UP Election 2027: उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर अभी से राजनीतिक दलों ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इस बीच भाजपा और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के गठबंधन में सीटों के बंटवारे को लेकर नई चर्चा शुरू हो गई है। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने दावा किया है कि सुभासपा आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा से 36 सीटों की मांग कर रही है। उनके इस बयान के बाद यूपी की राजनीति में हलचल मच गई है।
अखिलेश यादव ने सिर्फ दावा ही नहीं किया, बल्कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर उन 36 विधानसभा सीटों की एक सूची भी साझा की है, जिन्हें उन्होंने सुभासपा की मांग बताया है। सपा अध्यक्ष ने इस मुद्दे को लेकर भाजपा और उसके सहयोगी दलों पर निशाना साधा है। हालांकि, इस सूची की सच्चाई को लेकर अब दोनों पक्षों के बीच बयानबाजी शुरू हो गई है।
अखिलेश यादव का भाजपा पर तंज, बोले- गठबंधन में हो गया छत्तीस का आंकड़ा
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने अपने एक्स पोस्ट में भाजपा और सुभासपा के रिश्तों पर तंज कसते हुए कहा कि दोनों दलों के बीच अब छत्तीस का आंकड़ा हो गया है। इसी वजह से सुभासपा भाजपा से 36 सीटें मांग रही है। उन्होंने इस सूची को लेकर दावा किया कि यह सिर्फ सीटों की मांग नहीं, बल्कि चुनाव से पहले एनडीए से बाहर निकलने का बहाना भी हो सकता है।
अखिलेश यादव ने आगे कहा कि अगर भाजपा सुभासपा को 36 सीटें देने के लिए तैयार होती है तो एनडीए में शामिल दूसरे सहयोगी दल और उनकी बी-टीम भी इसी आधार पर सीटों की मांग करने लगेंगे। ऐसे में भाजपा के सामने अपने उम्मीदवार उतारने के लिए सीटों का संकट खड़ा हो सकता है। उन्होंने भाजपा की 209 प्रत्याशियों वाली सूची का जिक्र करते हुए भी गठबंधन की स्थिति पर सवाल उठाए।
23 जिलों की 36 विधानसभा सीटों के नाम आए सामने
अखिलेश यादव की ओर से साझा की गई सूची में पूर्वांचल और मध्य उत्तर प्रदेश के कुल 23 जिलों की 36 विधानसभा सीटों के नाम शामिल हैं। इनमें गाजीपुर की जहूराबाद और जखनियां, जौनपुर की जफराबाद और केराकत, आजमगढ़ की अतरौलिया और दीदारगंज तथा मऊ की मऊ सदर और घोसी सीट शामिल हैं।
इसके अलावा बलिया की बैरिया और सिकंदरपुर या फेफना, अंबेडकरनगर की अकबरपुर और जलालपुर, गोंडा की मनकापुर और गोंडा सीट का भी जिक्र है। सिद्धार्थनगर की शोहरतगढ़ और इटवा, बस्ती की महादेवा और रुधौली, संतकबीरनगर की धनघटा और मेंहदावल तथा महाराजगंज की नौतनवा और पनियरा सीटें भी इस सूची में शामिल बताई गई हैं।
सुभासपा ने अखिलेश यादव के दावे को बताया फर्जी
अखिलेश यादव के इस दावे पर सुभासपा ने तुरंत प्रतिक्रिया दी है। पार्टी के राष्ट्रीय प्रमुख महासचिव अरविंद राजभर ने सूची को फर्जी बताते हुए कहा कि सुभासपा की ओर से भाजपा के सामने ऐसी कोई सूची नहीं रखी गई है। उन्होंने अखिलेश यादव के दावे को गलत करार दिया है।
सूची में गोरखपुर की चौरीचौरा, कुशीनगर की खड्डा और रामकोला, देवरिया की सलेमपुर और रुद्रपुर के साथ हरदोई, सीतापुर, लखीमपुर, मिर्जापुर और शाहजहांपुर की सीटों के नाम भी शामिल हैं।
यूपी में भाजपा-सुभासपा गठबंधन का आगे क्या होगा?
फिलहाल सुभासपा ने 36 सीटों की मांग से इनकार कर दिया है, लेकिन अखिलेश यादव के बयान ने भाजपा और उसके सहयोगी दलों के बीच सीटों के बंटवारे को लेकर राजनीतिक बहस जरूर छेड़ दी है। अब सबकी नजर इस बात पर रहेगी कि भाजपा और सुभासपा के बीच 2027 के चुनाव को लेकर सीटों का समझौता किस तरह होता है। क्या दोनों दलों का गठबंधन पहले की तरह मजबूत रहेगा या चुनाव नजदीक आते-आते सीटों को लेकर कोई नया राजनीतिक समीकरण देखने को मिलेगा? यह आने वाले समय में साफ होगा।

