Lucknow Traffic News: राजधानी लखनऊ में 21 नवंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पांचवें कौशल दीक्षांत समारोह-2026 में शामिल होने पहुंचेंगे। इस कार्यक्रम का आयोजन गोमतीनगर स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में किया जाएगा, जहां पीएम मोदी मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे। शाम को होने वाले इस कार्यक्रम की अवधि करीब डेढ़ घंटे होगी।
प्रधानमंत्री के स्वागत को लेकर अमौसी एयरपोर्ट से इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान तक पूरे रास्ते को खास तरीके से सजाया जा रहा है। सड़क के किनारे रंग-बिरंगी लाइटें लगाई गई हैं। दीवारों पर आकर्षक चित्र बनाए गए हैं और आसपास के इलाकों में हरियाली को भी खास रूप दिया गया है। रास्ते में पड़ने वाली निर्माणाधीन इमारतों को ग्रीन शीट से ढक दिया गया है, ताकि शहर की खूबसूरती बनी रहे।
लखनऊ ट्रैफिक डायवर्जन: दोपहर 12 से रात 10 बजे तक लागू रहेंगी पाबंदियां
पीएम मोदी के दौरे को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर खास तैयारी की है। 21 नवंबर को दोपहर 12 बजे से रात 10 बजे तक जरूरत के हिसाब से कई प्रमुख मार्गों पर ट्रैफिक डायवर्जन लागू रहेगा। इस दौरान छोटे वाहनों के साथ बसों, भारी वाहनों और व्यावसायिक वाहनों के रास्तों में भी बदलाव किया गया है।
डीसीपी ट्रैफिक अनिल यादव ने बताया कि लोगों को परेशानी से बचाने के लिए वैकल्पिक रास्ते तय किए गए हैं। किसी भी तरह की जानकारी या समस्या होने पर ट्रैफिक कंट्रोल नंबर 9454405155 पर संपर्क किया जा सकता है।
इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान के आसपास इन रास्तों पर रहेगी रोक
इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान के आसपास कई रास्तों पर वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी। डिगडिगा यानी लोहिया पार्क चौराहे से आने वाले वाहन गोमतीनगर के नए ओवरब्रिज पर नहीं जा सकेंगे। लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान के निर्माण निगम कार्यालय तिराहे से प्रतिष्ठान की तरफ जाने पर भी रोक रहेगी।
इसी तरह पिकप ओवरब्रिज के ऊपर दोराहे, कठौता चौराहे से विजयीपुर अंडरपास, बैंक ऑफ इंडिया तिराहे और न्यू हाईकोर्ट मोड़ से प्रतिष्ठान चौराहे तक आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। समिट बिल्डिंग तिराहे से विजयीपुर शहीद पथ अंडरपास के बीच सर्विस रोड भी बंद रहेगी।
इन रास्तों के बजाय वाहन पिकप तिराहा, पॉलिटेक्निक चौराहा, पुलिस इन्क्लेव और गोमतीनगर रेलवे स्टेशन की तरफ से जा सकेंगे। लोहिया अस्पताल जाने वाले वाहन पिकप ढाल से उतरकर अस्पताल से पहले तिराहे से बाएं मुड़कर गेट नंबर एक से प्रवेश कर सकेंगे। कठौता झील से चिनहट तिराहा, हनीमैन और हुसेड़िया चौराहे का इस्तेमाल भी वैकल्पिक रास्तों के रूप में किया जाएगा।
कमता और पॉलिटेक्निक चौराहे पर भी बदलेगा ट्रैफिक रूट
कमता शहीद पथ तिराहे से विराज टावर होते हुए विजयीपुर अंडरपास तक सर्विस रोड पर वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी। कमता शहीद पथ तिराहे से शहीद पथ पर जाने की भी अनुमति नहीं होगी। इसके अलावा पॉलिटेक्निक से लोहिया पथ होकर हजरतगंज जाने वाले वाहन भी इस दौरान नहीं निकल सकेंगे।
अयोध्या और बाराबंकी की तरफ से आने वाली बसों, व्यावसायिक और बड़े वाहनों को इंदिरा नहर पुल से कमता की ओर जाने की अनुमति नहीं होगी। ऐसे वाहन पॉलिटेक्निक, चिनहट या कठौता के रास्ते जा सकेंगे। हजरतगंज जाने के लिए भूतनाथ, बादशाहनगर और निशातगंज का रास्ता इस्तेमाल किया जा सकेगा।
शहीद पथ के कई कट बंद, इन रास्तों से निकलेंगे वाहन
प्रधानमंत्री के दौरे के दौरान शहीद पथ पर भी कई जगहों से वाहनों की एंट्री बंद रहेगी। अय्यपा अंडरपास, हुसेड़िया अंडरपास, मलेशेमऊ अंडरपास और सीएमएस गोमतीनगर विस्तार तिराहे से शहीद पथ पर वाहन नहीं जा सकेंगे।
इसके अलावा नीलमथा अंडरपास, जीडी गोयनका, लुलु मॉल, मेदांता अंडरपास और अंसल की तरफ से भी शहीद पथ पर जाने पर रोक रहेगी। पुलिस मुख्यालय तिराहे से जी-20 तिराहे, बिजनौर थाना चौराहे और तेलीबाग से शहीद पथ की तरफ जाने वाले वाहनों को भी दूसरे रास्तों से भेजा जाएगा।
वैकल्पिक रास्तों में हुसेड़िया अंडरपास, हनीमैन चौराहा, ग्वारी चौराहा, दयाल पैराडाइज, डीपीएस कट, पिपराघाट और जनेश्वर मिश्र पार्क शामिल हैं। इकाना और प्लासियो अंडरपास से भी निर्धारित वाहनों को निकाला जाएगा।
कानपुर रोड से आने वाले भारी वाहनों को किसान पथ से जाना होगा
कानपुर और उन्नाव की तरफ से आने वाली बसों, व्यावसायिक वाहनों और भारी वाहनों को शहीद पथ पर जाने की अनुमति नहीं होगी। अमौसी वीआईपी मोड़ से लक्ष्मण चौक और न्यू गड़ौरा ओवरब्रिज होते हुए शहीद पथ जाने पर भी रोक रहेगी।
स्कूटर इंडिया चौराहा, नादरगंज तिराहा, जगुआर कट और आरटीओ मोड़ से भी भारी वाहनों की एंट्री बंद रहेगी। इन वाहनों को दरोगाखेड़ा किसान पथ अंडरपास से किसान पथ की तरफ भेजा जाएगा। कुछ वाहन बाराबिरवा, पुरानी चुंगी और पिकडिली के रास्ते भी निकल सकेंगे।
अहिमामऊ और पीजीआई इलाके में भी रहेगा ट्रैफिक डायवर्जन
सुल्तानपुर रोड और पूर्वांचल एक्सप्रेसवे की तरफ से आने वाले वाहनों को कबीरपुर किसान पथ अंडरपास से अहिमामऊ अंडरपास की ओर जाने की अनुमति नहीं होगी। खुर्दही बाजार और एचसीएल तिराहे से भी शहीद पथ की तरफ जाने पर रोक रहेगी।
वहीं, रायबरेली रोड से हरीकंशगढ़ी किसान पथ अंडरपास होकर पीजीआई तिराहे और उतरेठिया अंडरपास की तरफ जाने वाले बसों, भारी और व्यावसायिक वाहनों को भी रोका जाएगा। पासी किला चौराहे से शहीद पथ पर जाने की अनुमति नहीं होगी।
इन वाहनों के लिए किसान पथ, अमूल पराग डेयरी कट, अंसल, सीएमएस कट और पाकेट नंबर छह के रास्ते तय किए गए हैं। कुछ वाहन पावर हाउस चौराहा और सरपोर्टगंज तिराहे से भी निकल सकेंगे।
लखनऊ के लोगों के लिए जरूरी सलाह: 21 नवंबर को अगर आप घर से बाहर निकलने वाले हैं तो पहले अपना रास्ता जरूर देख लें। खासकर एयरपोर्ट, गोमतीनगर, शहीद पथ, कमता, अहिमामऊ और पीजीआई की तरफ जाने वाले लोग अतिरिक्त समय लेकर निकलें, ताकि ट्रैफिक डायवर्जन के कारण परेशानी न हो।

