UP News: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को आयोजित ‘जनता दर्शन’ कार्यक्रम में विभिन्न जिलों से पहुंचे लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं और शिकायतें सुनीं। मुख्यमंत्री ने लोगों से सीधे संवाद करते हुए उनके प्रार्थना पत्रों का अवलोकन किया और संबंधित अधिकारियों को शिकायतों के त्वरित एवं समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए। इस दौरान पुलिस, राजस्व, प्रशासन और अन्य विभागों से जुड़ी समस्याएं प्रमुखता से सामने आईं।
छोटी घटनाओं को लेकर जिलाधिकारी और एसपी रहें सतर्क
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जिलों में होने वाली छोटी से छोटी घटनाओं पर भी जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक स्वयं नजर रखें। उन्होंने कहा कि किसी भी घटना को नजरअंदाज करने के बजाय अधिकारी तत्काल मौके पर पहुंचकर पीड़ितों की बात सुनें और तथ्यों के आधार पर दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करें।
कानून-व्यवस्था और जनशिकायतों पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश
मुख्यमंत्री ने कहा कि समाज में वैमनस्य फैलाने की कोशिश करने वाले तत्व मामूली घटनाओं को अनावश्यक रूप से बड़ा रूप देने का प्रयास कर सकते हैं। ऐसे मामलों में प्रशासन को संवेदनशीलता और तत्परता के साथ कार्रवाई करनी चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि छोटी घटनाओं में भी अधिकारियों की उदासीनता या लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
जनता दर्शन में हर पीड़ित से मिले मुख्यमंत्री योगी
‘जनता दर्शन’ के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कुर्सियों पर बैठे प्रत्येक फरियादी से मुलाकात की और उनकी समस्याओं को ध्यानपूर्वक सुना। उन्होंने प्रशासन, पुलिस, राजस्व और विद्युत सहित विभिन्न विभागों से संबंधित शिकायतों के प्रार्थना पत्र लिए। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रत्येक पात्र व्यक्ति की समस्या का नियमानुसार समाधान कराया जाए।
जनकल्याणकारी योजनाओं और इलाज से जुड़ी शिकायतों पर भी निर्देश
मुख्यमंत्री ने कहा कि अधिकारी संवेदनशील होकर जनशिकायतों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करें। पात्र लोगों को सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाने, जरूरतमंद मरीजों के इलाज की समुचित व्यवस्था कराने और भूमाफिया तथा दबंगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के भी निर्देश दिए गए।
पुलिस और राजस्व मामलों पर CM योगी ने जताई नाराजगी
जनता दर्शन में मुख्यमंत्री के समक्ष पुलिस और राजस्व विभाग से संबंधित शिकायतों की संख्या अधिक रही। इन शिकायतों को लेकर मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पुलिस कमिश्नर, एडीजी, आईजी, डीआईजी और एसएसपी स्तर के अधिकारी नियमित रूप से जनसमस्याओं की समीक्षा करें और उनका समाधान कराएं।
मातहत अधिकारियों की लापरवाही पर भी होगी कार्रवाई
मुख्यमंत्री ने कहा कि यदि किसी अधीनस्थ अधिकारी या कर्मचारी के स्तर पर लापरवाही की शिकायत सामने आती है तो उसके खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जानी चाहिए। उन्होंने राजस्व विवादों और कानून-व्यवस्था से जुड़े मामलों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया।
जनता दर्शन में बच्चे से CM योगी की मासूम बातचीत ने जीता दिल
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपनी मां के साथ पहुंचे एक छोटे बच्चे से भी बातचीत की। उन्होंने बच्चे का हालचाल पूछा और यह भी जाना कि वह कहां पढ़ता है। इसके बाद मुख्यमंत्री ने बच्चे की ओर चॉकलेट बढ़ाई, जिसे उसने तुरंत ले लिया।
चॉकलेट वापस मांगने पर बच्चे ने किया इनकार, खिलखिला उठा हॉल
कुछ देर बाद मुख्यमंत्री ने बच्चे से चॉकलेट वापस मांगी तो उसने साफ मना कर दिया। बच्चे की मासूम प्रतिक्रिया पर वहां मौजूद लोग हंस पड़े और पूरा हॉल खिलखिला उठा। मुख्यमंत्री ने बच्चे को उसके सुखद भविष्य के लिए आशीर्वाद दिया और मन लगाकर पढ़ाई करने की सलाह दी।

