You are currently viewing Lucknow News: HCL IT सिटी फेस-2 की आधारशिला, CM योगी बोले- लखनऊ अब IT के साथ AI और डीप टेक का भी बनेगा केंद्र

Lucknow News: HCL IT सिटी फेस-2 की आधारशिला, CM योगी बोले- लखनऊ अब IT के साथ AI और डीप टेक का भी बनेगा केंद्र

Lucknow News: लखनऊ में HCL की 10वीं वर्षगांठ के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने HCL IT सिटी फेस-2 की आधारशिला का अनावरण किया। इस दौरान उन्होंने उत्तर प्रदेश और HCL के बीच पिछले एक दशक में बने संबंधों को विकास और नई संभावनाओं की साझा यात्रा बताया। मुख्यमंत्री ने कहा कि 10 वर्ष पहले HCL ने उत्तर प्रदेश और लखनऊ को चुना था और लखनऊ ने भी HCL को अपनाया। आज यह साझेदारी प्रदेश के लोगों के लिए गौरव का विषय है।

HCL IT सिटी से लखनऊ को मिली वैश्विक पहचान

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि HCL IT सिटी की सफलता के पीछे यहां काम करने वाले कर्मचारियों की मेहनत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों की इस मेहनत के साथ किसी मां की दुआ और पिता का सपना भी पूरा हो रहा है। HCL के विस्तार से लखनऊ को वैश्विक स्तर पर नई पहचान मिली है और शहर में रोजगार तथा तकनीकी अवसरों का दायरा बढ़ा है।

लखनऊ बना युवाओं के करियर का नया IT हब

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि करीब एक दशक पहले उत्तर प्रदेश के युवाओं को डिग्री हासिल करने के बाद बेहतर करियर के लिए दिल्ली, बेंगलुरु, हैदराबाद और मुंबई जैसे शहरों का रुख करना पड़ता था। लेकिन अब परिस्थितियां बदल रही हैं। आज उत्तर प्रदेश का युवा अपने करियर के लिए लखनऊ को चुन रहा है। मुख्यमंत्री ने इसे प्रदेश की बदलती अर्थव्यवस्था और नई पहचान का महत्वपूर्ण संकेत बताया।

महिला सुरक्षा और रोजगार को लेकर योगी का दावा

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज उत्तर प्रदेश में बेटियां और महिलाएं नाइट शिफ्ट में भी बेझिझक काम कर रही हैं और सुरक्षित अपने घर लौट रही हैं। उन्होंने कानून-व्यवस्था में बदलाव का उल्लेख करते हुए कहा कि करीब एक दशक पहले जो लोग पुलिस अधिकारियों को निशाना बनाकर भय का माहौल पैदा करते थे, आज वही पुलिस की गाड़ी देखकर डरते हैं। योगी ने कहा कि महिलाओं और बेटियों के साथ छेड़छाड़ करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाती है।

लखनऊ को AI और डीप टेक का ग्लोबल सेंटर बनाने का लक्ष्य

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि HCL IT सिटी फेस-2 के साथ शुरू होने वाली गतिविधियों को अगले 10 वर्षों की विकास यात्रा से जोड़कर देखना चाहिए। उन्होंने कहा कि लखनऊ को केवल IT सर्विसेज का केंद्र बनाने के बजाय आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, सेमीकंडक्टर, साइबर सिक्योरिटी, कंप्यूटिंग टेक्नोलॉजी और डीप टेक का भी प्रमुख केंद्र बनाना होगा। इसके लिए उत्तर प्रदेश को तकनीकी और औद्योगिक जरूरतों के अनुरूप खुद को तैयार करना होगा।

युवा वर्कफोर्स और जमीन को यूपी की सबसे बड़ी ताकत बताया

मुख्यमंत्री ने उत्तर प्रदेश की जमीन और युवा आबादी को प्रदेश की प्रमुख ताकत बताया। उन्होंने कहा कि राज्य के पास दुनिया की सबसे उर्वर भूमि के साथ-साथ बड़ी युवा वर्कफोर्स भी मौजूद है। इस युवा शक्ति में प्रतिभा और क्षमता की कोई कमी नहीं है। योगी के मुताबिक, यही मानव संसाधन आने वाले वर्षों में उत्तर प्रदेश को तकनीक और निवेश के क्षेत्र में आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।

‘मुस्कराइए, आप लखनऊ में हैं’ से बदली शहर की तस्वीर

योगी आदित्यनाथ ने अपने संबोधन में लखनऊ की पुरानी और वर्तमान स्थिति का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि एक समय लखनऊ को लेकर ‘मुस्कराइए, आप लखनऊ में हैं’ जैसी पहचान थी, लेकिन उस दौर में शहर की गंदगी और प्रदेश की परिस्थितियां अलग थीं। उन्होंने पुराने दौर में अपराध, माफिया और युवाओं के लिए सीमित अवसरों का उल्लेख करते हुए कहा कि आज स्थिति बदल चुकी है।

बिजली, रोजगार और कानून-व्यवस्था में बदलाव का दावा

मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले उत्तर प्रदेश में बिजली की स्थिति भी चुनौतीपूर्ण थी और उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि उस समय बिजली कुछ परिवारों के लिए ‘पेटेंट’ जैसी थी। उनके अनुसार अब प्रदेश की तस्वीर बदल चुकी है। योगी ने दावा किया कि आज उत्तर प्रदेश में पहचान का संकट, रोजगार का संकट और नौकरी का संकट नहीं है।

साढ़े 9 साल में 10 लाख सरकारी नौकरियों का दावा

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उनकी सरकार ने साढ़े नौ वर्ष के कार्यकाल में 10 लाख युवाओं को सरकारी नौकरी दी है। उन्होंने HCL जैसे संस्थानों के विस्तार को निजी क्षेत्र में रोजगार और करियर के अवसरों से जोड़ते हुए कहा कि आने वाले समय में उत्तर प्रदेश को तकनीक, IT और डीप टेक के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों तक ले जाने के लिए सरकार और उद्योग जगत को साथ मिलकर काम करना होगा।

Spread the love

Leave a Reply