UP Election 2027: उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव से पहले राजनीतिक बयानबाजी तेज होती जा रही है। एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी और समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के बीच एक बार फिर टकराव देखने को मिला है। अखिलेश यादव की टिप्पणी पर ओवैसी ने पलटवार करते हुए कहा कि उनकी डोर किसी राजनीतिक दल के हाथ में नहीं, बल्कि अल्लाह के हाथ में है। उन्होंने उल्टा अखिलेश यादव पर बीजेपी के साथ रिश्तों को लेकर सवाल उठा दिए।
‘हमारी डोर अल्लाह के हाथ में, तुम्हारी बीजेपी के हाथ में’
असदुद्दीन ओवैसी ने अखिलेश यादव को जवाब देते हुए कहा कि उन्हें गलतफहमी हो गई है। हमारी डोर अल्लाह के हाथ में है, लेकिन तुम्हारी डोर बीजेपी के हाथ में है। ओवैसी ने कहा कि अखिलेश यादव को दूसरों पर टिप्पणी करने से पहले अपने फैसलों पर भी ध्यान देना चाहिए। उन्होंने राज्यसभा चुनाव में उम्मीदवारों के चयन को लेकर सपा प्रमुख को घेर लिया।
राज्यसभा सांसद के बहाने अखिलेश यादव पर निशाना
ओवैसी ने राज्यसभा सांसद के चयन का मुद्दा उठाते हुए कहा कि अखिलेश यादव ने ऐसे व्यक्ति के बेटे को राज्यसभा भेजा, जिनके पिता ने झारखंड में इंडिया गठबंधन के उम्मीदवार को हराया था। उनका इशारा धनराज नाथवानी और उनके बेटे परिमल नाथवानी की ओर था।
ओवैसी ने कहा कि अगर उनकी पार्टी का कोई सामान्य कार्यकर्ता भी बीजेपी से जुड़े परिवार से होता, तो मीडिया उनके पीछे पड़ जाती। उन्होंने अखिलेश पर तंज कसते हुए सवाल किया कि आखिर यह कौन सा रिश्ता है और इस पर सवाल क्यों नहीं पूछे जाते।
अखिलेश यादव ने ओवैसी और चंद्रशेखर को लेकर क्या कहा?
इससे पहले अखिलेश यादव ने आगरा में ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद पर निशाना साधा था। उन्होंने दोनों नेताओं को चुनाव के नजदीक आने पर सक्रिय होने वाले सियासी सैलानी बताया। अखिलेश ने कहा था कि बीजेपी के हालिया चुनावों में हारने के बाद कई ऐसे नेता सामने आने लगे हैं।
उन्होंने आरोप लगाया था कि इन नेताओं का ओटीपी कहीं और से आ रहा है और वे किसी दूसरे के माइक के लाउडस्पीकर बनकर काम कर रहे हैं। अखिलेश के इस बयान को ओवैसी और चंद्रशेखर पर सीधा हमला माना गया।
सामाजिक परिवर्तन मोर्चा से बदलेगा यूपी का चुनावी गणित?
बता दें कि एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी और आजाद समाज पार्टी के प्रमुख चंद्रशेखर आजाद के बीच गठबंधन की चर्चा के साथ सामाजिक परिवर्तन मोर्चा सामने आया है। ओवैसी ने चंद्रशेखर को मुख्यमंत्री चेहरे के रूप में पेश किया है। अब देखना होगा कि यह गठबंधन आगामी विधानसभा चुनाव में कितना असर डालता है और सपा समेत दूसरे राजनीतिक दलों के सामने क्या चुनौती खड़ी करता है।

