You are currently viewing Sonam Wangchuk Protest: ‘धर्मेंद्र प्रधान को हटाकर सोनम वांगचुक को शिक्षा मंत्री बनाओ’, जंतर-मंतर पर गरजे अरविंद केजरीवाल

Sonam Wangchuk Protest: ‘धर्मेंद्र प्रधान को हटाकर सोनम वांगचुक को शिक्षा मंत्री बनाओ’, जंतर-मंतर पर गरजे अरविंद केजरीवाल

Sonam Wangchuk Protest: दिल्ली के जंतर-मंतर पर लद्दाख की मांगों और देश की शिक्षा व्यवस्था में सुधार के लिए पर्यावरणविद् सोनम वांगचुक का आमरण अनशन लगातार जारी है। इस आंदोलन (Sonam Wangchuk Hunger Strike Delhi) को अपना समर्थन देने के लिए आम आदमी पार्टी (AAP) के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल खुद जंतर-मंतर पहुंचे।

अरविंद केजरीवाल ने सोनम वांगचुक से मुलाकात की और उनके संघर्ष को सलाम किया। उन्होंने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की और कहा कि धर्मेंद्र प्रधान को हटाकर सोनम वांगचुक को देश का शिक्षा मंत्री बनाया जाना चाहिए।

अरविंद केजरीवाल ने केंद्र सरकार को दी 2011 के अन्ना आंदोलन की याद

जंतर-मंतर पर प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए अरविंद केजरीवाल (Kejriwal at Jantar Mantar) ने साल 2011 के ऐतिहासिक जनलोकपाल आंदोलन को याद किया। उन्होंने कहा, “4 अप्रैल 2011 के दिन इसी जंतर-मंतर पर अन्ना हजारे बैठे थे। उस वक्त की कांग्रेस सरकार भारी अहंकार में थी, नतीजा यह हुआ कि तीन साल बाद उनकी सरकार नहीं बची। आज 2026 है, अगर केंद्र सरकार ने अब भी जनता और सोनम वांगचुक की बात नहीं सुनी, तो साल 2029 में यह सरकार भी सत्ता से बाहर हो जाएगी।”

पेपर लीक और नीट परीक्षा घोटाले पर मोदी सरकार को घेरा

अरविंद केजरीवाल ने देश में लगातार हो रहे पेपर लीक के मामलों (Arvind Kejriwal on Paper Leak) को लेकर बेहद गंभीर चिंता जताई। उन्होंने नीट (NEET) परीक्षा का जिक्र करते हुए कहा कि पेपर लीक के कारण 20 से ज्यादा छात्रों ने आत्महत्या कर ली, लेकिन सरकार के कानों पर जूं तक नहीं रेंगी।

केजरीवाल ने कहा, “मैंने खुद आईआईटी (IIT) की परीक्षा दी थी और मेरे दोनों बच्चों ने भी आईआईटी से पढ़ाई की है, लेकिन हमारे समय पर कभी पेपर लीक नहीं होते थे। आज हर साल पेपर लीक हो रहे हैं। पेपर लीक होता है, कमेटी बनती है, एफआईआर दर्ज होती है और आरोपियों को आसानी से बेल मिल जाती है। अगले साल फिर से पेपर लीक की तैयारी शुरू हो जाती है। इस दूषित सिस्टम को अब हर हाल में बदलना ही होगा।”

20 जुलाई को जंतर-मंतर पहुंचने की बड़ी अपील

पूर्व मुख्यमंत्री ने देश के कोने-कोने से आए लोगों और युवाओं से इस आंदोलन को और मजबूत करने का आह्वान किया। उन्होंने अपील की कि 20 तारीख (20 जुलाई) को देश के सभी नागरिक भारी से भारी संख्या में जंतर-मंतर पहुंचें ताकि सरकार पर दबाव बनाया जा सके। केजरीवाल ने साफ कहा कि जब तक शिक्षा व्यवस्था में क्रांतिकारी बदलाव नहीं होंगे और लीक माफियाओं पर नकेल नहीं कसी जाएगी, तब तक देश के युवाओं का भविष्य सुरक्षित नहीं हो सकता।

Spread the love

Leave a Reply