You are currently viewing UP Voter List: यूपी में 2.72 करोड़ लोगों के नाम वोटर लिस्ट से गायब, शनिवार को सभी बूथों पर लगेगा विशेष कैंप

UP Voter List: यूपी में 2.72 करोड़ लोगों के नाम वोटर लिस्ट से गायब, शनिवार को सभी बूथों पर लगेगा विशेष कैंप

UP Voter List: उत्तर प्रदेश में मतदाता सूची का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (एसएसआर) चल रहा है। इसके तहत वोटर लिस्ट में छूटे हुए लोगों के नाम जोड़ने पर खास जोर दिया जा रहा है। इसी कड़ी में शनिवार को पूरे प्रदेश में विशेष मतदाता अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान सभी 1.77 लाख पोलिंग बूथों पर कैंप लगाए जाएंगे, जहां बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ) लोगों को फॉर्म-6 देंगे और भरे हुए फॉर्म जमा करेंगे।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) नवदीप रिणवा ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि अभियान के दौरान सभी बीएलओ अपने-अपने बूथ पर तय समय तक मौजूद रहें। इसका मकसद लोगों को मतदाता सूची में नाम जुड़वाने की सुविधा देना और ज्यादा से ज्यादा पात्र नागरिकों को मतदान प्रक्रिया से जोड़ना है।

18 साल के युवा भी बनवा सकेंगे वोटर आईडी, फॉर्म-6 से करें आवेदन

इस विशेष अभियान में वे युवा भी आवेदन कर सकते हैं, जो एक अक्टूबर तक 18 साल की उम्र पूरी कर चुके हैं। इसके अलावा ऐसे नागरिक, जिनका नाम किसी वजह से अभी तक मतदाता सूची में शामिल नहीं हो पाया है, वे भी फॉर्म-6 भरकर अपना नाम जुड़वाने के लिए आवेदन कर सकते हैं।

आवेदन के लिए उम्र और पते से जुड़े जरूरी दस्तावेज देने होंगे। आयु प्रमाण के तौर पर जन्म प्रमाण पत्र और निर्धारित नियमों के अनुसार अन्य मान्य दस्तावेज दिए जा सकते हैं। वहीं, निवास प्रमाण के लिए आधार कार्ड, बिजली का बिल, पेयजल का बिल समेत मान्य दस्तावेजों का इस्तेमाल किया जा सकता है। आवेदन के साथ एक रंगीन पासपोर्ट साइज फोटो भी देनी होगी।

ऑनलाइन भी जुड़वा सकते हैं वोटर लिस्ट में नाम

जो लोग पोलिंग बूथ पर जाकर आवेदन नहीं करना चाहते, उनके लिए ऑनलाइन आवेदन की सुविधा भी उपलब्ध है। पात्र नागरिक ईसीआईनेट ऐप और निर्वाचन आयोग के आधिकारिक पोर्टल voters.eci.gov.in के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। इससे लोगों को अपनी सुविधा के अनुसार मतदाता सूची में नाम जुड़वाने का विकल्प मिलेगा।

यूपी में 2.72 करोड़ लोगों के नाम जुड़ना बाकी

आंकड़ों के मुताबिक, उत्तर प्रदेश में 18 साल से अधिक उम्र के करीब 16.18 करोड़ लोग हैं। वहीं, मौजूदा मतदाता सूची में लगभग 13.46 करोड़ लोगों के नाम दर्ज हैं। इस हिसाब से करीब 2.72 करोड़ लोगों के नाम अभी मतदाता सूची में शामिल होना बाकी है। विशेष अभियान के जरिए ऐसे पात्र नागरिकों तक पहुंचने और उन्हें नाम जुड़वाने के लिए प्रोत्साहित करने की कोशिश की जा रही है।

वोटर लिस्ट की जांच करेंगे अधिकारी, बूथों पर व्यवस्थाओं का लेंगे जायजा

विशेष अभियान के दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी, उप जिला निर्वाचन अधिकारी, निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी और सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी पोलिंग बूथों का निरीक्षण करेंगे। संबंधित विधानसभा क्षेत्रों के निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी भी पोलिंग स्टेशनों का दौरा करेंगे। अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं कि प्रत्येक बूथ पर कैंप लगाया जाए और मतदाताओं को आवेदन करने में परेशानी न हो।

पता बदलने या नाम में गलती होने पर भरें फॉर्म-8

बरेली के उप जिला निर्वाचन अधिकारी संतोष कुमार सिंह के मुताबिक, जिन नागरिकों का नाम मतदाता सूची में शामिल नहीं है, वे फॉर्म-6 भरकर संबंधित बीएलओ के पास जमा कर सकते हैं। वहीं, जिन मतदाताओं के नाम या अन्य विवरण में गलती है, वे सुधार के लिए फॉर्म-8 भर सकते हैं।

फॉर्म-8 का इस्तेमाल मतदाता सूची में दर्ज विवरणों में संशोधन, डुप्लीकेट मतदाता फोटो पहचान पत्र बनवाने और निवास स्थान बदलने जैसी जरूरतों के लिए किया जा सकता है। अगर किसी मतदाता को अपना वोट नए पते पर स्थानांतरित कराना है, तो वह भी निर्धारित प्रक्रिया के तहत आवेदन कर सकता है।

ऐसे में जिन लोगों का नाम अभी तक वोटर लिस्ट में नहीं जुड़ा है या जिनके विवरण में कोई गलती है, उनके लिए शनिवार का विशेष अभियान अहम मौका है।

Spread the love

Leave a Reply