UP Transfer News: उत्तर प्रदेश में प्रशासनिक फेरबदल लगातार जारी है। भारत निर्वाचन आयोग की ओर से एक जिले में तीन साल से अधिक समय से तैनात अधिकारियों को हटाने के निर्देश के बाद प्रदेश में तबादलों की रफ्तार बढ़ गई है। पहले आईएएस और पीसीएस अधिकारियों की जिम्मेदारियों में बदलाव किया गया और अब 29 खंड विकास अधिकारियों को दूसरे जिलों में भेज दिया गया है।
सोमवार को जारी तबादला सूची में सीतापुर, सोनभद्र, सुलतानपुर, उन्नाव और वाराणसी में तैनात कई बीडीओ के नाम शामिल हैं। इन अधिकारियों को अलग-अलग जिलों में नई जिम्मेदारी सौंपी गई है। माना जा रहा है कि चुनाव से पहले प्रशासनिक व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए यह बदलाव किए जा रहे हैं।
सीतापुर के कई BDO का दूसरे जिलों में तबादला
जारी सूची के मुताबिक, ओम प्रकाश गुप्ता को सिद्धार्थनगर से बलिया भेजा गया है। अरुण कुमार वर्मा को सीतापुर से उन्नाव और धनंजय सिंह को सीतापुर से बाराबंकी में नई तैनाती मिली है।
इसी तरह विवेक मणि त्रिपाठी को सीतापुर से बहराइच, राजेश कुमार तिवारी को बस्ती, रजनीश कुमार शुक्ला को लखीमपुर खीरी और श्रीश गुप्ता को जौनपुर भेजा गया है। प्रवीण जीत को भी सीतापुर से लखीमपुर खीरी भेजा गया है।
वहीं प्रीति तिवारी को सीतापुर से सुलतानपुर, प्रशांत कुमार शुक्ला को बरेली, सुमित सिंह को बाराबंकी और अमित कुमार यादव को बहराइच में तैनाती दी गई है।
सोनभद्र और सुलतानपुर के BDO को भी मिली नई जिम्मेदारी
तबादला सूची में सोनभद्र और सुलतानपुर के अधिकारियों के नाम भी शामिल हैं। गुरु शरण श्रीवास्तव को सोनभद्र से देवरिया, नितिन कुमार को मिर्जापुर भेजा गया है। अजीत कुमार यादव और राम विशाल चौरसिया को सोनभद्र से बस्ती में तैनाती मिली है। उत्कर्ष सक्सेना को सोनभद्र से कुशीनगर भेजा गया है।
वहीं सुलतानपुर में तैनात निशा तिवारी को अयोध्या, राधेश्याम को महराजगंज और नीलिमा गुप्ता को जौनपुर भेजा गया है। इन तबादलों के बाद संबंधित जिलों में विकास कार्यों और ब्लॉक स्तर के प्रशासनिक कामकाज की जिम्मेदारी नए अधिकारियों के पास होगी।
उन्नाव और वाराणसी के अधिकारियों का भी तबादला
उन्नाव में तैनात संतोष कुमार श्रीवास्तव को अयोध्या, फहद खान को हरदोई और दीप्तिशिखा वर्मा को रायबरेली भेजा गया है।
इसके अलावा वाराणसी में तैनात सुरेंद्र सिंह यादव को चंदौली, राजेश कुमार यादव को बांदा और राजेश कुमार सिंह व शिव नारायण सिंह को आजमगढ़ भेजा गया है। प्रतिभा मिश्रा को वाराणसी से चंदौली और छोटे लाल तिवारी को मिर्जापुर में नई तैनाती दी गई है।
UP IAS PCS Transfer: पहले 55 PCS और 4 IAS अधिकारियों के हुए थे तबादले
बीडीओ के तबादलों से पहले प्रदेश सरकार ने रविवार को 55 पीसीएस अधिकारियों के कार्यक्षेत्र में बदलाव किया था। इनमें विकास प्राधिकरण, मंडलायुक्त कार्यालय, नगर निकाय और राजस्व प्रशासन से जुड़े अधिकारी शामिल थे।
इसके अलावा चार आईएएस अधिकारियों की जिम्मेदारियों में भी बदलाव किया गया था। वर्ष 2022 बैच के आईएएस शैलेंद्र कुमार सिंह को फिरोजाबाद का मुख्य विकास अधिकारी (CDO) बनाया गया है। इससे पहले वह यमुना एक्सप्रेसवे प्राधिकरण में अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी (ACEO) के पद पर तैनात थे।
आगरा की एडिशनल कमिश्नर प्रतिभा सिंह को फिरोजाबाद-शिकोहाबाद विकास प्राधिकरण का उपाध्यक्ष बनाया गया है। फिरोजाबाद के सीडीओ शत्रोहन वैश्य को श्रम विभाग में विशेष सचिव की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं नोएडा में एसीईओ रहीं वंदना त्रिपाठी को राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (NCR) का अपर आयुक्त नियुक्त किया गया है।
चुनाव से पहले यूपी में तबादलों का दौर तेज
उत्तर प्रदेश में लगातार हो रहे इन प्रशासनिक फेरबदलों को आगामी चुनाव की तैयारियों से जोड़कर देखा जा रहा है। निर्वाचन आयोग के निर्देशों के तहत लंबे समय से एक ही जिले में तैनात अधिकारियों को हटाने की प्रक्रिया चल रही है। ऐसे में आने वाले दिनों में प्रशासनिक स्तर पर कुछ और बदलाव देखने को मिल सकते हैं।

