UP Election Strategy: उत्तर प्रदेश की राजनीति में लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) की एंट्री को लेकर चर्चाएं लगातार चल रही हैं। पार्टी अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान भी यूपी में सक्रिय हैं, लेकिन अभी तक यह साफ नहीं हुआ है कि उनकी पार्टी आगामी विधानसभा चुनाव किसके साथ लड़ेगी।
मंगलवार को लखनऊ पहुंचे चिराग पासवान से जब एनडीए में शामिल होने और गठबंधन के बारे में सवाल किया गया तो उन्होंने कहा कि अभी इस पर टिप्पणी करना जल्दबाजी होगी। उनके मुताबिक, चुनाव जैसे-जैसे करीब आएगा, गठबंधन का स्वरूप भी साफ होता जाएगा। यह भी तय हो जाएगा कि गठबंधन होगा या नहीं।
चुनाव से पहले घर-घर पहुंचेगी लोक जनशक्ति पार्टी
चिराग पासवान ने कहा कि इस समय उनकी पार्टी का मुख्य उद्देश्य लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) की विचारधारा को उत्तर प्रदेश के हर घर तक पहुंचाना है। पार्टी अब तक कई मंचीय कार्यक्रम कर चुकी है। अब लोगों के घरों तक पहुंचकर उनसे सीधा संवाद करने की तैयारी है।
उन्होंने बताया कि आने वाले समय में पार्टी के कार्यक्रम इसी सोच के आधार पर तय किए जाएंगे। यानी लोजपा पहले प्रदेश में अपना संगठन और जनाधार तैयार करना चाहती है। इसके बाद गठबंधन को लेकर कोई अंतिम फैसला लिया जा सकता है।
मजबूत गठबंधन कौन सा, चिराग पासवान ने नहीं लिया किसी का नाम
यूपी में कौन सा गठबंधन मजबूत है और जनता किसे पसंद कर रही है, इस सवाल पर चिराग पासवान ने कहा कि इसका फैसला जनता ही करती है। हर गठबंधन अपनी नीतियों और विचारों को लोगों के सामने रखता है। आखिरकार मतदाता तय करते हैं कि उन्हें किस राजनीतिक दल या गठबंधन को चुनना है।
चिराग ने कहा कि उनकी पार्टी भी अपनी विचारधारा जनता तक पहुंचाने की कोशिश कर रही है। उन्होंने किसी भी गठबंधन को मजबूत या कमजोर बताने से इनकार किया।
जेन जी युवाओं को जोड़ने में जुटी चिराग की पार्टी
लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) पिछले छह महीने से उत्तर प्रदेश में संगठन विस्तार का अभियान चला रही है। पार्टी का फोकस बूथ और निचले स्तर पर संगठन तैयार करने के साथ नए लोगों को जोड़ने पर है।
इस अभियान में युवाओं को खास जगह दी जा रही है। चिराग पासवान पटना के बाद प्रयागराज में ‘यूथ बोले तो’ कार्यक्रम कर चुके हैं। पार्टी जेन जी यानी नई पीढ़ी के युवाओं को अपने साथ जोड़ना चाहती है। इसके अलावा प्रबुद्ध वर्ग सम्मेलन, पासी शौर्य सम्मान और चाणक्य सम्मान जैसे कार्यक्रमों के जरिए समाज के अलग-अलग वर्गों तक पहुंच बनाई जा रही है।
104 सीटों पर पासी समाज निर्णायक होने का लोजपा का दावा
उत्तर प्रदेश में अपनी राजनीतिक जमीन मजबूत करने के लिए पार्टी सामाजिक समीकरणों पर भी काम कर रही है। लोजपा ने ‘पंडित-पासवान’ का नारा देकर ब्राह्मण समाज को जोड़ने की कोशिश की है। पार्टी का दावा है कि ब्राह्मण समाज के लोग तेजी से उसके साथ जुड़ रहे हैं और उन्हें उचित भागीदारी देने का भरोसा दिया गया है।
वहीं, लोजपा का दावा है कि प्रदेश की 104 विधानसभा सीटों पर पासी समाज निर्णायक भूमिका निभा सकता है। पार्टी ने इन सीटों का आकलन भी कराया है। इनमें लखनऊ की मोहनलालगंज और मलिहाबाद, अयोध्या की सोहावल और मिल्कीपुर, अंबेडकर नगर की जलालपुर और जौनपुर की मछलीशहर सीट शामिल हैं।
अब पार्टी की कोशिश इन सामाजिक समीकरणों को जमीनी संगठन में बदलने की है। चुनाव नजदीक आने पर चिराग पासवान का अगला राजनीतिक कदम क्या होगा और उनकी पार्टी एनडीए के साथ जाएगी या नहीं, इस पर सबकी नजर रहेगी।

