You are currently viewing Lucknow News: किसान पथ से नैमिषनगर तक बनेगा ग्रीन कॉरिडोर, 53 करोड़ रुपये होंगे खर्च

Lucknow News: किसान पथ से नैमिषनगर तक बनेगा ग्रीन कॉरिडोर, 53 करोड़ रुपये होंगे खर्च

Lucknow News: लखनऊ में किसान पथ से आईआईएम रोड के बीच बन रहे ग्रीन कॉरिडोर का विस्तार अब नैमिषनगर तक किया जाएगा। घैला पुल से नैमिषनगर के बीच 9.9 किलोमीटर लंबा ग्रीन कॉरिडोर बनाया जाएगा। इस प्रोजेक्ट पर करीब 53 करोड़ रुपये खर्च होंगे और इसे दो साल में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके बनने से पांच लाख से ज्यादा लोगों को आने-जाने में राहत मिलेगी। खास बात यह है कि लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) की नई आवासीय योजना नैमिषनगर भी सीधे ग्रीन कॉरिडोर से जुड़ जाएगी।

28 किलोमीटर के ग्रीन कॉरिडोर का होगा विस्तार

फिलहाल आईआईएम रोड पर बसंतकुंज से किसान पथ तक करीब 28 किलोमीटर लंबे ग्रीन कॉरिडोर का निर्माण किया जा रहा है। अब इसे नैमिषनगर तक बढ़ाने की तैयारी शुरू हो गई है। नया कॉरिडोर गोमती नदी के बाएं किनारे पर बनाया जाएगा। इससे नैमिषनगर में रहने वाले लोगों को शहर के दूसरे इलाकों तक पहुंचने में आसानी होगी और उन्हें जाम में भी कम फंसना पड़ेगा।

करीब छह महीने पहले एलडीए की बोर्ड बैठक में इस विस्तार से जुड़े प्रस्ताव को मंजूरी दी गई थी। अब शासन की वित्त समिति ने भी इसके बजट को मंजूरी दे दी है। करीब एक साल पहले समतामूलक चौक से डालीगंज पुल तक ग्रीन कॉरिडोर के लोकार्पण के दौरान रक्षा मंत्री और लखनऊ के सांसद राजनाथ सिंह ने भी इसे नैमिषनगर तक बढ़ाने की घोषणा की थी।

आईआईएम चौराहे से नैमिषनगर तक सड़क होगी चौड़ी

ग्रीन कॉरिडोर के साथ नैमिषनगर को जोड़ने वाली मौजूदा सड़क को भी चौड़ा किया जाएगा। आईआईएम चौराहे से मुबारकपुर चौराहा होते हुए नैमिषनगर जाने वाली सड़क अभी करीब 10 मीटर चौड़ी है। ट्रैफिक का दबाव बढ़ने के कारण इसे 24 मीटर चौड़ा करने की योजना है। इससे इस रास्ते पर वाहनों की आवाजाही आसान होगी और लोगों को रोजाना लगने वाले जाम से राहत मिलने की उम्मीद है।

18 गांवों के लोगों को मिलेगा सीधा फायदा

एलडीए सीतापुर रोड पर करीब 1,804 एकड़ में नैमिषनगर आवासीय योजना विकसित कर रहा है। इस योजना के लिए 18 गांवों की जमीन ली जा रही है। इनमें भौली, लक्ष्मीपुर, पूरब गांव, पुरवा, सैरपुर, फरुखाबाद, कोडरी भौली, कमलाबाद, कमलापुर, पलहरी, गोपरामऊ, बारूमऊ, धतिंगरा, सैदापुर, पश्चिम गांव, धोबैला, उमरभारी और दुग्गौर शामिल हैं।

ग्रीन कॉरिडोर बनने के बाद नैमिषनगर में रहने वाले लोग करीब आधे घंटे में किसान पथ तक पहुंच सकेंगे। इससे बसंतकुंज, दुबग्गा, पक्का पुल, डालीगंज, मेडिकल कॉलेज, लखनऊ विश्वविद्यालय, कैसरबाग, हजरतगंज, निशातगंज और गोमतीनगर समेत कई इलाकों तक आना-जाना आसान होगा। शहीद पथ और इकाना स्टेडियम की ओर जाने वाले लोगों को भी बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी।

नैमिषनगर में सड़क, सीवर और पानी के काम तेज

एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने बृहस्पतिवार को मौके पर पहुंचकर ग्रीन कॉरिडोर के विस्तार और नैमिषनगर योजना में चल रहे विकास कार्यों का निरीक्षण किया। ग्राम पलहरी स्थित साइट ऑफिस में समीक्षा के दौरान बताया गया कि योजना के ब्रह्म खंड और भूमि खंड के पहले और दूसरे चरण में 1,673 भूखंडों के लिए पंजीकरण चल रहा है।

इन इलाकों में सड़क, सीवर, पानी की पाइपलाइन और ड्रेनेज से जुड़े काम 16 निविदाओं के जरिये कराए जा रहे हैं। एलडीए वीसी ने निर्देश दिए कि पहले चरण के सभी सेक्टरों में सड़क निर्माण की प्रक्रिया तेज की जाए। जिन दो सेक्टरों में भूखंडों के लिए पंजीकरण खुला है, वहां सड़क का काम पूरा कराया जाए।

नैमिषनगर के गांवों में भी होंगे विकास कार्य

एलडीए की योजना में शामिल गांवों में भी बुनियादी सुविधाएं विकसित की जाएंगी। भूमि खंड और ब्रह्म खंड के बीच पड़ने वाले सैदापुर और कोडरी भौली गांवों में विकास कार्य शुरू कराने के निर्देश दिए गए हैं। निरीक्षण के दौरान मुख्य अभियंता मानवेंद्र सिंह, एसडीएम संगीता राघव समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Spread the love

Leave a Reply