You are currently viewing UP News: गोरखपुर में 50 हजार युवाओं को CM योगी ने बांटे टैबलेट, बोले- रील नहीं अपना फ्यूचर स्क्रॉल करो

UP News: गोरखपुर में 50 हजार युवाओं को CM योगी ने बांटे टैबलेट, बोले- रील नहीं अपना फ्यूचर स्क्रॉल करो

UP News: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को गोरखपुर में 50 हजार छात्र-छात्राओं को टैबलेट बांटे। इस दौरान उन्होंने युवाओं को पढ़ाई, करियर और डिजिटल दुनिया को लेकर कई अहम बातें बताईं। सीएम योगी ने युवाओं को सलाह दी कि वे रील देखने में अपना समय बर्बाद करने के बजाय अपने भविष्य को बेहतर बनाने पर ध्यान दें। उन्होंने कहा कि 30 सेकंड की रील देखने के बजाय तीन घंटे अपने कौशल को निखारने में लगाएं। मुख्यमंत्री ने 18 साल की उम्र पूरी कर चुके छात्र-छात्राओं से मतदाता बनने और लोकतंत्र में अपनी भागीदारी निभाने की अपील भी की।

गोरखपुर में 50 हजार छात्रों को मिले टैबलेट, जानिए किन जिलों को मिला फायदा

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बताया कि टैबलेट वितरण योजना के तहत गोरखपुर मंडल के चार जिलों के छात्र-छात्राओं को इसका लाभ दिया गया है। इनमें सबसे ज्यादा 35 हजार टैबलेट गोरखपुर के युवाओं को मिले, जबकि देवरिया, कुशीनगर और महाराजगंज के 5-5 हजार छात्र-छात्राओं को टैबलेट बांटे गए। मुख्यमंत्री ने कहा कि ये टैबलेट सिर्फ पढ़ाई का साधन नहीं हैं, बल्कि किसी चलते-फिरते विश्वविद्यालय से कम नहीं हैं। इनमें युवाओं के लिए सरकारी योजनाओं, रोजगार और करियर से जुड़ी जरूरी जानकारियां उपलब्ध हैं।

सीएम योगी का युवाओं को मंत्र, रील छोड़कर भविष्य पर करें फोकस

मुख्यमंत्री ने युवाओं को सोशल मीडिया का समझदारी से इस्तेमाल करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि इंटरनेट पर वायरल होने वाली हर चीज सही नहीं होती, इसलिए किसी भी जानकारी पर भरोसा करने से पहले उसका फैक्ट चेक जरूर करें। डिजिटल सुरक्षा का भी ध्यान रखें। सीएम योगी ने बताया कि इन टैबलेट में इंफोसिस के 18 हजार से ज्यादा मुफ्त ऑनलाइन कोर्स उपलब्ध हैं। इसके साथ ही युवा साथी ऐप भी दिया गया है, जिससे युवाओं को सरकारी योजनाओं और रोजगार से जुड़ी जानकारी मिल सकेगी।

उन्होंने बताया कि योजना के पहले चरण में 60 लाख युवाओं को टैबलेट और स्मार्टफोन दिए गए थे। आईआईएम लखनऊ के अध्ययन के मुताबिक, इसका फायदा करीब तीन करोड़ लोगों तक पहुंचा है। अब दूसरे चरण में 25 लाख टैबलेट बांटे जा रहे हैं।

सपा सरकार पर बरसे योगी, बोले- पहले यूपी के युवाओं के सामने था पहचान का संकट

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी और अखिलेश यादव पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि पुरानी सरकारों के समय उत्तर प्रदेश की छवि काफी खराब थी। युवाओं को नौकरी नहीं मिलती थी और प्रदेश के लोगों को दूसरे राज्यों में भी सम्मान नहीं मिलता था। नौकरी लगने के बाद भी किराए पर मकान और होटल में कमरा मिलना मुश्किल होता था।

सीएम योगी ने कहा कि पहले परीक्षाओं में नकल और मुन्ना भाई हावी रहते थे। प्रदेश में दंगे, अपराध और गुंडागर्दी का माहौल था। बेटियों की सुरक्षा भी एक बड़ी चुनौती थी। उन्होंने कहा कि आज उत्तर प्रदेश उपद्रव से उत्सव का प्रदेश बन चुका है। अब प्रदेश में कानून-व्यवस्था बेहतर हुई है और बेटियां रात में भी सुरक्षित घर लौट रही हैं।

यूपी की अर्थव्यवस्था 36 लाख करोड़ पहुंची, युवाओं के लिए बनेंगे स्किलिंग जोन

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश की अर्थव्यवस्था पिछले कुछ सालों में तीन गुना बढ़कर 12 लाख करोड़ से 36 लाख करोड़ रुपये तक पहुंच गई है। प्रदेश में स्टार्टअप की संख्या भी 120 से बढ़कर 25 हजार हो गई है। युवाओं को रोजगार से जोड़ने के लिए हर जिले में सरदार वल्लभभाई पटेल स्किलिंग एंड एंप्लॉयमेंट जोन बनाए जाएंगे।

इन केंद्रों पर युवाओं को जापानी और जर्मन भाषा के साथ अलग-अलग कौशल का प्रशिक्षण दिया जाएगा, ताकि उन्हें देश और विदेश की कंपनियों में रोजगार मिल सके। सीएम ने बताया कि 50 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्तावों से करीब 65 लाख युवाओं के लिए रोजगार के अवसर तैयार हुए हैं। इसके अलावा सीएम युवा योजना के तहत दो लाख युवाओं को पांच लाख रुपये तक का ब्याज मुक्त ऋण दिया जा रहा है।

गोरखपुर छात्र हादसे पर योगी सख्त, अराजक तत्वों को दी चेतावनी

मुख्यमंत्री ने गोरखपुर में समाजवादी पार्टी के रोड शो के दौरान जेसीबी से कुचलकर दसवीं के छात्र की मौत के मामले पर भी नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि यह घटना उत्तर प्रदेश की पहचान पर काला धब्बा है। मुख्यमंत्री के मुताबिक, हादसे में जान गंवाने वाला छात्र अपनी छोटी बहन को स्कूल से लेने जा रहा था और वह चौरी-चौरा कांड के क्रांतिकारी पूजन सिंह का प्रपौत्र था। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि चुनाव के समय अराजकता फैलाने वाले लोगों को बख्शा नहीं जाएगा।

यूपी में 26 जनवरी तक बंटेंगे नियुक्ति पत्र, 82 हजार से ज्यादा भर्तियों की तैयारी

सरकारी नौकरियों पर बात करते हुए सीएम योगी ने कहा कि पिछले साढ़े नौ साल में करीब पौने दस लाख युवाओं को सरकारी नौकरी दी गई है। हाल ही में कृषि, स्वास्थ्य, शिक्षा, पुलिस, पंचायती राज और दूसरे विभागों में 16 हजार से ज्यादा नियुक्तियां हुई हैं।

उन्होंने बताया कि 8 हजार लेखपालों, 32 हजार पुलिसकर्मियों और 42 हजार से ज्यादा होमगार्ड की भर्ती प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। अब 26 जनवरी तक हर पांच से सात दिन में युवाओं को नियुक्ति पत्र दिए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार में भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी बनाया गया है। पेपर लीक करने वालों के खिलाफ सख्त कानून बनाया गया है, जिसमें आजीवन कारावास, एक करोड़ रुपये तक जुर्माना और संपत्ति जब्त करने का प्रावधान है। उन्होंने युवाओं से 2047 तक विकसित भारत के निर्माण में अपनी भूमिका निभाने की अपील की।

Spread the love

Leave a Reply