You are currently viewing UP News: सीएम योगी का विपक्ष पर हमला, बोले- युवा बोझ नहीं, यूपी की सबसे बड़ी ताकत हैं; 53 हजार युवाओं को मिले टैबलेट

UP News: सीएम योगी का विपक्ष पर हमला, बोले- युवा बोझ नहीं, यूपी की सबसे बड़ी ताकत हैं; 53 हजार युवाओं को मिले टैबलेट

UP News: लखनऊ के राष्ट्र प्रेरणा स्थल पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विवेकानंद युवा सशक्तिकरण योजना के तहत 53 हजार से ज्यादा युवाओं को टैबलेट बांटे। इस कार्यक्रम में लखनऊ, हरदोई, सीतापुर और उन्नाव से बड़ी संख्या में युवा पहुंचे थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि डिजिटल शिक्षा को बढ़ावा देने और युवाओं को तकनीक से जोड़ने के लिए सरकार लगातार काम कर रही है।

सीएम योगी ने बताया कि इससे पहले प्रदेश के 60 लाख युवाओं को टैबलेट दिए जा चुके हैं। अब योजना के दूसरे चरण में 25 लाख और युवाओं को टैबलेट बांटने का लक्ष्य रखा गया है। इसकी शुरुआत भी हो चुकी है। उन्होंने कहा कि आज के दौर में तकनीक और डिजिटल जानकारी युवाओं की तरक्की के लिए बेहद जरूरी है। टैबलेट मिलने से पढ़ाई, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी और रोजगार के नए अवसर तलाशने में मदद मिलेगी।

पहले की सरकारों ने युवाओं को माना बोझ, हमने ताकत बनाया

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विपक्षी दलों पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि पहले की सरकारें उत्तर प्रदेश की बड़ी आबादी को बोझ समझती थीं, लेकिन हमारी सरकार ने इसे अपनी सबसे बड़ी उपलब्धि माना है। प्रदेश के युवा बोझ नहीं, बल्कि यूपी का डेमोग्राफिक डिविडेंड हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि एक समय ऐसा था जब उत्तर प्रदेश के युवाओं के सामने पहचान का संकट था। दूसरे राज्यों में उन्हें सम्मान और अवसर मिलने में परेशानी होती थी, लेकिन अब हालात बदल चुके हैं। सरकार ने युवाओं को नई पहचान दिलाने के साथ उनके लिए रोजगार और विकास के रास्ते भी खोले हैं।

भर्ती निकलते ही वसूली के लिए सक्रिय हो जाते थे चाचा-भतीजे

सीएम योगी ने पिछली सरकारों के कार्यकाल में भर्ती प्रक्रिया पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि 2017 से पहले जब भी सरकारी नौकरी की भर्ती निकलती थी, तब चाचा-भतीजे की जोड़ी वसूली के लिए झोली लेकर निकल पड़ती थी। युवाओं की मेहनत और उम्मीदों पर डाका डाला जाता था।

उन्होंने कहा कि उनकी सरकार ने भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने का काम किया है। अब युवाओं को बिना किसी सिफारिश और भेदभाव के नौकरी पाने का अवसर मिल रहा है। मुख्यमंत्री के मुताबिक, युवा शक्ति ही प्रदेश की सबसे बड़ी ताकत है और यूपी की 56 प्रतिशत से ज्यादा आबादी युवा है। सरकार ने इस आबादी को बोझ नहीं, बल्कि प्रदेश की वर्कफोर्स के रूप में देखा है।

नो कर्फ्यू, नो दंगा, यूपी में अब सब चंगा

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश की कानून-व्यवस्था का जिक्र करते हुए कहा कि आज उत्तर प्रदेश में नो कर्फ्यू, नो दंगा और सब चंगा है। अपराधियों और माफिया के खिलाफ सरकार ने जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई है। इसी का नतीजा है कि माफिया पर कार्रवाई हुई और दंगाई अब छिपने को मजबूर हैं। नकल माफिया पर भी सख्ती की गई है।

उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश आज देश की टॉप तीन अर्थव्यवस्थाओं में अपनी जगह बना चुका है। इस उपलब्धि में प्रदेश के युवाओं की भी बड़ी भूमिका है। मुख्यमंत्री ने ब्रह्मोस मिसाइल निर्माण संयंत्र का उदाहरण देते हुए बताया कि सरकार ने प्लांट के लिए जमीन देते समय कम से कम 500 स्थानीय युवाओं को नौकरी देने की शर्त रखी थी। कंपनी ने इस शर्त को स्वीकार किया और प्लेसमेंट कैंप के जरिए युवाओं को रोजगार दिया। उन्होंने कहा कि इसी ब्रह्मोस मिसाइल ने ऑपरेशन सिंदूर के दौरान पाकिस्तान के एयरपोर्ट को तबाह करने में अहम भूमिका निभाई थी।

लेखपाल, सिपाही और होमगार्ड के 82 हजार पदों पर मिलेगी नौकरी

मुख्यमंत्री ने युवाओं को रोजगार के मोर्चे पर भी बड़ी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि पिछले साढ़े नौ साल में प्रदेश के करीब साढ़े नौ लाख युवाओं को सरकारी नौकरी दी गई है। आने वाले दिनों में 1.10 लाख लोगों को रोजगार देने की तैयारी है।

सीएम योगी ने बताया कि जल्द ही लेखपाल के 8 हजार, पुलिस सिपाही के 32 हजार और होमगार्ड के 42 हजार पदों पर चयनित युवाओं को नौकरी मिलेगी। इन पदों के लिए भर्ती प्रक्रिया शुरू हो चुकी है और फिलहाल दस्तावेजों का सत्यापन किया जा रहा है।

Voter List Revision: युवाओं से मतदाता पुनरीक्षण में हिस्सा लेने की अपील

मुख्यमंत्री ने युवाओं से मतदाता सूची के पुनरीक्षण अभियान में भी सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की। उन्होंने कहा कि हर युवा को अपना नाम मतदाता सूची में दर्ज कराना चाहिए। इसके लिए ऑनलाइन आवेदन किया जा सकता है या फिर निर्धारित फॉर्म भरकर मतदाता बना जा सकता है।

सीएम ने युवाओं से कहा कि वे सिर्फ अपना नाम मतदाता सूची में दर्ज कराने तक सीमित न रहें, बल्कि अपने आसपास के लोगों को भी मतदाता बनने के लिए जागरूक करें। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र को मजबूत बनाने में युवाओं की भूमिका बेहद अहम है।

Spread the love

Leave a Reply