You are currently viewing UP News: सीएम योगी की खुली चेतावनी ‘रामभक्तों की अग्नि परीक्षा मत लो, दंगा कराने वाले आज हमें आस्था न सिखाएं!’

UP News: सीएम योगी की खुली चेतावनी ‘रामभक्तों की अग्नि परीक्षा मत लो, दंगा कराने वाले आज हमें आस्था न सिखाएं!’

देवरिया: अयोध्या स्थित राम मंदिर में सामने आए कथित चढ़ावा चोरी मामले पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सख्त रुख अपनाते हुए विपक्ष पर करारा प्रहार किया है. देवरिया में आयोजित एक भव्य कार्यक्रम के दौरान सीएम योगी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि जन आस्था और श्रद्धालुओं की भावनाओं के साथ किसी भी प्रकार की हेराफेरी या खिलवाड़ कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. उन्होंने आश्वस्त किया कि सरकार की मंशा बिल्कुल साफ है और जांच के बाद ‘दूध का दूध और पानी का पानी’ सबके सामने आ जाएगा.

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ यह बातें देवरिया में 456 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली विभिन्न महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं के लोकार्पण एवं शिलान्यास समारोह को संबोधित करते हुए कहीं.

सपा-कांग्रेस पर तीखा हमला

अपने संबोधन के दौरान मुख्यमंत्री ने समाजवादी पार्टी (सपा) और कांग्रेस को आड़े हाथों लिया. उन्होंने अतीत की घटनाओं का स्मरण कराते हुए कहा कि एक पक्ष तो ऐसा था जो न्यायालयों में वकीलों की भारी-भरकम फौज खड़ी करके प्रभु श्रीराम के अस्तित्व को ही नकारने की कोशिश कर रहा था और अयोध्या के वजूद के खिलाफ लड़ रहा था. वहीं, दूसरा पक्ष वह है जिसने ‘जय श्री राम’ का उद्घोष करने वाले निर्दोष रामभक्तों पर लाठियां और गोलियां बरसाई थीं. सीएम योगी ने तंज कसते हुए कहा कि जिन लोगों ने राम नाम लेने वालों पर गोलियां चलवाईं, आज वही लोग बड़े अफ़सोस के साथ कह रहे हैं कि श्रद्धालुओं की आस्था के साथ खिलवाड़ हुआ है.

अतीत के काले पन्ने

विपक्ष के इतिहास को खंगालते हुए मुख्यमंत्री ने जनता से पूछा, “अरे! तुम हमें आस्था सिखाओगे?” उन्होंने याद दिलाया कि यही वो लोग हैं जो रामनवमी जैसे पावन पर्व पर दंगे करवाते थे, श्रीकृष्ण जन्मोत्सव के आयोजनों को प्रतिबंधित कर देते थे, शिवभक्तों की कांवड़ यात्रा को निकलने से रोकते थे और मां दुर्गा की पूजा के दौरान हिंसा भड़काते थे. कांग्रेस पर सीधा निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने देश को सिर्फ लूटा ही नहीं बल्कि बुरी तरह नोंचा है. बेईमानी और भ्रष्टाचार के नए कीर्तिमान स्थापित करने वाले राजनीतिक दल आज अयोध्या और राम मंदिर जैसी पवित्र व्यवस्था पर लांछन लगा रहे हैं, जो देश को किसी भी कीमत पर स्वीकार्य नहीं है.

रामभक्तों की मत लो अग्नि परीक्षा

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कड़े लहजें में चेतावनी देते हुए विपक्ष से अपील की कि वे रामभक्तों की सब्र और उनकी आस्था की अग्नि परीक्षा लेना बंद करें. उन्होंने कहा कि सरकार ने पहले ही दिन स्पष्ट कर दिया था कि इस मामले की जांच पूरी पारदर्शिता के साथ होगी और सच सामने आएगा. मुख्यमंत्री ने खुली चुनौती दी कि अगर किसी के पास इस कथित घोटाले के खिलाफ कोई तथ्य या पुख्ता प्रमाण नहीं हैं, तो वे बेबुनियाद राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप का खेल बंद करें. और यदि उनके पास कोई भी साक्ष्य मौजूद है, तो उसे तुरंत विशेष जांच दल (SIT) के समक्ष पेश करें, ताकि निष्पक्षता से आगे की कार्रवाई की जा सके.

अरविंद केजरीवाल पर बिना नाम लिए निशाना

अपने भाषण के अंतिम चरण में मुख्यमंत्री ने दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी (AAP) के संयोजक अरविंद केजरीवाल पर भी बिना नाम लिए तीखा हमला बोला. उन्होंने कहा, “दिल्ली से भी एक सज्जन आज वहां (अयोध्या) पहुंचे हैं. मैं उनसे कहना चाहता हूं कि दिल्ली की जनता ने उन्हें कई वर्षों तक सरकार चलाने का मौका दिया, लेकिन उन्होंने दिल्ली को भ्रष्टाचार के सिवा कुछ नहीं दिया.” सीएम योगी ने दावा किया कि उत्तर प्रदेश की डबल इंजन भाजपा सरकार ने अयोध्या के कायाकल्प के लिए जो ऐतिहासिक न्याय और विकास कार्य किए हैं, यदि वैसा ही काम आम आदमी पार्टी ने दिल्ली की जनता के साथ किया होता, तो देश की राजधानी दिल्ली भी आज अयोध्या धाम की तरह वैश्विक पटल पर जगमगा रही होती.

Spread the love

Leave a Reply