You are currently viewing UP News: यूपी में सड़कों को गड्ढामुक्त करने की तैयारी तेज, 27 सितंबर को सीएम योगी करेंगे PWD के कामों की समीक्षा

UP News: यूपी में सड़कों को गड्ढामुक्त करने की तैयारी तेज, 27 सितंबर को सीएम योगी करेंगे PWD के कामों की समीक्षा

UP News: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 27 सितंबर को लोक निर्माण विभाग (PWD) के कार्यों की समीक्षा करेंगे। दोपहर 12 बजे से होने वाली इस बैठक में प्रदेश की सड़कों की स्थिति, बारिश से क्षतिग्रस्त मार्गों की मरम्मत और अधूरी परियोजनाओं की प्रगति का जायजा लिया जाएगा। बैठक को लेकर पीडब्ल्यूडी के प्रमुख सचिव अजय चौहान ने सभी मुख्य अभियंताओं को आवश्यक जानकारियों और रिपोर्ट के साथ उपस्थित रहने के निर्देश दिए हैं।

यूपी में गड्ढामुक्त सड़क अभियान

मुख्यमंत्री की बैठक में बारिश के कारण टूटी सड़कों की मरम्मत और उन्हें गड्ढामुक्त बनाने के अभियान की समीक्षा की जाएगी। इसके साथ ही वित्तीय वर्ष 2023-24 से पहले स्वीकृत 50 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाले अधूरे कार्यों को पूरा करने के लिए पुनरीक्षित कार्ययोजना पर चर्चा होगी। वित्तीय वर्ष 2027-28 के नए कार्यों की योजना और 2026-27 में आवंटित बजट तथा खर्च का भी हिसाब लिया जाएगा। बैठक में जीएसटी और अतिरिक्त बिटुमिन की मांग से संबंधित रिपोर्ट भी प्रस्तुत की जाएगी।

PWD के सभी कार्यालय रविवार को भी खुलेंगे

सीएम योगी की समीक्षा बैठक को देखते हुए लोक निर्माण विभाग के कार्यालय शनिवार और रविवार को भी खुले रहेंगे। विभाग के प्रमुख अभियंता एवं विभागाध्यक्ष एके द्विवेदी के अनुसार, प्रमुख अभियंता कार्यालय के साथ सभी क्षेत्रीय, वृत्तीय और खंडीय कार्यालयों में सामान्य दिनों की तरह कामकाज होगा। मुख्य अभियंता मुख्यालय-1 सेतु और भवन कार्यालय भी खुले रहेंगे, ताकि समीक्षा बैठक के लिए सभी जरूरी जानकारियां समय पर तैयार की जा सकें।

कानपुर में जर्जर सड़कों पर महापौर सख्त

कानपुर में खराब सड़कों और गड्ढों की समस्या को लेकर महापौर प्रमिला पांडेय ने पीडब्ल्यूडी की जिम्मेदारी पर सवाल उठाए हैं। शुक्रवार को नगर निगम मुख्यालय में हुई बैठक में उन्होंने कहा कि शहर की कई खस्ताहाल सड़कें लोक निर्माण विभाग के अंतर्गत आती हैं। बैठक में नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय समेत जलकल, पीडब्ल्यूडी, केस्को और मेट्रो के अधिकारी मौजूद रहे। नगर आयुक्त ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ 10 अक्टूबर तक सड़कों को गड्ढामुक्त करने के निर्देश दिए।

कानपुर में सड़क मरम्मत की समीक्षा

मोतीझील स्थित नगर निगम मुख्यालय में हुई बैठक में प्रमुख सड़कों की स्थिति, क्षतिग्रस्त मार्गों की मरम्मत और विभिन्न विभागों की ओर से सड़क खोदने के बाद उनकी बहाली की समीक्षा की गई। महापौर ने कहा कि शहर में कई स्थानों पर सड़कें गड्ढों में तब्दील हो चुकी हैं। वहीं, पाइपलाइन, बिजली लाइन और अन्य विकास कार्यों के लिए खोदी गई सड़कों की मरम्मत नहीं होने से लोगों को परेशानी हो रही है। उन्होंने संबंधित विभागों से जल्द मरम्मत कराने को कहा।

पीडब्ल्यूडी अधिकारियों को अल्टीमेटम

महापौर प्रमिला पांडेय ने पीडब्ल्यूडी अधिकारियों को जर्जर सड़कों की मरम्मत में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन मार्गों पर तत्काल मरम्मत की जरूरत है, वहां काम में देरी नहीं होनी चाहिए। त्योहारों को देखते हुए लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बैठक में सड़क मरम्मत की समस्याओं और काम पूरा करने की समय-सीमा पर भी चर्चा हुई। साथ ही यह निर्देश दिया गया कि एक विभाग की ओर से बनाई गई सड़क दूसरे विभाग की खोदाई के कारण दोबारा खराब नहीं होनी चाहिए।

10 अक्टूबर तक गड्ढामुक्त होंगी कानपुर की सड़कें

नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय ने बताया कि सभी संबंधित विभागों के बीच समन्वय स्थापित कर सड़कों के चल रहे और प्रस्तावित कार्यों की समीक्षा की गई है। अधिकारियों को 10 अक्टूबर तक सड़कों को गड्ढामुक्त करने का लक्ष्य दिया गया है। जिन स्थानों पर बारिश के कारण पैचवर्क प्रभावित हो रहा है, वहां मौसम साफ होते ही काम तेज किया जाएगा। नई सड़कें बनाने के लिए संबंधित विभाग अपनी निर्धारित कार्ययोजना के अनुसार निर्माण कार्य पूरा करेंगे।

Spread the love

Leave a Reply