UP Politics 2027: उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर बीजेपी ने अभी से अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी अब चुनावी रणनीति में नए मुद्दों और नए समीकरणों पर काम कर रही है। अयोध्या में राम मंदिर निर्माण के बाद बीजेपी का फोकस अब मथुरा पर दिखाई दे रहा है। मथुरा में आयोजित पार्टी के दो दिवसीय चिंतन शिविर में इसके साफ संकेत मिले हैं।
बैठक के पहले दिन प्रदेश संगठन महामंत्री धर्मपाल ने पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं के सामने अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि बीजेपी के प्रमुख मुद्दों में से उत्तर प्रदेश में अभी सिर्फ राम जन्मभूमि पर भव्य मंदिर निर्माण का काम पूरा हुआ है, जबकि बाकी मुद्दों पर अभी काम होना बाकी है। उनके इस बयान को मथुरा की कृष्ण जन्मभूमि के मुद्दे से जोड़कर देखा जा रहा है। माना जा रहा है कि बीजेपी आने वाले चुनाव में इस मुद्दे को और प्रमुखता से उठा सकती है।
केशव मौर्य ने भी दिया था मथुरा का संकेत, बोले- अब मथुरा की बारी
मथुरा को लेकर बीजेपी की सक्रियता पहले भी देखने को मिल चुकी है। प्रदेश के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य कई बार कृष्ण जन्मभूमि का मुद्दा उठा चुके हैं। उन्होंने अयोध्या में राम मंदिर निर्माण का जिक्र करते हुए कहा था कि अयोध्या तो हमारी हो गई है, अब मथुरा की बारी है। उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण के जन्मस्थान पर भी भव्य मंदिर निर्माण की बात कही थी।
इतना ही नहीं, केशव मौर्य ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर भी निशाना साधा था। उन्होंने अखिलेश यादव को कृष्ण जन्मभूमि मंदिर के लिए कारसेवा करने का न्योता तक दे दिया था। उनके इस बयान के बाद यूपी की राजनीति में एक बार फिर मथुरा का मुद्दा चर्चा में आ गया था।
अखिलेश यादव के सॉफ्ट हिंदुत्व के जवाब में बीजेपी की नई रणनीति
मथुरा का मुद्दा ऐसे समय में जोर पकड़ रहा है, जब अखिलेश यादव भी भगवान श्रीकृष्ण को लेकर लगातार बयान दे रहे हैं। पंडित धीरेंद्र शास्त्री के भगवान कृष्ण पर दिए गए बयान के बाद अखिलेश यादव ने इस मुद्दे पर बीजेपी को घेरना शुरू कर दिया था। वह भगवान श्रीकृष्ण को अपना आराध्य बताते हुए सॉफ्ट हिंदुत्व की राजनीति को धार देने की कोशिश कर रहे हैं।
बीजेपी अब अखिलेश यादव की इसी रणनीति का जवाब अपने हिंदुत्व के एजेंडे से देने की तैयारी में है। पार्टी की चिंतन बैठक में इस बात पर भी चर्चा हुई कि समाजवादी पार्टी के PDA यानी पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक समीकरण का मुकाबला किस तरह किया जाए। सूत्रों के मुताबिक, बीजेपी हिंदुत्व और विकास को आगे रखकर PDA की राजनीति को चुनौती देने की रणनीति बना रही है।
बीजेपी की चुनावी रणनीति में विकास और सुशासन भी होंगे अहम मुद्दे
चिंतन शिविर में सिर्फ हिंदुत्व और मथुरा के मुद्दे पर ही चर्चा नहीं हुई, बल्कि संगठन की मजबूती को लेकर भी कई नेताओं ने अपनी बात रखी। बैठक में कुछ नेताओं ने कार्यकर्ताओं की नाराजगी का मुद्दा उठाया। उनका कहना था कि अगर समय रहते कार्यकर्ताओं की शिकायतों और नाराजगी को दूर नहीं किया गया तो इसका असर विधानसभा चुनाव में देखने को मिल सकता है।
इस पर संगठन के स्तर पर कार्यकर्ताओं के साथ बेहतर तालमेल बनाने और उनकी समस्याओं को दूर करने पर जोर दिया गया। पार्टी के नेताओं का मानना है कि चुनाव जीतने के लिए सिर्फ बड़े मुद्दे उठाना काफी नहीं है, बल्कि बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करना भी जरूरी है।
PDA बनाम हिंदुत्व की लड़ाई में बीजेपी का नया दांव, 2027 पर नजर
बीजेपी की चिंतन बैठक में पिछले एक दशक के दौरान प्रदेश में हुए विकास कार्यों, बेहतर कानून-व्यवस्था और सुशासन को भी चुनावी मुद्दा बनाने पर चर्चा हुई। पार्टी का मानना है कि उत्तर प्रदेश में सुरक्षा व्यवस्था और विकास के क्षेत्र में हुए कामों को जनता तक पहुंचाने की जरूरत है।
बीजेपी नेताओं के मुताबिक, जमीनी स्तर पर पार्टी के लिए माहौल अनुकूल है, लेकिन इसे जीत में बदलने के लिए चुनावी रणनीति को और मजबूत करना होगा। विपक्षी दलों की ओर से बनाए जा रहे राजनीतिक नैरेटिव का जवाब भी पार्टी को मजबूती से देना होगा।
ऐसे में 2027 के विधानसभा चुनाव में बीजेपी के सामने एक तरफ अखिलेश यादव का PDA फॉर्मूला होगा, तो दूसरी तरफ पार्टी हिंदुत्व, विकास और सुशासन के सहारे अपनी चुनावी जमीन मजबूत करने की कोशिश करेगी। अयोध्या के बाद मथुरा को लेकर बढ़ती राजनीतिक हलचल ने साफ कर दिया है कि यूपी चुनाव से पहले धार्मिक और सामाजिक मुद्दों पर सियासी मुकाबला और तेज हो सकता है।

