You are currently viewing UP News: यूपी में 1 लाख से अधिक सरकारी नौकरियों की तैयारी, 42 हजार होमगार्ड की होगी भर्ती

UP News: यूपी में 1 लाख से अधिक सरकारी नौकरियों की तैयारी, 42 हजार होमगार्ड की होगी भर्ती

UP News: उत्तर प्रदेश के युवाओं के लिए सरकारी नौकरी को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बड़ा संदेश दिया है। शुक्रवार को पुलिस लाइन मैदान में आयोजित नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम में 4543 नव चयनित उप निरीक्षकों को नियुक्ति पत्र सौंपे गए। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में पुलिस व्यवस्था को मजबूत करने के साथ आम जनता का भरोसा जीतना भी सरकार की प्राथमिकता है।

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पहले की सरकारों के समय उत्तर प्रदेश की पहचान उपद्रव प्रदेश के तौर पर बन गई थी। जनता का सरकार और पुलिस पर भरोसा कमजोर हो गया था, लेकिन अब प्रदेश में कानून का राज स्थापित हुआ है। उन्होंने कहा कि यूपी को लॉफुल प्रदेश बनाना है, लॉलेस नहीं। यानी ऐसा प्रदेश बनाना है, जहां कानून का पालन हो और आम आदमी सुरक्षित महसूस करे।

पुलिसकर्मियों को जनता के विश्वास पर उतरना होगा खरा

मुख्यमंत्री ने नए दरोगाओं को संबोधित करते हुए कहा कि वर्दी मिलना केवल नौकरी हासिल करना नहीं है, बल्कि इसके साथ बड़ी जिम्मेदारी भी आती है। पुलिसकर्मियों को अपने काम और व्यवहार से लोगों का विश्वास जीतना होगा।

उन्होंने कहा कि पुलिस को आम जनता के भरोसे का प्रतीक बनना चाहिए। हर पुलिसकर्मी को खुद को जनता के विश्वास की कसौटी पर कसने के लिए तैयार रहना होगा। योगी ने नए उप निरीक्षकों को सलाह दी कि जीवन में शानदार पारी खेलने के लिए बिना रुके, बिना डिगे और बिना भय के आगे बढ़ते रहें।

42 हजार होमगार्ड और 32 हजार सिपाहियों को मिलेगी नौकरी

कार्यक्रम के दौरान सीएम योगी ने आने वाले समय में होने वाली भर्तियों की जानकारी भी दी। उन्होंने कहा कि सरकार ने एक लाख से ज्यादा युवाओं को नौकरी देने का वादा किया है। सितंबर से लगातार विभिन्न विभागों में चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र बांटे जा रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने बताया कि जल्द ही 1200 राजस्व कर्मियों, 42 हजार होमगार्ड और 32 हजार सिपाहियों को नियुक्ति पत्र दिए जाएंगे। इसके साथ ही 25 हजार शिक्षकों को भी नियुक्ति पत्र देने की तैयारी है। उन्होंने कहा कि कुछ नियुक्तियां सरकार की तीसरी पारी के लिए भी रखी जाएंगी। इस घोषणा के बाद सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं की नजरें आगामी भर्ती प्रक्रिया पर रहेंगी।

साढ़े नौ साल में 9.50 लाख युवाओं को नौकरी देने का दावा

सीएम योगी ने पिछली सरकारों की भर्ती व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि पहले सरकारी नौकरी हासिल करना बेहद मुश्किल था। भर्ती के लिए आवेदन कोई करता था, लेकिन नियुक्ति पत्र किसी और को मिल जाता था। तत्कालीन सरकारों के पास न तो भर्ती की सही नीति थी और न ही साफ नियत।

उन्होंने कहा कि उनकी सरकार ने साढ़े नौ साल में 9.50 लाख से ज्यादा भर्तियां की हैं। यह सरकार की कृपा नहीं, बल्कि उसका कर्तव्य है। जिन युवाओं ने नौकरी हासिल की है, उन्होंने अपनी योग्यता और मेहनत के दम पर सफलता पाई है। योगी ने यह भी कहा कि बेईमानी से नौकरी देने वालों की संपत्ति जब्त होने पर उन्हें खुशी होगी।

Suresh Khanna ने नए दरोगाओं को दी ईमानदारी से काम करने की सलाह

कार्यक्रम में वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने भी पुलिसकर्मियों को उनकी जिम्मेदारी याद दिलाई। उन्होंने कहा कि 2017 में नई सरकार बनने के बाद मुख्यमंत्री ने जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई। इससे यूपी पुलिस ने जनता के बीच सुरक्षा का भरोसा मजबूत किया है।

उन्होंने नए दरोगाओं से कहा कि उनका काम सिर्फ कार्रवाई करना नहीं, बल्कि लोगों को न्याय दिलाना भी है। उनका फैसला निष्पक्ष होना चाहिए और उनके व्यवहार में भी न्याय नजर आना चाहिए।

लालच से दूर रहें पुलिसकर्मी, व्यवहार से बनेगी पहचान

सुरेश खन्ना ने कहा कि किसी पुलिसकर्मी की असली पहचान उसकी सुविधाओं या पद से नहीं, बल्कि उसके व्यवहार और कार्यशैली से बनती है। पीड़ित व्यक्ति के साथ न्यायपूर्ण व्यवहार करने से पुलिस विभाग की प्रतिष्ठा बढ़ती है।

उन्होंने नए उप निरीक्षकों को लालच और बुरी संगत से दूर रहने की सलाह दी। साथ ही पूरी ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ ड्यूटी करने की अपील की। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री का संदेश भी यही रहा कि पुलिस की वर्दी के साथ जनता का भरोसा और सुरक्षा की जिम्मेदारी जुड़ी होती है।

Spread the love

Leave a Reply