You are currently viewing UP News: UP में 17 सितंबर से शुरू होगा ‘सेवा संकल्प अभियान’, 4.19 करोड़ परिवारों तक पहुंचेगा संदेश

UP News: UP में 17 सितंबर से शुरू होगा ‘सेवा संकल्प अभियान’, 4.19 करोड़ परिवारों तक पहुंचेगा संदेश

UP News: लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के जनसेवा कार्यकाल को जन-जन तक पहुंचाने के लिए ‘सेवा संकल्प अभियान’ की तैयारियों की समीक्षा की। उत्तर प्रदेश में यह अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा। इसके जरिए केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों और नीतिगत उपलब्धियों की जानकारी लोगों तक पहुंचाई जाएगी। साथ ही नागरिकों को ‘विकसित भारत 2047’ के संकल्प से जोड़ने पर जोर रहेगा।

पीएम मोदी के 25 साल की सेवा और विकास कार्यों का प्रचार

मुख्यमंत्री ने कहा कि अभियान को व्यापक जनभागीदारी के साथ आयोजित किया जाए। सेवा, सुशासन, गरीब कल्याण और विकास की उपलब्धियों को वास्तविक लाभार्थियों की कहानियों के माध्यम से सामने लाया जाएगा। युवा, महिलाएं, किसान और वंचित वर्ग समेत समाज के सभी वर्गों को कार्यक्रमों में शामिल करने के निर्देश दिए गए हैं।

4.19 करोड़ परिवार और 15.74 करोड़ लाभार्थी होंगे अभियान से जुड़े

बैठक में बताया गया कि अभियान के लिए शासन, मुख्यमंत्री कार्यालय और जनपद स्तर पर त्रिस्तरीय समन्वय व्यवस्था बनाई गई है। केंद्र और राज्य सरकार के विकास कार्यों का डेटा बैंक भी तैयार किया गया है। अभियान के तहत 4.19 करोड़ परिवारों और 15.74 करोड़ लाभार्थियों तक पहुंचने का लक्ष्य रखा गया है। इनमें 3.51 करोड़ ग्रामीण और 0.68 करोड़ शहरी परिवार शामिल हैं।

सेवा दिवस से अभियान की शुरुआत, दीप प्रज्ज्वलन कार्यक्रम

17 सितंबर को ‘सेवा दिवस : आशीर्वाद का दीया’ के तहत अभियान की शुरुआत होगी। शाम सात बजे सेवा गतिविधियों के साथ दीप प्रज्ज्वलन किया जाएगा। लाभार्थी परिवारों और प्रमुख विकास परियोजनाओं के स्थलों पर भी दीप जलाए जाएंगे। विश्वकर्मा जयंती के अवसर पर विधानसभाओं में विश्वकर्मा पूजन और शिल्पकारों को टूलकिट वितरण भी होगा।

स्कूल-कॉलेजों में ‘मेरे सपनों का भारत’ प्रतियोगिताएं

17 सितंबर से 7 अक्टूबर तक स्कूलों में चित्रकला और भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। उच्च शिक्षण संस्थानों में भाषण और डिबेट प्रतियोगिताओं का आयोजन होगा। बेहतर प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रमाण-पत्र और पुरस्कार दिए जाएंगे।

नुक्कड़ नाटक और डिजिटल रील से बताएंगे विकास की कहानी

‘नमो सेवा : अनकही कहानियां’ कार्यक्रम के तहत सांस्कृतिक नुक्कड़ नाटकों के जरिए गांवों और शहरों में सरकार की योजनाओं और विकास की कहानी बताई जाएगी। वहीं ‘सेवा की कहानी’ डिजिटल अभियान में 25 लाख लाभार्थियों के जीवन में आए बदलाव की 60 सेकंड की वास्तविक कहानियां रील के माध्यम से सामने लाई जाएंगी।

आंगनबाड़ी केंद्रों पर सेवा और पोषण कार्यक्रम

25 सितंबर से 7 अक्टूबर तक आंगनबाड़ी केंद्रों पर तीन दिवसीय कार्यक्रम होंगे। कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं, आशा दीदियों और उत्कृष्ट लाभार्थी माताओं का सम्मान किया जाएगा। हेल्दी बेबी प्रतियोगिता के साथ पोषण और स्वास्थ्य संबंधी गतिविधियां भी होंगी।

Influencers Connect से दिखेगा UP का विकास मॉडल

अभियान के तहत करीब 150 डिजिटल इन्फ्लुएंसर्स, पॉडकास्टर्स और व्लॉगर्स को प्रदेश की प्रमुख विकास परियोजनाओं का भ्रमण कराया जाएगा। एक्सप्रेसवे, एयरपोर्ट, डिफेंस कॉरिडोर, काशी कॉरिडोर, राम मंदिर और अन्य प्रमुख स्थलों के जरिए विकास का ‘पहले और बाद’ का बदलाव दिखाने की योजना है।

‘सेवा मेरा योगदान’ से जुड़ेंगे आम नागरिक

नागरिकों को रक्तदान, वृक्षारोपण, स्वच्छता, स्वास्थ्य जांच, जल संरक्षण, शिक्षा सहयोग, नशामुक्ति, साइबर सुरक्षा और दिव्यांगजन सहयोग समेत 25 सेवा गतिविधियों से जोड़ा जाएगा। कम से कम 25 मिनट श्रमदान कर ‘माई भारत पोर्टल’ पर फोटो या वीडियो अपलोड करने वालों को डिजिटल प्रमाण-पत्र मिलेगा।

सेवा सेतु शिविर और ‘विकसित भारत 2047’ का संकल्प

प्रत्येक विकासखंड में सात दिवसीय ‘सेवा सेतु’ शिविर लगाए जाएंगे, जहां स्वास्थ्य सेवाओं के साथ सरकारी योजनाओं की जानकारी, आवेदन और पात्रता सत्यापन की सुविधा मिलेगी। 7 अक्टूबर को सेवा ज्योति कलश यात्रा, पैदल, साइकिल और बाइक रैलियों के साथ ‘विकसित भारत 2047’ का सामूहिक संकल्प लिया जाएगा।

वाराणसी से वडनगर तक जाएगी जल-जन-सेवा यात्रा

वाराणसी से 250 बाइक और 500 यात्रियों के साथ गंगाजल लेकर वडनगर जाने की योजना है। अलग-अलग मार्गों से 20 टोलियां यात्रा करेंगी। दोनों स्थानों के पवित्र जल से काशी विश्वनाथ और वडनगर के हाटकेश्वर महादेव का जलाभिषेक किया जाएगा।

17 अक्टूबर को सुशासन सेवा संवाद के साथ समापन

‘सुशासन सेवा संवाद’ के साथ 17 अक्टूबर को अभियान का समापन होगा। ग्राम प्रधान से सांसद तक जनप्रतिनिधि एकत्र होकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सेवा कार्यकाल को याद करेंगे और विकसित भारत 2047 का संकल्प लेंगे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अभियान को ‘सेवा से संकल्प’ की व्यापक यात्रा के रूप में आगे बढ़ाया जाए।

Spread the love

Leave a Reply