस पूरे हत्याकांड का मास्टरमाइंड दिनेश यादव था, जिसे पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। मुख्य शूटर संजीव फरार चल रहा था, जिसका आज पुलिस मुठभेड़ में अंत हो गया।

Spread the love

Leave a Reply