You are currently viewing UP News: ब्रजेश पाठक ने सपा की लाल टोपी को बताया खतरे का निशान, अखिलेश यादव की पार्टी पर जमकर साधा निशाना

UP News: ब्रजेश पाठक ने सपा की लाल टोपी को बताया खतरे का निशान, अखिलेश यादव की पार्टी पर जमकर साधा निशाना

UP News: उत्तर प्रदेश की राजनीति में नेताओं के बीच बयानबाजी का दौर लगातार जारी है। अब डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने समाजवादी पार्टी की लाल टोपी को लेकर निशाना साधा है। लखनऊ में आयोजित जनजातीय गौरव दिवस के कार्यक्रम में उन्होंने लाल टोपी को खतरे का निशान बताते हुए सपा पर तंज कसा। उनका यह बयान उस समय आया, जब मंच पर मौजूद बीजेपी विधायक डॉ. नीरज बोरा की टोपी की ओर उनका ध्यान गया।

दरअसल, ब्रजेश पाठक टैबलेट और लैपटॉप वितरण कार्यक्रम के उद्घाटन समारोह में शामिल होने पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने लखनऊ उत्तर विधानसभा सीट से बीजेपी विधायक डॉ. नीरज बोरा का मंच से नाम लिया और उनकी ओर इशारा करते हुए कहा कि हमारे विधायक भी टोपी लगाते हैं, लेकिन यह खतरनाक वाली टोपी नहीं है। उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा, “ये लाल टोपी नहीं है, खतरनाक वाली टोपी नहीं हैं, ये खतरे की घंटी वाले विधायक नहीं हैं।”

बता दें कि विधायक नीरज बोरा कार्यक्रम में काले रंग की पहाड़ी टोपी पहनकर पहुंचे थे। इसी टोपी को दिखाते हुए ब्रजेश पाठक ने समाजवादी पार्टी की लाल टोपी पर निशाना साधा। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य और प्रदेश सरकार के कई कैबिनेट मंत्री भी मौजूद रहे।

सपा सरकार पर हमला, बोले- युवाओं को अपराध की राह पर भेजा

डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने अपने संबोधन में पिछली समाजवादी पार्टी सरकार पर भी जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि बीजेपी सरकार युवाओं की ताकत और उनके भविष्य को समझती है। जनता ने जिस भरोसे के साथ सरकार को वोट दिया है, उसी के आधार पर युवाओं को आगे बढ़ाने के लिए काम किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि सरकार अपने खजाने से युवाओं को लैपटॉप और टैबलेट बांट रही है, ताकि उन्हें पढ़ाई और तकनीक के क्षेत्र में आगे बढ़ने का मौका मिल सके। पाठक ने प्रदेश की सड़कों और बिजली व्यवस्था का जिक्र करते हुए कहा कि मौजूदा सरकार में गांव से लेकर शहर तक सड़कों की स्थिति बेहतर हुई है और 24 घंटे बिजली देने का काम किया जा रहा है।

सपा सरकार पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि उस समय बिजली व्यवस्था ठीक नहीं थी। कभी दिन में बिजली आती थी तो कभी रात में। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछली सरकार ने युवाओं को रोजगार और बेहतर भविष्य देने के बजाय अपराध की दुनिया की तरफ धकेलने का काम किया। युवाओं को कट्टा बनाने वाली फैक्ट्रियों की ओर भेजने का भी आरोप लगाया।

26 जनवरी तक एक लाख युवाओं को नौकरी देने का दावा

ब्रजेश पाठक ने युवाओं को रोजगार देने के मुद्दे पर बड़ा दावा किया। उन्होंने कहा कि सरकार ने नौजवानों की जरूरतों और उनके भविष्य को ध्यान में रखते हुए कई कदम उठाए हैं। उन्होंने घोषणा की कि 26 जनवरी तक उत्तर प्रदेश में एक लाख युवाओं को नौकरी दी जाएगी।

डिप्टी सीएम ने कहा कि सरकार चाहती है कि प्रदेश का हर युवा आत्मनिर्भर बने और उसे आगे बढ़ने के लिए बेहतर अवसर मिलें। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे शिक्षा और तकनीक का इस्तेमाल करके अपने भविष्य को बेहतर बनाएं। साथ ही सभी लोगों से मिलकर उत्तर प्रदेश को विकसित प्रदेश बनाने में सहयोग करने की अपील की।

सपा-कांग्रेस गठबंधन पर भी बरसे डिप्टी सीएम

अपने भाषण के दौरान ब्रजेश पाठक ने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के गठबंधन को लेकर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा गठबंधन के जरिए प्रदेश के लोगों को जाति और धर्म के आधार पर बांटने की कोशिश कर रही है।

उन्होंने कहा कि विपक्षी दलों की राजनीति का मकसद समाज को एकजुट करना नहीं, बल्कि लोगों के बीच दूरी पैदा करना है। पाठक ने छात्रों से एकजुट रहने और बीजेपी को मजबूत बनाने की अपील की। उनके इस बयान को 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले बीजेपी और सपा के बीच तेज होती राजनीतिक बयानबाजी से जोड़कर देखा जा रहा है।

25 लाख अतिरिक्त टैबलेट बांटेगी योगी सरकार

जनजातीय गौरव दिवस के मौके पर उत्तर प्रदेश सरकार ने युवाओं को डिजिटल शिक्षा से जोड़ने के लिए 25 लाख अतिरिक्त टैबलेट वितरण अभियान की शुरुआत की है। यह अभियान स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तीकरण योजना के तहत चलाया जाएगा।

सरकार का कहना है कि इस योजना के जरिए उच्च शिक्षा, तकनीकी शिक्षा और कौशल विकास से जुड़े विद्यार्थियों को फायदा मिलेगा। इससे पहले भी प्रदेश में लाखों युवाओं को स्मार्टफोन और टैबलेट दिए जा चुके हैं। अब 25 लाख अतिरिक्त टैबलेट बांटने का लक्ष्य रखा गया है।

सरकार का उद्देश्य है कि आर्थिक स्थिति की वजह से किसी भी युवा की पढ़ाई और तकनीकी शिक्षा प्रभावित न हो। टैबलेट मिलने से विद्यार्थियों को ऑनलाइन पढ़ाई, डिजिटल सामग्री और नई तकनीक सीखने में मदद मिलेगी। इस अभियान के जरिए योगी सरकार युवाओं को डिजिटल रूप से मजबूत बनाने की दिशा में एक और कदम बढ़ा रही है।

Spread the love

Leave a Reply