You are currently viewing Ramoji Excellence Awards: अमित शाह ने रामोजी राव की तारीफ में पढ़े कसीदे, बोले- पत्रकारिता और फिल्म इंडस्ट्री को दिया नया मुकाम

Ramoji Excellence Awards: अमित शाह ने रामोजी राव की तारीफ में पढ़े कसीदे, बोले- पत्रकारिता और फिल्म इंडस्ट्री को दिया नया मुकाम

Ramoji Excellence Awards: आंध्र प्रदेश के विजयवाड़ा में सोमवार को रामोजी एक्सीलेंस अवार्ड्स समारोह-2026 का आयोजन हुआ। कार्यक्रम में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह मुख्य रूप से शामिल हुए। उन्होंने रामोजी राव की 90वीं जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि दी।

अमित शाह ने कहा कि रामोजी राव जैसे लोग बहुत कम होते हैं, जो अपने जीवनकाल में ही एक संस्था बन जाते हैं। उन्होंने पत्रकारिता, शिक्षा, कृषि और फिल्म निर्माण जैसे क्षेत्रों में अपनी अलग पहचान बनाई। उनका योगदान लंबे समय तक लोगों को प्रेरित करता रहेगा।

गरीबी से निकलकर खड़ा किया ईनाडु और मीडिया का बड़ा साम्राज्य

अमित शाह ने कहा कि रामोजी राव का जन्म एक गरीब किसान परिवार में हुआ था। उनके पास न कोई बड़ी विरासत थी और न ही पत्रकारिता की डिग्री। लेकिन उनके पास एक साफ सोच और कुछ बड़ा करने का मजबूत इरादा था।

उन्होंने ईनाडु अखबार की शुरुआत की और धीरे-धीरे इसे तेलुगु समाज की मजबूत आवाज बना दिया। शाह ने कहा कि रामोजी राव की देश के अलग-अलग हिस्सों और समस्याओं पर अच्छी पकड़ थी। वह अपनी बात बिना किसी झिझक के रखते थे।

ETV नेटवर्क ने क्षेत्रीय पत्रकारिता को दी नई ताकत

गृह मंत्री ने कहा कि रामोजी राव ने समय के साथ खुद को बदला और नई तकनीक को अपनाया। उन्होंने तेलुगु के अलावा कई भाषाओं में ETV नेटवर्क शुरू किया। उस समय क्षेत्रीय भाषाओं में 24 घंटे न्यूज चैनल चलाने का विचार काफी नया था।

रामोजी राव ने इस सोच को हकीकत में बदला। अमित शाह ने कहा कि वह मोबाइल पर भी टीवी चैनल उपलब्ध कराने की योजना बना रहे थे। आज उनके चैनल मोबाइल पर भी उपलब्ध हैं।

रामोजी फिल्म सिटी के बिना अधूरी है फिल्म इंडस्ट्री की कल्पना

अमित शाह ने रामोजी राव के फिल्म निर्माण में योगदान को भी याद किया। उन्होंने कहा कि रामोजी फिल्म सिटी ने फिल्म निर्माताओं के लिए एक ऐसा प्लेटफॉर्म तैयार किया, जहां शूटिंग और फिल्म निर्माण से जुड़ी कई सुविधाएं एक ही जगह मिल जाती हैं।

उन्होंने कहा कि फिल्म इंडस्ट्री के लिए रामोजी फिल्म सिटी का योगदान ऐतिहासिक है। इसने अलग-अलग भाषाओं की फिल्मों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराईं।

आर्थिक नुकसान के बाद भी निष्पक्ष पत्रकारिता पर टिके रहे

अमित शाह ने कहा कि रामोजी राव ने पत्रकारिता के मूल्यों को बनाए रखने के लिए कई चुनौतियों का सामना किया। उन्होंने आर्थिक नुकसान उठाया, लेकिन अपने समाचार संस्थानों की निष्पक्षता से समझौता नहीं किया। शाह ने कहा कि उनके लिए पत्रकारिता लोकतंत्र का चौथा स्तंभ थी।

वर्ष 2016 में रामोजी राव को पद्म विभूषण से सम्मानित किया गया था। अमित शाह ने कहा कि यह सम्मान पत्रकारिता, साहित्य, शिक्षा और तेलुगु गौरव का भी सम्मान था।

भारत की विकास दर और निर्यात को लेकर अमित शाह का दावा

समारोह में अमित शाह ने देश की आर्थिक तरक्की पर भी बात की। उन्होंने कहा कि मूडीज ने 2026-27 के लिए भारत की विकास दर का अनुमान 6.5 फीसदी से बढ़ाकर 7 फीसदी कर दिया है। साल 2025-26 में भारत ने 863 अरब डॉलर का रिकॉर्ड निर्यात किया है। अब देश का लक्ष्य एक ट्रिलियन डॉलर के निर्यात तक पहुंचना है।

उन्होंने कहा कि भारत इस्पात उत्पादन में दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा उत्पादक बन चुका है। इसके अलावा भारतनेट के तहत 2.15 लाख ग्राम पंचायतें जुड़ चुकी हैं और 98 फीसदी गांवों तक 4G कनेक्टिविटी पहुंच गई है।

आंध्र प्रदेश में बनेगा गूगल का बड़ा AI हब

अमित शाह ने विशाखापत्तनम में गूगल के 15 अरब डॉलर के AI हब को देश के लिए गर्व की बात बताया। उन्होंने कहा कि अमेरिका के बाहर गूगल का यह सबसे बड़ा AI हब होगा। यहां एक गीगावाट क्षमता वाला डेटा सेंटर और समुद्री केबल गेटवे भी विकसित किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि राज्य में सेमीकंडक्टर यूनिट की आधारशिला रखी गई है और बड़े इस्पात कारखाने भी स्थापित हो रहे हैं।

अगले 10 साल में विकसित राज्यों में सबसे आगे होगा आंध्र प्रदेश

अमित शाह ने मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू के नेतृत्व की तारीफ करते हुए कहा कि पिछले ढाई वर्षों में राज्य में 30 लाख करोड़ रुपये के निवेश को धरातल पर उतारा गया है। उन्होंने कहा कि आंध्र प्रदेश तेजी से आगे बढ़ रहा है और उन्हें भरोसा है कि अगले 10 वर्षों में यह देश का सबसे विकसित राज्य बन सकता है।

पोलवरम बांध पूरा होने से किसानों को मिलेगा फायदा

अमित शाह ने पोलवरम परियोजना को आंध्र प्रदेश के लिए महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि बांध का काम पूरा होने और राज्य के अलग-अलग हिस्सों तक पानी पहुंचने से किसानों को सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी मिलेगा। इससे खेती से जुड़ी समस्याओं को दूर करने में मदद मिलेगी। उन्होंने इस परियोजना को समयबद्ध तरीके से पूरा करने पर जोर दिया।

Spread the love

Leave a Reply