PM Modi Lucknow Visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार, 21 नवंबर 2026 को उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ पहुंचेंगे। यहां वह गोमतीनगर स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित पांचवें राष्ट्रीय कौशल दीक्षांत समारोह में हिस्सा लेंगे। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी मौजूद रहेंगे। समारोह शाम 5:30 बजे शुरू होगा, जहां प्रधानमंत्री देशभर से चुने गए हुनरमंद युवाओं को सम्मानित करेंगे।
इस बार का आयोजन कई मायनों में खास है, क्योंकि पहली बार राष्ट्रीय कौशल दीक्षांत समारोह दिल्ली से बाहर आयोजित किया जा रहा है। इससे पहले साल 2022 से 2025 तक लगातार चार वर्षों तक यह कार्यक्रम दिल्ली के विज्ञान भवन में हुआ था। इस बार इसकी मेजबानी उत्तर प्रदेश को मिली है। भारत सरकार के कौशल विकास एवं उद्यमशीलता मंत्रालय के अधीन प्रशिक्षण महानिदेशालय (DGT) इस कार्यक्रम का आयोजन कर रहा है।
पीएम मोदी 52 राष्ट्रीय टॉपर्स को करेंगे सम्मानित
‘कौशल भारत, कुशल भारत’ की पहल के तहत आयोजित इस समारोह में कुल 52 प्रशिक्षार्थियों को सम्मान मिलेगा। इन युवाओं ने वर्ष 2026 की अखिल भारतीय ट्रेड परीक्षा में अपने-अपने ट्रेड और श्रेणी में देशभर में पहला स्थान हासिल किया है।
सम्मान पाने वालों में अखिल भारतीय शिल्पकार प्रशिक्षण योजना (CTS) के 37 और शिल्पकार अनुदेशक प्रशिक्षण योजना (CITS) के 15 प्रशिक्षार्थी शामिल हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इन सभी मेधावियों को सम्मानित करेंगे। इस आयोजन का मकसद कौशल प्रशिक्षण और व्यावसायिक शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन करने वाले युवाओं को पहचान देना और दूसरे युवाओं को भी हुनर सीखने के लिए प्रेरित करना है।
यूपी के छह युवाओं ने राष्ट्रीय कौशल परीक्षा में मारी बाजी
इस बार राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान पाने वाले 52 टॉपर्स में उत्तर प्रदेश के छह युवाओं ने भी अपनी जगह बनाई है। इन सभी ने अपनी मेहनत और हुनर के दम पर देशभर में पहला स्थान हासिल किया है। यूपी के इन छह प्रशिक्षार्थियों के नाम इस प्रकार हैं।
| प्रशिक्षार्थी का नाम | संस्थान/जिला | ट्रेड |
|---|---|---|
| नीतेश चौरसिया | ITC, देवरिया | फिटर |
| काजल महावर | प्रो. केके यादव ITC, फैजाबाद | पेंटर |
| अब्दुल मोबीन | राजकीय ITI, अलीगंज, लखनऊ | मैकेनिक डीजल |
| शाहबाज खान | राजकीय ITI, अलीगंज, लखनऊ | इलेक्ट्रॉनिक्स मैकेनिक |
| प्राची विश्वकर्मा | राजकीय ITOT, अलीगंज, लखनऊ | ड्रेस मेकिंग |
| प्रतिभा | राजकीय ITOT, अलीगंज, लखनऊ | इलेक्ट्रीशियन |
लखनऊ के अलीगंज ITI के चार प्रशिक्षार्थियों ने बढ़ाया मान
उत्तर प्रदेश की इस उपलब्धि में लखनऊ के अलीगंज स्थित प्रशिक्षण संस्थानों का भी बड़ा योगदान है। यहां के चार प्रशिक्षार्थियों ने राष्ट्रीय स्तर पर पहला स्थान हासिल किया है। इनमें अब्दुल मोबीन राजकीय ITI अलीगंज से हैं, जबकि शाहबाज खान, प्राची विश्वकर्मा और प्रतिभा प्रादेशिक स्टाफ प्रशिक्षण एवं शोध केंद्र (ITOT), अलीगंज से जुड़े हैं।
इन युवाओं के परीक्षा परिणाम भी काफी शानदार रहे हैं। शाहबाज खान और प्रतिभा ने 750 में से 745 अंक हासिल किए हैं। वहीं, प्राची विश्वकर्मा ने भी 750 में से 745 अंक प्राप्त किए हैं। दूसरी तरफ अब्दुल मोबीन ने मैकेनिक डीजल ट्रेड में 600 में से 599 अंक हासिल कर देशभर में पहला स्थान पाया है।
कौशल विकास के क्षेत्र में यूपी के युवाओं की बड़ी उपलब्धि
लखनऊ में होने वाला यह समारोह उत्तर प्रदेश के लिए गर्व का मौका है। एक तरफ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मौजूदगी में देशभर के प्रतिभाशाली युवाओं को सम्मान मिलेगा, तो दूसरी तरफ यूपी के छह युवा राष्ट्रीय मंच पर प्रदेश का नाम रोशन करेंगे। खासतौर पर अलीगंज के प्रशिक्षण संस्थानों के चार प्रशिक्षार्थियों की सफलता से यह साफ है कि तकनीकी और व्यावसायिक शिक्षा के क्षेत्र में भी प्रदेश के युवा लगातार बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं।

