You are currently viewing UP Rain Alert: यूपी में भारी बारिश का रेड अलर्ट! 27 सितंबर तक प्रशासन अलर्ट, लखनऊ समेत कई जिलों में स्कूल बंद

UP Rain Alert: यूपी में भारी बारिश का रेड अलर्ट! 27 सितंबर तक प्रशासन अलर्ट, लखनऊ समेत कई जिलों में स्कूल बंद

UP Rain Alert: उत्तर प्रदेश में पिछले कई दिनों से जारी बारिश के बीच मौसम विभाग ने अगले दो दिनों तक भारी बारिश की चेतावनी दी है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, प्रदेश के कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है, जबकि कुछ स्थानों पर अत्यधिक भारी बारिश की आशंका है। मौसम विभाग ने कई जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। बारिश के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। कुछ इलाकों में हवा की गति 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की संभावना है।

27 सितंबर तक यूपी में अलर्ट, सीएम योगी ने दिए सख्त निर्देश

भारी बारिश और संभावित बाढ़ को देखते हुए राज्य सरकार ने 27 सितंबर तक संबंधित जिलों के प्रशासन को अलर्ट पर रखा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जिलाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में जाकर राहत एवं बचाव कार्यों की निगरानी करने के निर्देश दिए हैं। रेड अलर्ट और अचानक बाढ़ की आशंका वाले जिलों में स्कूल बंद रखने के आदेश भी दिए गए हैं। प्रशासन को किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पूरी तैयारी रखने को कहा गया है।

भारी बारिश से नुकसान पर 24 घंटे में मिलेगी मदद

राज्य सरकार ने वरिष्ठ अधिकारियों को आकाशीय बिजली गिरने और अत्यधिक बारिश से हुए नुकसान का तत्काल आकलन करने के निर्देश दिए हैं। प्रभावित परिवारों को 24 घंटे के भीतर हर संभव सहायता उपलब्ध कराने को कहा गया है। लोगों से अपील की गई है कि तेज बारिश और बिजली कड़कने के दौरान अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलें। नदियों, तालाबों और अन्य जलाशयों में नहाने से बचने की भी सलाह दी गई है।

बाढ़ प्रभावित इलाकों में विशेष निगरानी

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जर्जर मकानों और अस्थायी झोपड़ियों में रहने वाले लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। जरूरत पड़ने पर ऐसे परिवारों को नजदीकी राहत शिविरों में पहुंचाया जाएगा। प्रशासन को संवेदनशील इलाकों में विशेष निगरानी रखने और स्थानीय परिस्थितियों के अनुसार सुरक्षा के उपाय करने को कहा गया है।

25 से 26 सितंबर तक भारी बारिश

मौसम विभाग के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में बने गहरे दबाव के कारण उत्तर प्रदेश में बारिश की गतिविधियां बढ़ने की संभावना है। 25 और 26 सितंबर को पूर्वी उत्तर प्रदेश तथा 26 सितंबर को पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। अगले 48 घंटों में अधिकतम तापमान में 4 से 7 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने का अनुमान है। लखनऊ में बादल छाए रहने, बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है। यहां अधिकतम तापमान 24 डिग्री और न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।

लखनऊ एयरपोर्ट की एडवाइजरी

बारिश के कारण यातायात प्रभावित होने की आशंका को देखते हुए लखनऊ के चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट ने यात्रियों के लिए एडवाइजरी जारी की है। एयरपोर्ट प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा की योजना बनाते समय अतिरिक्त समय लेकर चलें, क्योंकि शहर में ट्रैफिक जाम के कारण देरी हो सकती है। एयरपोर्ट की टीम सुचारू संचालन और यात्रियों की सुविधा सुनिश्चित करने के लिए लगातार स्थिति पर नजर रख रही है।

यूपी के 33 जिलों में बाढ़ का अलर्ट

राहत आयुक्त डॉ. ऋषिकेश भास्कर यशोद ने रेड और ऑरेंज अलर्ट वाले जिलों के जिलाधिकारियों के साथ तैयारियों की समीक्षा की। आजमगढ़, बलिया, गाजीपुर, मऊ, गोरखपुर, देवरिया, कुशीनगर, महाराजगंज, बस्ती, अयोध्या, लखनऊ, सीतापुर, बहराइच, बाराबंकी, रायबरेली, फतेहपुर, कानपुर नगर, बांदा और चित्रकूट समेत कई जिलों के कुछ हिस्सों में अचानक बाढ़ की आशंका जताई गई है। अधिकारियों को मौसम की चेतावनी लोगों तक पहुंचाने, संवेदनशील क्षेत्रों में संपर्क बनाए रखने और बाढ़, जलभराव, बिजली गिरने या तेज हवाओं की स्थिति में बिना देरी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।

Spread the love

Leave a Reply